फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
_*विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं विकास प्रदर्शनी कार्यक्रम का भव्य आयोजन*_ _*मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने द्वितीय दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किया प्रतिभाग*_ _*“विकसित भारत संकल्प” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने का जन आंदोलन – उद्यान मंत्री*_ _*केन्द्र एवं प्रदेश सरकार जनकल्याण के उद्देश्य से निरंतर कर रही कार्य – दिनेश प्रताप सिंह*_

 

 

रायबरेली  केन्द्र सरकार के 12 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सामुदायिक केन्द्र रतापुर में आयोजित “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं विकास प्रदर्शनी” कार्यक्रम के द्वितीय दिवस मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात, उ०प्र० दिनेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता उपस्थित रही। कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मा० मंत्री ने सर्वप्रथम सूचना विभाग द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों को मिल रहे लाभ की जानकारी प्राप्त की। स्टालों के निरीक्षण के समय मा० मंत्री जी द्वारा तीन बच्चों को अन्नप्राशन कराया गया तथा तीन गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित कर गोद भराई की और उनके स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के 05 लाभार्थियों व स्पॉन्सरशिप योजना के 02 लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र, वृद्धावस्था पेंशन के 11 लाभार्थियों को हितलाभ प्रमाण पत्र, बाल विकास पुष्टाहार विभाग के अन्तर्गत 13 लाभार्थियों को नई रेसिपी पोषाहार किट का वितरण किया गया। साथ ही “कन्या जन्मोत्सव” कार्यक्रम के अंतर्गत 25 नवजात कन्याओं का जन्म दिवस केक काट कर व बेटी किट वितरित कर उत्साहपूर्वक मनाया गया, जो “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान की भावना को सशक्त करता है।

मा० उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार जनकल्याण के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है। विगत वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत संकल्प” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने का जन आंदोलन है।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे आमजन को योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे उनका लाभ उठा सकें।

मा० मंत्री ने कहा कि जनपद के अधिकारी सरकार की मंशा के अनुरूप पूरी लगन व निष्ठा के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को दिलाने का कार्य कर रहें है, आज बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी प्रकार योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित किया जाए। उन्होंने आमजन से भी आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाएं।

मंच का संचालन एस0एस0 पांडेय द्वारा किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त (श्रम रोजगार) प्रमोद सिंह, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0 मुनेश चन्द्र, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्या, जिला समाज कल्याण अधिकारी रणविजय सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण व लाभार्थीगण उपस्थित रहें।

Views: 155

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।