ड्यूटी से घर लौट रहे युवा स्वास्थ्यकर्मी की संदिग्ध मौत, नहर में शव के ऊपर मिली बाइक, सड़क किनारे पड़ा था मोबाइल
सिद्धार्थनगर में सनसनी, रविवार सुबह ग्रामीणों ने देखा दर्दनाक मंजर

सिद्धार्थनगर। जिले में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब नौगढ़ माइनर नहर में एक युवा स्वास्थ्यकर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान प्रभु नाथ गौतम (लगभग 26 वर्ष) पुत्र जय राम गौतम, निवासी दधुसरी खुर्द थाना चिल्हिया के रूप में हुई है, जो माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज में मल्टी परपज हेल्थ वर्कर के पद पर कार्यरत थे।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे प्रभु नाथ मेडिकल कॉलेज से ड्यूटी समाप्त कर अपने घर के लिए निकले थे। देर रात के बाद क्या हुआ, यह अब भी रहस्य बना हुआ है। रविवार सुबह ग्राम कपिया के पास थाना सदर और थाना चिल्हिया क्षेत्र की सीमा पर ग्रामीणों ने नहर में शव देखा तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक का शव नहर के पानी में पड़ा था और उसी के ऊपर उसकी मोटरसाइकिल भी गिरी हुई दिखाई दी। वहीं मोबाइल फोन नहर किनारे सड़क पर पड़ा मिला। घटनास्थल की स्थिति को देखकर लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक के चेहरे के दोनों तरफ चोट जैसे निशान भी दिखाई दे रहे थे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और न ही पुलिस द्वारा किसी प्रकार का बयान जारी किया गया है।

सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस जांच जारी थी।

बताया जा रहा है कि मृतक अविवाहित था और परिवार की बड़ी उम्मीद माना जाता था। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मेडिकल कॉलेज से जुड़े कर्मचारी और क्षेत्रीय लोग भी घटना से स्तब्ध बताए जा रहे हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला सड़क हादसे का है या किसी अन्य परिस्थिति का। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों से पर्दा उठ सकेगा।
शनिवार रात ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे युवक
रविवार सुबह नहर में मिला शव
शव के ऊपर पड़ी थी बाइक
सड़क किनारे मिला मोबाइल फोन
चेहरे पर चोट जैसे निशान की चर्चा
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अविवाहित था मृतक, परिवार में मचा कोहराम

