हनुमान मंदिर से गूंजा स्वच्छता का संदेश, झाड़ू लेकर मैदान में उतरे सांसद व भाजपा कार्यकर्ता
“झाड़ू हाथ में, स्वच्छता का संकल्प साथ में; हनुमान मंदिर से भाजपा का बड़ा संदेश”
सिद्धार्थनगर, 06 जून।भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत शनिवार को नगर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में विशेष सफाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद जगदंबिका पाल, जिला प्रभारी हरिचरण कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या तथा नगरपालिका अध्यक्ष गोविंद माधव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वयं झाड़ू लगाकर मंदिर परिसर की साफ-सफाई की, कूड़ा एकत्रित किया तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान के माध्यम से समाज को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ और विकसित भारत का निर्माण संभव है तथा धार्मिक स्थलों की स्वच्छता समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करती है। उन्होंने सफाई कर्मियों को अंगवस्त्र भेंट कर उनके योगदान का सम्मान भी किया।

जिला प्रभारी हरिचरण कुशवाहा ने कहा कि स्वच्छ वातावरण बेहतर स्वास्थ्य के साथ-साथ नगर की पहचान और सुंदरता को भी सुदृढ़ करता है। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कार्यकर्ताओं से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा नियमित रूप से ऐसे अभियानों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महामंत्री फतेह बहादुर सिंह, फूलचंद, घनश्याम मिश्रा, रमेश मणि, अरविंद पांडेय, हनुमंत सिंह, राजाराम, जहीर, बलवंत सिंह, राजेश जायसवाल सहित भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, नगर के गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम ने प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान के प्रति जनसमर्थन और सामाजिक सहभागिता का सशक्त संदेश दिया।

