फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
निफ्ट रायबरेली में ओरिएंटेशन कार्यक्रम 2026 का भव्य शुभारंभ, 157 छात्रों ने कराया पंजीकरण

 

रायबरेली, राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट), रायबरेली में शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए आयोजित तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिन 157 नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने पंजीकरण कर अपनी शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत की। यह ओरिएंटेशन कार्यक्रम 29 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रायबरेली श्रीमती सरनीत कौर ब्रोका (आईएएस), विशेष अतिथि तहसीलदार रायबरेली सदर सुश्री आकृति श्रीवास्तव तथा निफ्ट रायबरेली की निदेशक प्रो. डॉ. जोनाली डी. बाजपेई ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कैंपस अकादमिक कोऑर्डिनेटर श्री प्रवीण श्रीवास्तव एवं फाउंडेशन प्रोग्राम की सेंटर कोऑर्डिनेटर सुश्री प्रिया यादव सहित संस्थान के संकाय सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

निदेशक प्रोफेसर डॉ. जोनाली डी. बाजपेई ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके अभिभावकों द्वारा निफ्ट रायबरेली पर व्यक्त विश्वास के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने संस्थान के उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक बुनियादी ढांचे और विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

कैंपस अकादमिक कोऑर्डिनेटर श्री प्रवीण श्रीवास्तव ने छात्रों और अभिभावकों का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों को निफ़्ट के संकाय सदस्यों से अवगत कराया।

ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संस्थान के नियमों, अनुशासन व्यवस्था, अकादमिक प्रक्रियाओं एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उन्हें संस्थान में संचालित लिटरेरी क्लब, ईएसएसई क्लब, स्पोर्ट्स क्लब, कल्चरल क्लब, फोटोग्राफी क्लब सहित विभिन्न छात्र क्लबों एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से परिचित कराया गया, जो उनके व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने में सहायक होंगे।

कार्यक्रम के अंतर्गत जुम्बा एवं ‘बैरल ओ फन’ जैसी टीम बिल्डिंग गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों ने छात्रों में उत्साह, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना को प्रोत्साहित किया।

ओरिएंटेशन कार्यक्रम का यह आरंभ विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, जिज्ञासा और प्रेरणा का संचार करता हुआ उनके आगामी शैक्षणिक जीवन के लिए एक मजबूत आधार सिद्ध होगा।

Views: 145

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।