निफ़्ट रायबरेली में ‘आधुनिक तकनीकी और हिंदी’ विषय पर हिंदी कार्यशाला का सफल आयोजन तकनीकी उपकरणों के माध्यम से राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग पर दिया गया विशेष बल
रायबरेली, राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ़्ट), रायबरेली में ‘आधुनिक तकनीकी और हिंदी’ विषय पर हिंदी कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों एवं डिजिटल माध्यमों की सहायता से राजभाषा हिंदी के प्रयोग को अधिक सरल, प्रभावी और व्यापक बनाना था।
यह कार्यक्रम निफ़्ट रायबरेली की निदेशक प्रो. डॉ. जोनाली डी. बाजपेयी के संरक्षण तथा संयुक्त निदेशक श्री अमितवा चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), रायबरेली के सदस्य सचिव श्री योगेश मिश्रा रहे। उन्होंने अपने व्याख्यान में वर्तमान तकनीकी युग में हिंदी की उपयोगिता तथा तकनीकी और हिंदी के परस्पर संबंधों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने विभिन्न डिजिटल टूल्स, सॉफ्टवेयर तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित तकनीकों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इनकी सहायता से सरकारी एवं कार्यालयी कार्यों में हिंदी का प्रयोग अधिक सहज, प्रभावी और दक्ष बनाया जा सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों को तकनीकी साधनों का उपयोग कर राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और उसके व्यापक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में निफ़्ट रायबरेली के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके अतिरिक्त नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), रायबरेली से संबद्ध विभिन्न कार्यालयों के सदस्य भी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और तकनीकी सत्र का लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन हिंदी नोडल अधिकारी डॉ. स्तुति सोनकर तथा कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी श्रीमती पूजा ओझा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। राजभाषा हिंदी को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने तथा उसके प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ कार्यशाला का सफल समापन हुआ।
Views: 134

