“‘एक पेड़ मां के नाम’ से गूंजा सिद्धार्थनगर, वन महोत्सव-2026 का हुआ भव्य शुभारंभ”
विधायक श्यामधनी राही ने किया शुभारंभ, डीएफओ नीला एम. और एएसपी विश्वजीत शौरयान ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित।

सिद्धार्थनगर।
सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, सिद्धार्थनगर द्वारा रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, तेतरी बाजार में “वन महोत्सव-2026” का भव्य शुभारंभ “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया और उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर, खेत, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर खाली पड़ी भूमि पर अधिक से अधिक पौधे लगाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य तैयार करें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) नीला एम. ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। पौधों से हमें ऑक्सीजन, फल, लकड़ी सहित अनेक प्राकृतिक संसाधन प्राप्त होते हैं। उन्होंने कहा कि “प्रकृति हमारी मां है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम अवश्य लगाना चाहिए।” उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।

सहायक पुलिस अधीक्षक विश्वजीत शौरयान ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक वृक्ष सौ पुत्रों के समान माना गया है। उन्होंने बच्चों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल करने का भी आग्रह किया, ताकि हर लगाया गया पौधा एक मजबूत वृक्ष बन सके।
वन महोत्सव के अवसर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साक्षी गुप्ता ने प्रथम, अर्चना ने द्वितीय तथा साक्षी यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को डीएफओ नीला एम. एवं एएसपी विश्वजीत शौरयान ने प्रशस्ति-पत्र एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को विद्यालय के प्रधानाचार्य बसंत तथा बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या उमा सिंह ने भी संबोधित किया और पौधारोपण को जन आंदोलन बनाने पर बल दिया। विद्यालय की शिक्षिका सुरभि ने वन एवं पर्यावरण संरक्षण पर प्रेरणादायी कविता प्रस्तुत की, जबकि कार्यक्रम का संचालन अर्चना साहू एवं सिद्धार्थ शंकर ने किया।
कार्यक्रम के दौरान “आम बाहर, आम के द्वार” वृक्ष भंडारा अभियान के अंतर्गत स्कूली बच्चों को पौधों का वितरण भी किया गया। समापन अवसर पर डीएफओ नीला एम., एएसपी विश्वजीत शौरयान, एसडीओ फॉरेस्ट वीना तिवारी, प्रधानाचार्यगण, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में सामूहिक पौधारोपण कर स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण का संदेश दिया।
इस अवसर पर एसडीओ फॉरेस्ट वीना तिवारी, फॉरेस्ट रेंजर नौगढ़ राजेश कुमार कुशवाहा, डीपीओ पंकज त्रिपाठी, वन दरोगा देवेश मिश्र, शैलेंद्र यादव, सहायक सुजीत सिंह, मोहम्मद वारिस सहित वन विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

