उत्तर प्रदेश पशु चिकित्सा संघ की नई कार्यकारिणी का गठन
सिद्धार्थनगर में सर्वसम्मति से चुने गए पदाधिकारी, पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाने पर जोर
सिद्धार्थनगर।
उत्तर प्रदेश पशु चिकित्सा संघ, जिला इकाई सिद्धार्थनगर की जनपद कार्यकारिणी के गठन को लेकर विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक एवं चुनाव प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम में जिले के पशु चिकित्सा विभाग से जुड़े अधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
यह चुनाव प्रक्रिया मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सिद्धार्थनगर डॉ. गणेश प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न कराई गई। बैठक में सभी सदस्यों की सहमति और सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
नवगठित कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद पर डॉ. जे.एल. चौधरी (पशु चिकित्सा अधिकारी, गौर डीह) को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं उपाध्यक्ष पद पर डॉ. राकेश कुमार चौधरी (पशु चिकित्सा अधिकारी, मिठवल) निर्वाचित हुए। महामंत्री पद पर लगातार दूसरी बार डॉ. महेंद्र तिवारी (पशु चिकित्सा अधिकारी, परसा हुसैन) को निर्विरोध चुना गया।
इसके अलावा संयुक्त मंत्री पद पर डॉ. प्रदीप कुमार (पशु चिकित्सा अधिकारी, देवरा बाजार), कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. देवेंद्र गौतम (पशु चिकित्सा अधिकारी, बैरवा नानकार) तथा केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य के रूप में डॉ. उपेंद्र शर्मा (पशु चिकित्सा अधिकारी, भनवापुर) और डॉ. राकेश कुमार गुप्ता (पशु चिकित्सा अधिकारी, बढ़नी) निर्वाचित किए गए।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी जनपद में पशु चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुदृढ़ और जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर डॉ. विनोद पांडे, डॉ. अखिलेश पांडे, डॉ. विजय प्रकाश, डॉ. अतुल प्रकाश, डॉ. फखरुद्दीन, डॉ. विजय वर्मा, डॉ. उपेंद्र शर्मा, डॉ. राजकमल यादव सहित कई वरिष्ठ चिकित्सकों एवं पशुधन प्रसार अधिकारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण कुमार प्रजापति ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, पशु चिकित्सा सेवाओं के विस्तार तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। नई कार्यकारिणी से जिले में पशु स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

