पंचायतों के कार्यकाल विस्तार के फैसले का ग्राम प्रधानों ने किया स्वागत
“विकास कार्यों को मिलेगी निरंतर गति” — अनारकली देवी, प्रतिनिधि तीरथ सोनकर
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों का कार्यकाल एक वर्ष बढ़ाए जाने और वर्तमान ग्राम प्रधानों को पंचायत प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपे जाने के फैसले का जिले में ग्राम प्रधानों और पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा स्वागत किया जा रहा है।
विकासखंड नौगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत शिवनगर की ग्राम प्रधान अनारकली देवी एवं प्रतिनिधि तीरथ सोनकर ने प्रदेश सरकार के इस निर्णय को ग्रामीण विकास और पंचायत व्यवस्था को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों को अब निरंतर गति मिलेगी और अधूरे कार्यों को समय से पूरा करने में मदद मिलेगी।
प्रधान प्रतिनिधि तीरथ सोनकर ने कहा कि गांवों में सड़क, नाली, आवास, पेयजल, सामुदायिक विकास और जनकल्याण से जुड़े कई कार्य लगातार संचालित हो रहे हैं। ऐसे में पंचायतों के कार्यकाल विस्तार से योजनाओं के क्रियान्वयन में स्थिरता बनी रहेगी तथा ग्रामीण जनता को सीधा लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों पर विश्वास जताकर सरकार ने गांव, गरीब, किसान और पंचायत व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई दिशा देने वाला साबित होगा।
ग्राम प्रधान अनारकली देवी ने भी प्रदेश सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर चल रहे निर्माण कार्यों और जनहित योजनाओं को अब और गति मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी।
हालांकि पंचायत व्यवस्था को लेकर विभिन्न स्तरों पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, लेकिन क्षेत्र के कई पंचायत प्रतिनिधियों ने इसे जनहित और विकासोन्मुख निर्णय बताया है।
FT NEWS DIGITAL
सच और… कुछ नहीं
Views: 117

