भैंस नहलाने गया घर का सबसे छोटा बेटा… पोखरे ने निगल ली 19 वर्षीय आकाश की जिंदगी
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु नगर पंचायत क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। परिवार का सबसे छोटा बेटा, 19 वर्षीय आकाश भारती, रोज की तरह भैंस नहलाने पोखरे पर गया था, लेकिन किसी को क्या पता था कि वह फिर कभी घर वापस नहीं लौटेगा।
मृतक आकाश भारती पुत्र मिट्ठू भारती, थाना मुहाना क्षेत्र के शिव बोधन चौकी अंतर्गत नगर पंचायत कपिलवस्तु के सहजनवा बडरपुर वार्ड का निवासी था। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11 बजे वह अपनी भैंस को नहलाने पोखरे में गया था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह गहरे पानी में चला गया।
मौके पर मौजूद दो महिलाओं ने युवक को डूबते देखा तो चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े, लेकिन तब तक आकाश पानी में समा चुका था। गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में गोताखोरों को बुलाया गया और करीब एक घंटे तक चली मशक्कत के बाद युवक को पोखरे से बाहर निकाला गया।
ग्रामीणों को आखिरी उम्मीद थी कि शायद आकाश की सांसें चल रही हों। उसे तुरंत माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के मुंह से मौत की खबर सुनते ही परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-बाप बेसुध हो गए और पूरे घर में चीख-पुकार गूंज उठी।
बताया जा रहा है कि आकाश अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था और बेहद शांत स्वभाव का युवक माना जाता था। उसकी असमय मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोगों की आंखें नम हैं और हर कोई इस दर्दनाक हादसे को लेकर स्तब्ध नजर आ रहा है।
घटना की सूचना पर कपिलवस्तु नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रतिनिधि जावेद आलम उर्फ चुन्नी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।
फिलहाल पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
Views: 181

