फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
सांसद कार्यालय पर हुआ डिजिटल जनगणना जागरूकता कार्यक्रम

सिद्धार्थनगर। देश की 16वीं जनगणना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होने जा रही जनगणना को लेकर सिद्धार्थनगर में जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल के सिद्धार्थनगर मुख्यालय स्थित आवास एवं कार्यालय पर स्वयं जनगणना जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

Screenshot 20260507 084747

कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सदर कल्याण सिंह मौर्य, जिला जनगणना अधिकारी नागेंद्र यादव तथा नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अधिशासी अधिकारी अजय कुमार सिंह की मौजूदगी में सांसद जगदंबिका पाल ने अपने परिवार का पूरा विवरण डिजिटल माध्यम से दर्ज कराया तथा जनगणना आईडी प्राप्त की।

इस अवसर पर सांसद ने कहा कि कोविड महामारी के बाद लगभग 15 वर्षों के अंतराल पर देश में जनगणना प्रक्रिया प्रारंभ हो रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग स्वयं अपने मोबाइल फोन के माध्यम से पंजीकरण कर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि यह देश की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना होगी और आगामी चरणों में जातिगत आंकड़ों का भी समावेश किया जाएगा।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि भारत की 16वीं जनगणना का पहला चरण 1 अप्रैल 2026 से शुरू होकर सितंबर 2026 तक चलेगा। यह प्रक्रिया दो चरणों—हाउस लिस्टिंग एवं जनगणना—में संपन्न होगी। डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से आंकड़ों का संग्रहण अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से किया जाएगा।

कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जाहिर सिद्दीकी, सभासद अखंड प्रताप सिंह, रिंकू पाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।