फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
कम उम्र में बुझ गया घर का इकलौता चिराग, सड़क हादसे ने उजाड़ दिया पूरा परिवार

“जिस बेटे के सहारे बूढ़े मां-बाप जी रहे थे, सड़क हादसे ने उसी को छीन लिया”

सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की जिंदगी को गहरे अंधेरे में धकेल दिया। सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के वार्ड नंबर-5, मोहल्ला डॉक्टर हेडगेवार नगर साड़ी निवासी संतोष कुमार गुप्ता (लगभग 20 वर्ष) पुत्र राम रक्षा गुप्ता की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे नगर क्षेत्र में शोक का माहौल देखा गया।मिली जानकारी के अनुसार, घटना उस्का थाना क्षेत्र के ग्राम फुलवरिया कला के बाहर मेन रोड पर हुई। बताया जा रहा है कि संतोष कुमार गुप्ता अपनी रिश्तेदारी से वापस सिद्धार्थनगर मुख्यालय नौगढ़ स्थित अपने घर लौट रहे थे। वह अपनी दोपहिया वाहन से नौगढ़ की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे एक अज्ञात पिकअप वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर सुहास चौकी क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि चौकी इंचार्ज एवं पुलिस कर्मियों ने तत्काल घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर भेजवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी हालत गंभीर बनी रही। बाद में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक संतोष बेहद साधारण परिवार से था और मेहनत-मजदूरी कर अपने बूढ़े माता-पिता का सहारा बना हुआ था। बताया जा रहा है कि परिवार की जिम्मेदारियों का बड़ा हिस्सा उसी के कंधों पर था। उसकी एक बहन भी है जिसकी शादी अभी बाकी बताई जा रही है। वहीं करीब एक वर्ष पहले ही उसकी शादी हुई थी और स्थानीय लोगों के मुताबिक उसकी पत्नी गर्भवती बताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।कम उम्र में बेटे की मौत से बूढ़े माता-पिता बदहवास हैं। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है। नगर क्षेत्र के लोग भी इस हादसे को लेकर गहरी संवेदना जता रहे हैं।फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Views: 212

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।