संसद में गूंजा डुमरियागंज का नाम, सांसद जगदंबिका पाल को मिलेगा “संसद रत्न” सम्मान नई दिल्ली/सिद्धार्थनगर।
संसद में गूंजा डुमरियागंज का नाम, सांसद जगदंबिका पाल को मिलेगा “संसद रत्न” सम्मान
नई दिल्ली/सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र के लिए गर्व की खबर सामने आई है। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल को इस वर्ष के प्रतिष्ठित “संसद रत्न पुरस्कार” के लिए चयनित किया गया है। संसद में सक्रिय भागीदारी, जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने और बेहतर संसदीय प्रदर्शन को लेकर उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार देशभर से कुल 12 सांसदों और चार संसदीय समितियों का चयन इस सम्मान के लिए किया गया है। यह चयन निजी संस्था प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन द्वारा किया गया है, जो संसद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करती है।
सांसद जगदंबिका पाल के साथ राजस्थान के पीपी चौधरी, झारखंड के निशिकांत दुबे और महाराष्ट्र के श्रीकांत शिंदे समेत कई सांसदों को भी इस सम्मान के लिए चुना गया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संसद में लगातार सक्रिय उपस्थिति और क्षेत्रीय मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का लाभ सांसद जगदंबिका पाल को मिला है। वहीं यह खबर सामने आने के बाद समर्थकों और क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल देखा जा रहा है।
हालांकि पुरस्कार समारोह की विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन डुमरियागंज क्षेत्र के लिए इसे एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

