विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एम्स रायबरेली कैंपस को सिंगल-यूज प्लास्टिक फ्री जोन बनाने का संकल्प *कार्यकारी निदेशक ने किया सेंटर फॉर रूरल हेल्थ, सलोन का दौरा
रायबरेली विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एम्स रायबरेली में दिन भर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दिनांक 5 जून 2026 को कार्यक्रम के शुरूआती चरण में कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन ने सेंटर फॉर रूरल हेल्थ (सीआरएच), एम्स रायबरेली, सलोन का भ्रमण किया। संस्थान के सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यकारी निदेशक द्वारा वृक्षारोपण के साथ किया गया। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने सेंटर की विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं, उपलब्ध सेवाओं, आधारभूत संरचना तथा संचालन व्यवस्था का ऑन-साइट इंस्पेक्शन भी किया।
आयोजित कार्यक्रम के दौरान सेंटर के कर्मचारियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं उपस्थित स्थानीय नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण तथा एकल-उपयोग प्लास्टिक (Single-Use Plastic) के उपयोग को त्यागने की शपथ भी ली। सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित, एचईओ श्री शिवकरण तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
संस्थान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रायबरेली परिसर को सिंगल-यूज प्लास्टिक फ्री जोन बनाने का संकल्प लिया गया। अपने संबोधन में कार्यकारी निदेशक महोदया ने सभी आगंतुकों से पर्यावरण संरक्षण हेतु छोटे-छोटे प्रयासों जैसे कमरे से निकलते वक्त बल्ब-पंखे बंद करना, अनावश्यक बिजली उपकरणों को ऑफ कर देना आदि को नजरअंदाज नहीं करने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त पर्यावरण के लिए जोखिम वाले जैव-अपशिष्ट पदार्थों के वर्गीकरण, रिसाईकल एवं निपटान पर दक्षतापूर्वक कार्य करने पर जोर दिया।
सायं 5 बजे कार्यकारी निदेशक, डीन (अकादमिक), उप-निदेशक (प्रशासन), वित्तीय सलाहकार, अपर चिकित्सा अधीक्षक सहित आला अधिकारियों द्वारा संस्थान के मेन गेट के पास निर्मित गुलाब उद्यान (रोज गार्डेन) में वृक्षारोपण संपन्न किया गया। परिसर को सिंगल-यूज प्लास्टिक फ्री जोन बनाने के लिए सफाई एवं आउटसोर्स कर्मचारियों, निवासियों, मरीजों एवं उनके तीमारदारों को जूट बैग वितरित किए गए। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा एक पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें एमबीबीएस विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समापन उप-निदेशक प्रशासन द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
Views: 85

