अयोध्या में राष्ट्रीय रक्तदान शिविर: 20 राज्यों से पहुंचे रक्तदाता, 204 यूनिट रक्तदान
अयोध्या। प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या धाम में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय रक्तदान शिविर में देशभर से पहुंचे रक्तदाताओं ने मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। दर्शननगर स्थित एचआर पैलेस में राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन, मेजर ध्यानचंद खेल उत्थान समिति एवं मां अन्नपूर्णा सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय रक्तदान शिविर एवं राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान समारोह-2026 में कुल 204 यूनिट रक्तदान किया गया।
आयोजन में करीब 20 राज्यों और उत्तर प्रदेश के 60 जनपदों से 250 से अधिक रक्तदाता एवं सेवा कार्यकर्ता शामिल हुए। संस्था के वरिष्ठ सहयोगी एवं संरक्षक मंडल सदस्य आलोक अग्रवाल ने 41वीं बार रक्तदान कर नियमित रक्तदान का संदेश दिया। बलरामपुर से पहुंचे रवि कुमार गुप्ता ने 21वीं और वैभव त्रिपाठी ने 46वीं बार रक्तदान किया।
शिविर में 10 सरकारी ब्लड बैंक टीमों ने रक्त संग्रह किया। इनमें बलरामपुर ब्लड बैंक ने सर्वाधिक 36 यूनिट रक्त एकत्र किया। इसके अलावा स्वरूप रानी मेडिकल कॉलेज प्रयागराज ने 27, आरएमएल अस्पताल लखनऊ ने 24, सुल्तानपुर ने 21, अयोध्या ने 20, केजीएमयू लखनऊ ने 17, श्रावस्ती और गोंडा ने 16-16, बस्ती ने 15 तथा अंबेडकरनगर ने 12 यूनिट रक्त संग्रहित किया।
राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव की शुरुआत 10 सितंबर को चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता से हुई। 11 सितंबर को रक्तदान जागरूकता रैली निकाली गई, जबकि 12 और 13 सितंबर को मुख्य रक्तदान शिविर एवं राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज बलरामपुर के प्राचार्य प्रो. डॉ. राजेश चतुर्वेदी, अयोध्या नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन पांडेय’, अयोध्या महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, सिंगरामऊ स्टेट की महारानी डॉ. अंजू सिंह तथा राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज अयोध्या की प्रोफेसर डॉ. अंशु मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अतिथियों ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए लोगों से नियमित रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। रक्तदाताओं को संस्था की ओर से अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन की सफलता पर राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष आकाश गुप्ता, महासचिव विजय वर्मा एवं संरक्षक राजेश चौबे ने अतिथियों, चिकित्सकीय टीमों, सहयोगियों और देशभर से आए रक्तदाताओं का आभार जताया।
संदेश: रक्तदान किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अयोध्या में आयोजित इस राष्ट्रीय आयोजन ने देशभर के रक्तदाताओं को एक मंच पर जोड़कर “रक्तदान—महादान” के संदेश को मजबूती दी।
Views: 141

