फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
शादी की खुशियां मातम में बदलीं: नदी में डूबने से 9 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा सन्नाटा

सिद्धार्थनगर जनपद के थाना गोल्हौरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेलैरा घाट में शादी की खुशियां उस समय चीख-पुकार और मातम में बदल गईं, जब वैवाहिक रस्मों के दौरान एक 9 वर्षीय मासूम नदी के गहरे पानी में समा गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक की पहचान शिवरतन निषाद (9 वर्ष) पुत्र रामू निषाद निवासी ग्राम तेलैरा घाट थाना गोल्हौरा जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में एक दिन पूर्व विवाह समारोह सम्पन्न हुआ था। शुक्रवार सुबह पारंपरिक रीति-रिवाज के तहत महिलाएं बुढ़ीरापती नदी पर तोरण-शेरवानी और पूजा-अर्चना की रस्म निभाने पहुंची थीं।

बताया जाता है कि पूजा के बाद महिलाएं परंपरा के अनुसार नदी की मिट्टी एक-दूसरे को लगा रही थीं। इसी दौरान मासूम शिवरतन भी वहां मौजूद था। कुछ देर बाद महिलाएं स्नान के लिए नदी के एक किनारे चली गईं, जबकि बच्चे दूसरी ओर खेल रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी बीच शिवरतन नहाने के लिए पानी में उतरा और अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया।

घटना के समय वहां मौजूद छोटे बच्चों ने उसे डूबते देखा, लेकिन वे घबरा गए और किसी को तत्काल सही ढंग से जानकारी नहीं दे सके। जब लोग रस्म पूरी कर घर लौटने लगे और शिवरतन दिखाई नहीं पड़ा, तब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में बच्चों ने बताया कि वह नदी में गया था और वापस नहीं लौटा।

इसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने नदी में उतरकर खोजबीन शुरू की। करीब साढ़े 11 बजे काफी प्रयासों के बाद मासूम का शव नदी से बरामद किया गया। शव बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और परिजनों में कोहराम मच गया।

ग्रामीणों के अनुसार शिवरतन अपने भाइयों में सबसे छोटा था। उसका पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में प्रदेश से बाहर रहकर मजदूरी करता है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में जहां एक ओर शादी की खुशियां थीं, वहीं कुछ ही घंटों में पूरा माहौल गमगीन हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे हुआ था, जबकि लगभग 11:30 बजे मासूम का शव नदी से निकाला जा सका। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।

पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।