फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
सपा का व्यापक जनसंपर्क अभियान, भाजपा सरकार पर बरसे प्रदेश सचिव डॉ. शशिकांत शर्मा

रायबरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी के निर्देशानुसार पार्टी के जिला महासचिव श्री हृदयनारायण प्रजापति के नेतृत्व में भरतगंज बाजार एवं ग्राम व पोस्ट हरियावां में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की जनता, किसानों, नौजवानों, मजदूरों और विभिन्न सामाजिक वर्गों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को जाना।

जनसंपर्क के दौरान आयोजित संवाद में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ. शशिकांत शर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि माननीय अखिलेश यादव जी ने जब सामाजिक न्याय और आरक्षण के मुद्दे को मजबूती से उठाया, तब उनकी बात की खिल्ली उड़ाई गई, लेकिन बाद में न्यायालय के निर्णयों ने उनकी बात की सच्चाई को सामने रखा।

उन्होंने कहा कि “ये नहीं चाहते कि हमारे बच्चे भी अधिकारी बनें। ये विकास नहीं चाहते। हमारे बच्चों को रोजगार चाहिए और जो सरकार रोजगार नहीं दे सकती, ऐसी निकम्मी सरकार को बदलना होगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार गरीबों की अपेक्षा पूंजीपतियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है।

डॉ. शर्मा ने आरक्षण के मुद्दे पर कहा कि जिन वर्गों को 27 प्रतिशत आरक्षण का अधिकार मिलना चाहिए, उन्हें उनका पूरा हक नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समान अवसर और PDA के अधिकारों की लड़ाई लगातार मजबूती से लड़ रही है।

महिलाओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि लंबे समय से सत्ता में रहने के बावजूद सरकार महिलाओं के खातों में अपेक्षित आर्थिक सहायता नहीं पहुंचा सकी। उन्होंने कहा कि माननीय अखिलेश यादव जी ने महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की बात उठाते हुए 40 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जो कहती है, उसे पूरा करने का काम करती है।

प्रदेश सचिव ने उपस्थित लोगों से अपने अधिकारों, रोजगार, शिक्षा, विकास और सामाजिक न्याय के लिए जागरूक होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी के निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर जनता से संवाद कर रहे हैं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।

PDA जनपंचयत में प्रभारी हृदय नारायण प्रजापति,विधानसभा अध्यक्ष योगेश्वर पटेल, अमावा ब्लॉक अध्यक्ष आशुतोष यादव,जिला उपाध्यक्ष राजेश मौर्या, जिला सचिव स्वर्ण आजाद, बलराज राणा, जिला कार्यकारिणी सदस्य रामखेलावन प्रजापति सहित समाज के सम्मानित सदस्य राम लखन प्रजापति, शिव लखन प्रजापति, आशीष प्रजापति समेत सैकड़ों क्षेत्रवासी एवं समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यकर्ताओं ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए संगठन को मजबूत करने और जन-जन तक समाजवादी विचारधारा पहुंचाने का संकल्प लिया।

Views: 40

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।