फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
शादी की खुशियां मातम में बदलीं

डांस के दौरान विवाद के बाद तेज रफ्तार वाहन भीड़ में घुसने का आरोप, दो लोगों की मौत से गांव में पसरा मातम


 सिद्धार्थनगर | मोहम्मद मुस्लिम | FT News Digital


सिद्धार्थनगर जनपद के थाना मोहाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खलीलपुर टोला रेहरवा में एक शादी समारोह उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब बारात के दौरान हुए विवाद के बाद तेज रफ्तार चार पहिया वाहन के भीड़ की तरफ बढ़ने की बात सामने आई। घटना में दो लोगों की मौत होने से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार गांव निवासी ओमप्रकाश उर्फ कललान की पुत्री की शादी समारोह में बांसी थाना क्षेत्र के ग्राम कुदरहा से बारात आई थी। द्वार पूजा कार्यक्रम के दौरान बारात पक्ष के कुछ युवकों के बीच डांस को लेकर विवाद होने की चर्चा है। इसी बीच प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार एक युवक द्वारा कथित रूप से चार पहिया वाहन तेजी से भीड़ की ओर ले जाने की बात कही जा रही है।

घटना में गांव निवासी राधेश्याम प्रजापति (42 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बांसी क्षेत्र निवासी दिलीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि घटना में अन्य कुछ लोग घायल हुए हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना के बाद शादी का माहौल पूरी तरह गम में बदल गया और पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। दोनों मृतकों के शवों को पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

हालांकि, FT News Digital वायरल दावों और स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता। घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

शादी की खुशियों के बीच पसरा मातम…

 एक विवाद ने छीन ली दो जिंदगियां…


📰 FT News Digital

सच और… कुछ नहीं

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।