फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
निषाद वंश की उपजातियों को SC सूची में शामिल करने की मांग, सौंपा ज्ञापन

 

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। निषाद पार्टी की ओर से निषाद वंश की उपजातियों को अनुसूचित जाति (SC) की सूची में शामिल किए जाने तथा जातिगत जनगणना में मंझवार (D.T.) अंकित किए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम उपजिलाधिकारी/तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में कहा गया कि निषाद वंश की विभिन्न उपजातियां लंबे समय से सामाजिक एवं आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रही हैं। ज्ञापन में 1931 की जनगणना का हवाला देते हुए कहा गया कि केवट, मल्लाह, निषाद, बिंद, मंझवार, कश्यप, तुरैहा, मांझी, एकवार आदि एक ही वंश की पर्यायवाची जातियां हैं।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि आगामी जातिगत जनगणना में निषाद वंश की सभी पर्यायवाची जातियों का नाम ‘मंझवार’ के कॉलम में दर्ज किया जाए तथा कोष्ठक में D.T. (विमुक्त जनजाति) का उल्लेख किया जाए, ताकि समुदाय की सही संख्या का आंकलन हो सके।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश में निषाद वंश की सभी पर्यायवाची जातियों को अन्य राज्यों की तर्ज पर अनुसूचित जाति (SC) की सूची में शामिल करने, शिक्षा, नौकरी और राजनीति में आरक्षण एवं पेंशन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

ज्ञापन में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए निषाद वंश के लोगों के गांवों को ‘आदर्श शहीद गांव’ घोषित करने तथा उनके परिवारों को स्वतंत्रता सेनानी सम्मान देने की मांग भी उठाई गई।

इस दौरान जिला अध्यक्ष हरिराम निषाद, सतीश निषाद, राजेश सहानी, प्रेम निषाद, फूलचंद निषाद, उमेश निषाद, लादूराम निषाद, राममिलन निषाद, विश्वराज निषाद एवं शेषलगन निषाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

ज्ञापन सौंपने वालों ने अपनी मांगों को मुख्यमंत्री, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग तक पहुंचाने की अपील की।

Views: 85

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।