*डीएम ने डलमऊ गंगा घाट का किया स्थलीय निरीक्षण* व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के दिये निर्देश*
रायबरेली जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने पर्यटन विभाग द्वारा डलमऊ गंगा घाट में निर्माणाधीन 50 मी०घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहनता से अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने घाट परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि गंगा घाट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक आते हैं, ऐसे में स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नगर पंचायत एवं संबंधित विभागों को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिगत घाट पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक (साइन बोर्ड) एवं गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव किया जा सके। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु एवं जलस्तर बढ़ने की स्थिति में विशेष सतर्कता बरती जाए।
जिलाधिकारी ने प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया कि घाट क्षेत्र में सभी हाईमास्ट लाइट एवं स्ट्रीट लाइट पूर्ण रूप से क्रियाशील रहें, ताकि रात्रि के समय भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस मौके पर जिला पर्यटन अधिकारी तनुजा यादव, तहसीलदार डलमऊ मंजरी सिंह, थानाध्यक्ष डलमऊ राघवन सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत डलमऊ सच्चिदानन्द सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Views: 152

