UPI पर MDR टैक्स को लेकर एमएलसी देवेन्द्र प्रताप सिंह ने PM मोदी को लिखा पत्र, बोले- आम जनता पर पड़ेगा महंगाई का बोझ
व्यापारियों से टैक्स वसूली के फैसले पर जताई चिंता, ठेले-खोमचे वालों और मध्यम वर्ग के प्रभावित होने की आशंका जताई
लखनऊ। गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य देवेन्द्र प्रताप सिंह ने UPI ट्रांजेक्शन पर प्रस्तावित MDR टैक्स को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। 17 सितंबर को भेजे पत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए इस मुद्दे पर आम लोगों की चिंताओं पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया।
एमएलसी ने पत्र में कहा कि पिछले दो दिनों में उनसे मिलने वाले बड़ी संख्या में लोगों ने UPI ट्रांजेक्शन पर लगाए जाने वाले MDR टैक्स को लेकर चिंता जताई है। उनके अनुसार, आम नागरिकों के बीच इसको लेकर रोष और असंतोष है।
देवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि भले ही सरकार की ओर से यह स्पष्ट किया गया हो कि MDR टैक्स व्यापारियों से लिया जाएगा, लेकिन व्यापारी इस अतिरिक्त खर्च का बोझ अंततः वस्तुओं की कीमत बढ़ाकर ग्राहकों पर डाल सकते हैं। इससे आम उपभोक्ता और खासकर मध्यम वर्ग प्रभावित हो सकता है।
उन्होंने पत्र में यह भी कहा कि UPI के इस्तेमाल से जुड़ी सेवाओं में विदेशी कंपनियों की भूमिका को लेकर लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं। उनके अनुसार, भारत को डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में विदेशी कंपनियों पर निर्भरता कम करते हुए अपना मजबूत स्वदेशी डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म विकसित करने पर भी विचार करना चाहिए।
एमएलसी ने विशेष रूप से ठेले-खोमचे वालों, सड़क किनारे सब्जी बेचने वालों और छोटे कारोबारियों पर संभावित प्रभाव को लेकर चिंता जताई। उन्होंने प्रधानमंत्री से MDR टैक्स संबंधी निर्णय और कानून पर पुनर्विचार करने तथा इसे देशहित में वापस लेने पर उदारतापूर्वक विचार करने का अनुरोध किया।
पत्र के अंत में देवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि इस विषय पर आम नागरिकों की चिंताओं को समझना और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेना जरूरी है।
Views: 134
सत्यपाल सिंह कौशिक को कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट लेखन का लंबा अनुभव है। वर्तमान में कौशिक जी FT NEWS DIGITAL में डिजिटल मीडिया सह- संपादक के पद पर कार्यरत हैं।
