नेपाल बस हादसे में एक और मौत, 30 दिन बाद पूजा मौर्या ने तोड़ा दम
स्वर्ग द्वारी दर्शन के लिए गई श्रद्धालुओं से भरी बस नेपाल में खाई में गिरी थी, मृतकों की संख्या बढ़कर तीन
महराजगंज | आशुतोष कुमार मौर्य | FT News Digital
नेपाल के प्यूठान जिले में हुए दर्दनाक बस हादसे से जुड़ी एक और दुखद खबर सामने आई है। महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा सेमरा राजा की रहने वाली पूजा मौर्या ने करीब 30 दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, लगभग एक माह पूर्व श्रद्धालुओं से भरी बस नेपाल स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल स्वर्ग द्वारी दर्शन के लिए जा रही थी। इसी दौरान प्यूठान जिले के भीगरी क्षेत्र में बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई थी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद नेपाल प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में कई घायलों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया, जहां पूजा मौर्या का इलाज लगातार चल रहा था। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा था, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पूजा की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। इस हादसे ने पहले ही कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया था और अब मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो चुकी है।
हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर हादसे से संबंधित आवश्यक कार्रवाई पहले से जारी है। स्थानीय लोग मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता दिए जाने की मांग कर रहे हैं।
नेपाल हादसे ने फिर छीना एक घर का सहारा…
30 दिन तक जिंदगी से लड़ती रही पूजा, आखिर हार गई जंग…
FT News Digital
सच और… कुछ नहीं
Views: 418

