*हीट वेव अलर्ट : डीएम ने जारी की एडवाइजरी, दोपहर में बाहर निकलने से बचने की अपील*
रायबरेली जनपद में लगातार बढ़ रहे तापमान एवं भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका द्वारा जनहित में हीट वेव (लू) से बचाव हेतु एडवाइजरी जारी की गई है। जिलाधिकारी ने आमजन से सतर्कता बरतने तथा आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार लगातार कई दिनों तक सामान्य से अधिक तापमान रहने पर हीट वेव की स्थिति उत्पन्न होती है, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत गंभीर एवं खतरनाक साबित हो सकती है। विशेष रूप से वृद्धजन, छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं तथा हृदय रोग, मधुमेह, मोटापा एवं अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि शरीर में पानी एवं नमक की कमी होने पर लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। हीट स्ट्रोक के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, शरीर का अत्यधिक गर्म होना, त्वचा का लाल पड़ना, पसीना न आना, तेज धड़कन, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, कमजोरी एवं भ्रम की स्थिति शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी एडवाइजरी में आमजन से अधिक मात्रा में पानी पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने तथा धूप में निकलते समय छाता, टोपी एवं धूप के चश्मे का प्रयोग करने की अपील की गई है। साथ ही ओ०आर०एस०, नींबू पानी, छाछ, लस्सी एवं अन्य तरल पदार्थों का नियमित सेवन करने की सलाह दी गई है।
खुले में कार्य करने वाले श्रमिकों एवं कामगारों को सिर एवं शरीर को गीले कपड़े से ढककर रखने तथा समय-समय पर छायादार स्थान पर विश्राम करने के निर्देश दिए गए हैं। एडवाइजरी में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने की विशेष अपील की गई है।
इसके अतिरिक्त बच्चों एवं पशुओं को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ने तथा अत्यधिक गर्मी के दौरान भारी शारीरिक श्रम से बचने की सलाह दी गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी नागरिक सतर्क रहें तथा आवश्यकता पड़ने पर तुरंत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लें।
Views: 52

