फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
एम्स रायबरेली में “स्वस्थ बढ़ती उम्र के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing)” उद्देश्य के साथ 12वें अंतराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन

 

रायबरेली प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में प्रत्येक वर्ष योग दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाते है। इस क्रम में एम्स रायबरेली के आयुष विभाग द्वारा इस माह से योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन नव-नियुक्त योग प्रशिक्षक के संचालन में किया जा रहा है। कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन ने 17 जून को मातृभूमि सेवा-मिशन, रायबरेली के सौजन्य से शहीद स्मारक ग्राउंड में आयोजित योग सप्ताह का उद्घाटन किया एवं योग-साधकों से योग को अपनी दिनचर्या का नियम बनाने का आह्वान किया। दैनिक योगाभ्यास के साथ-साथ 20 जून को अस्पताल परिसर में योग की जागरूकता के लिए वार्ड में भर्ती रोगियों एवं उनके तीमारदारों के लिए एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभागिता की। इसमें रोगियों को योग के प्रति जागरूक करते हुए उनकी योग एवं आयुष से संबंधी जिज्ञासाओं का निवारण किया गया।

इस वर्ष योग दिवस की थीम है, “स्वस्थ बढ़ती उम्र के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing)”। इस थीम के साथ संस्थान में 12वें अंतराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत योग के प्रवर्तक आदियोगी शिव को स्मरण करने के साथ हुई। कार्यक्रम में प्रातः 6:05 से 06:35 तक सामुहिक योग अभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कायचिकित्सा विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष आचार्य ओ. पी. सिंह कार्यक्रम के अतिथि वक्ता एवं योग विशेषज्ञ के रूप में शामिल हुए। उन्होंने योग-साधकों को योग के महत्व एवं उनके विभिन्न आयामों के बारे में जानकारी दी।

अपने संबोधन में कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन ने अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए योग से मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों का उल्लेख किया। उन्होंने लोगों को योग को अपने दिनचर्या में समावेशित करने की अपील की। उन्होंने बताया कि हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योग को “मानवता के लिए एक उपहार” और सबको जोड़ने वाला एक ऐसा माध्यम मानते हैं जो उम्र, जाति और पंथ के बंधनों से परे है। संस्थान में योगाभ्यास का बढ़ावा देने हेतु निदेशक महोदया द्वारा एक “योग क्लब” का भी उद्घाटन किया।

कार्यक्रम में संस्थान द्वारा मनाए जा रहे नशा मुक्त सप्ताह के अंतर्गत मनश्चिकित्सा विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. आकाश कुमार ने “ड्रग्स को ना कहें” विषय पर व्याख्यान दिया जिसमें उन्होंने मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के विषय में जागरूक करते हुए इसका निषेध करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन संस्थान के आयुष विभाग के चिकित्सा अधिकारी श्री हरि कृष्ण पारीख के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। सभी संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्रों में कार्यक्रम में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।

Views: 155

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।