_*251 नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को वितरित किये गये नियुक्ति पत्र*_ _*620 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को वितरित किये गये स्मार्ट फोन*_ _*आंगनबाड़ी केन्द्र केवल बच्चों के पोषण और शिक्षा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह समाज के भविष्य को मजबूत बनाने की है आधारशिला – मा० मंत्री*_ _*आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बच्चों व महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सेतु का कर रही कार्य – डॉ० मनोज कुमार पाण्डेय*_
रायबरेली विधानसभा ऊँचाहार के अंतर्गत नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन वितरण कार्यक्रम का आयोजन बाल विकास पुष्टाहार विभाग द्वारा सिविल लाइन स्थित सूर्या होटल में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मा० मंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग उ०प्र० सरकार डॉ० मनोज कुमार पाण्डेय द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख जगतपुर दल बहादुर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता उपस्थित रही।
मा० मंत्री द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा ऊँचाहार क्षेत्र के अन्तर्गत विकास खण्ड डलमऊ, दीनशाहगौरा, ऊंचाहार, जगतपुर एवं रोहनियां की 03-03 नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन वितरित किए गए।
जिसमें विधानसभा ऊंचाहार के अन्तर्गत विकास खण्ड डलमऊ की 103, दीनशाहगौरा 25, ऊँचाहार 73, जगतपुर 18 एवं रोहनियां 32 कुल 251 नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र एवं विकास खण्ड डलमऊ की 196, दीनशाहगौरा 106, ऊँचाहार 147, जगतपुर 100 एवं रोहनियां 71 कुल 620 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन से लाभान्वित हुई।
मा० मंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह अवसर केवल नियुक्ति पत्र एवं स्मार्ट फोन वितरण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण, बाल विकास एवं डिजिटल सुशासन की दिशा में प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उन्होंने नव नियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी समाज की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने जा रही हैं। आंगनबाड़ी केन्द्र केवल बच्चों के पोषण और शिक्षा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह समाज के भविष्य को मजबूत बनाने की आधारशिला हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण तथा बच्चों के प्रारंभिक विकास में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री राष्ट्र के लिए नव सृजन व नव निर्माण का कार्य कर रही है, बच्चों व महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सेतु का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों एवं माताओं का बेहतर स्वास्थ्य ही एक मजबूत और विकसित समाज की नींव है।
मा० मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण हेतु अनेक जनहितकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने का उद्देश्य यह है कि वे अपने कार्यों को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सुगम तरीके से संचालित कर सकें।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट फोन वितरण से विभागीय योजनाओं की ऑनलाइन मॉनिटरिंग, लाभार्थियों का डेटा संकलन, पोषण ट्रैकिंग तथा शासन स्तर पर सूचनाओं के आदान-प्रदान में तेजी आएगी। डिजिटल तकनीक के माध्यम से सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंच सकेगा।
मा० मंत्री ने नव नियुक्त सहायिकाओं से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं समर्पण भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करें और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
अंत में मा० मंत्री ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आप सभी अपने कार्यों के माध्यम से समाज एवं प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास योजनाओं के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। स्मार्ट फोन उपलब्ध कराए जाने से कार्यों में पारदर्शिता आएगी तथा योजनाओं की मॉनिटरिंग एवं लाभार्थियों तक सेवाओं की पहुंच और अधिक प्रभावी होगी।
कार्यक्रम का संचालन एस0एस0 पाण्डेय द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार सहित सम्बन्धित बाल विकास परियोजना अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रही।
Views: 219

