फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
FT News | कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, कई कर्मचारी अनुपस्थित मिलने पर कार्रवाई

कलेक्ट्रेट में डीएम का सख्त निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई

FT News | सिद्धार्थनगर।
जनपद में प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता एवं कार्यालयों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी.एन. ने सोमवार सुबह लगभग 10:20 बजे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा जनसुनवाई व्यवस्था का जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी ने संयुक्त कार्यालय से निरीक्षण की शुरुआत करते हुए राजस्व अभिलेखागार, आंग्ल अभिलेखागार, ज्यूडिशियल अभिलेखागार, आपदा कार्यालय, एलआरसी कक्ष, उपजिलाधिकारी न्यायिक कक्ष, प्रोबेशन कार्यालय, पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय, कोषागार, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी कार्यालय तथा आबकारी विभाग सहित कई कार्यालयों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए तथा पत्रावलियों एवं अभिलेखों का व्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से राजस्व अभिलेखागार में साफ-सफाई बेहतर करने के निर्देश दिए गए।

एलआरसी विभाग को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कृषक दुर्घटना बीमा योजना से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए तथा सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों में कई कर्मचारी एवं कार्मिक अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन अवरुद्ध करने एवं स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), नायब तहसीलदार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, सांख्यिकी अधिकारी तथा ड्रग इंस्पेक्टर के कार्यालय में उपस्थित न रहने पर भी स्पष्टीकरण मांगे जाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन के निर्देशों का पालन करने की हिदायत देते हुए कहा कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान नाजिर कलेक्ट्रेट पुरुषोत्तम लाल श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Views: 105

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।