फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
श्रीकृष्ण की धरती मथुरा से विक्रम सिंह का हुंकार—17 हजार तो शुरुआत है, हक की पूरी लड़ाई अभी बाकी

रिपोर्टर: सत्यपाल सिंह कौशिक 

मथुरा में प्रदेश अध्यक्ष व कार्यकारिणी का भव्य स्वागत, पूनम शर्मा बोलीं—विक्रम सिंह के नेतृत्व में मिली ऐतिहासिक उपलब्धि

मथुरा। श्रीकृष्ण और राधा की पावन धरती मथुरा में रविवार को परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह एवं प्रदेश कार्यकारिणी का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। सौख-पालीखेड़ा स्थित एक होटल में आयोजित समारोह में नव निर्वाचित जिला अध्यक्ष पूनम शर्मा के नेतृत्व में अनुदेशक साथियों और कोर कमेटी के सदस्यों ने प्रदेश अध्यक्ष व उनकी टीम का जोरदार स्वागत किया।

इस दौरान जिला अध्यक्ष पूनम शर्मा, महेंद्र कुमार, ईश्वरी सिंह, रविंद्र कुमार, मोहन श्याम, शिवकुमार, अर्चना सिंह, नीलम, स्मृति सिंह, मीरा सहित बड़ी संख्या में अनुदेशक मौजूद रहे।

नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष पूनम शर्मा ने कहा कि मथुरा की पावन धरती पर प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह के प्रथम आगमन पर यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि विक्रम सिंह के नेतृत्व में अनुदेशकों ने 17 हजार रुपये मानदेय की लड़ाई में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह संघर्ष की ताकत और संगठन की एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अब आगे की लड़ाई भी पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह ने कहा कि “श्रीकृष्ण और राधा की इस पावन धरती से मैं सभी अनुदेशकों को यही संदेश देना चाहता हूं कि संघर्ष से कभी पीछे नहीं हटना है। 17 हजार रुपये की उपलब्धि हमारी मंजिल नहीं, बल्कि संघर्ष की शुरुआत है। हमारा लक्ष्य अनुदेशकों को उनका पूरा अधिकार, सम्मान और स्थायित्व, नियमितीकरण दिलाना है।”

उन्होंने बलिया के अपने संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह बलिया की धरती संघर्ष और स्वाभिमान के लिए जानी जाती है, उसी तरह मथुरा की धरती से भी अनुदेशक समाज की एकता और अधिकारों की आवाज बुलंद होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हजारों अनुदेशक एकजुट होकर अपने अधिकार के लिए खड़े होते हैं तो कोई भी ताकत उनकी आवाज को दबा नहीं सकती।

विक्रम सिंह ने अनुदेशकों से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन की मजबूती के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संघर्ष लंबा हो सकता है, लेकिन अनुदेशक अपने अधिकार की लड़ाई पूरी ताकत और ईमानदारी से लड़ेंगे।

समारोह के दौरान अनुदेशकों ने प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Views: 98

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।