फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के निर्देश पर शिवेंद्र कुमार शुक्ला को हरचंदपुर विधानसभा सीट से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया।

 

 

रायबरेली में बहुजन समाज पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान बसपा ने शिवेंद्र कुमार शुक्ला को अपना प्रत्याशी घोषित किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने गन्ना कांटा मैदान, गुरबख्शगंज में आयोजित सम्मेलन में प्रत्याशी के नाम की घोषणा की। घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।

 

रायबरेली के हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी की ओर से विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के निर्देश पर शिवेंद्र कुमार शुक्ला को हरचंदपुर विधानसभा सीट से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया।

 

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि बसपा की ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति और मायावती का नेतृत्व प्रदेश में सामाजिक न्याय, कानून-व्यवस्था और विकास को मजबूत करने का विकल्प है।

 

वहीं, मुख्य मंडल प्रभारी एवं पूर्व विधायक भीमराव अंबेडकर ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जुटने का आह्वान किया। पूर्व विधायक दिनेश चंद्रा और मुख्य मंडल प्रभारी सूरज सिंह जाटव ने भी सम्मेलन को संबोधित करते हुए बसपा की नीतियों और संगठन की मजबूती पर जोर दिया।

 

प्रत्याशी घोषित होने के बाद शिवेंद्र कुमार शुक्ला ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करेंगे। साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में हरचंदपुर सीट पर बसपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर प्रयास करने की बात कही।

Views: 133

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।