किसानों की आय बढ़ाने का संकल्प, प्राकृतिक खेती को मिला बढ़ावा

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित किसान गोष्ठी में कृषि नवाचार, प्राकृतिक खेती और उत्पादकता वृद्धि पर मंथन

सिद्धार्थनगर, 18 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी-2026, त्वरित मक्का गोष्ठी एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला का शुभारंभ सांसद जगदंबिका पाल, विधायक जय प्रताप सिंह, विधायक विनय वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन तथा मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में किसानों की आय वृद्धि, प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि प्राकृतिक खेती से भूमि की उर्वरा शक्ति संरक्षित रहेगी और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति अपनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
विधायक जय प्रताप सिंह ने कहा कि नई तकनीक, मृदा परीक्षण, नैनो उर्वरक और फसल विविधीकरण के माध्यम से कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। विधायक विनय वर्मा ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जुड़ने की सलाह दी।
कार्यक्रम में प्राकृतिक एवं जैविक खेती करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, नवजात बच्चों का अन्नप्राशन तथा टीबी मरीजों को पोषण पोटली भी वितरित की गई।

मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित किसानों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

प्राकृतिक खेती पर विशेष जोर
किसानों की आय बढ़ाने पर मंथन
वैज्ञानिक खेती और गुणवत्तापूर्ण बीज पर चर्चा
प्रदर्शनी, गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित
किसानों को योजनाओं की दी गई जानकारी

