फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
सिद्धार्थनगर बार एसोसिएशन की बड़ी कार्रवाई: अधिवक्ता इजहार अहमद खान की सदस्यता समाप्त, चैम्बर सील

सिद्धार्थनगर। सिविल सिद्धार्थ बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी ने अधिवक्ता इजहार अहमद खान के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उनकी सदस्यता समाप्त कर दी है। कार्यकारिणी के सर्वसम्मत निर्णय के बाद उनके चैम्बर को भी तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

आपातकालीन बैठक में लिया गया निर्णय

जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 फरवरी 2026 को सायं 4 बजे बार एसोसिएशन की आपातकालीन बैठक अध्यक्ष अखण्ड प्रताप सिंह की अध्यक्षता एवं महामंत्री कृपाशंकर त्रिपाठी के संचालन में आयोजित की गई। बैठक में सभी कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि इजहार अहमद खान द्वारा अधिवक्ता समुदाय के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग कार्यकारिणी को सुनाई गई। इसके बाद उन्हें 6 फरवरी 2026 तक स्पष्टीकरण देने हेतु नोटिस जारी किया गया था।

स्पष्टीकरण न मिलने पर बढ़ी कार्रवाई

निर्धारित समय तक संतोषजनक जवाब न मिलने पर 6 फरवरी को दोपहर 1 बजे पुनः कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई। बैठक में पूर्व में लगे आरोपों और हालिया घटनाओं पर चर्चा के बाद कार्यकारिणी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्णय लिया।

कार्यकारिणी ने जताई गंभीर आपत्ति

बैठक में बताया गया कि अधिवक्ता पर पूर्व में भी विवादित आचरण के आरोप लग चुके हैं। हालिया घटना के बाद बार परिसर और अधिवक्ता समुदाय में आक्रोश का माहौल बताया गया। कार्यकारिणी ने इसे बार की गरिमा और अनुशासन के विरुद्ध मानते हुए कड़ा कदम उठाया।

सदस्यता समाप्त, चैम्बर किया गया सील

कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से इजहार अहमद खान की बार एसोसिएशन सदस्यता समाप्त करने का प्रस्ताव पारित किया। साथ ही उनके चैम्बर को सील कर कार्यकारिणी के नियंत्रण में लेने का आदेश दिया गया, जिसका तत्काल अनुपालन भी कराया गया।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने कहा कि

बार एसोसिएशन अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह और पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की गरिमा, अनुशासन और पेशे की मर्यादा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, और भविष्य में भी किसी भी अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

108 एंबुलेंस सेवा ने बचाई फिर से एक व्यक्ति की जान

सिद्धार्थनगर। जिले के ब्लॉक लोटन के विलोहा क्षेत्र में 108 एंबुलेंस सेवा की तत्परता से एक व्यक्ति तीर्थराम उम्र 77 वर्ष की जान बचाई गई। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक व्यक्ति तीर्थराम को अचानक सांस लेने में अत्यधिक दिक्कत होने लगी, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।

108 पर मांगी सहायता

मरीज की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा पर कॉल कर सहायता मांगी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस समय पर मौके पर पहुंची और मरीज को एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया।

अस्पताल पहुंचाया

एंबुलेंस में मौजूद मेडिकल टेक्नीशियन (एमटी) प्रदीप कुमार और पायलट दुर्गेश ने मरीज की स्थिति को देखते हुए तुरंत ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध कराई और लगातार देखरेख करते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लोटन अस्पताल पहुंचाया।

लोगों ने की सराहना

समय पर मिली चिकित्सा सहायता के कारण मरीज की हालत में सुधार हुआ और फिलहाल वह स्वस्थ बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस सेवा की त्वरित कार्रवाई और कर्मचारियों की सराहना की है।

वन विभाग द्वारा मझौली सागर तट पर आर्द्रभूमि दिवस का हुआ आयोजन

सिद्धार्थनगर: सामाजिक वानिकी बन प्रभाग सिद्धार्थनगर द्वारा मझौली सागर के सुरम्य तट पर विश्व आर्द्रभूमि दिवस का आयोजन किया गया। जिसके मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि, प्रकृति में वेटलैंड्स का परम महत्व है।मझौली सागर वेटलैंड्स के संरक्षण,संवर्धन,वा विकास पर हम सभी को ध्यान देना चाहिए़,अध्यक्षता में डीएफओ नीला एम ने कहा मझौली सागर वेटलैंड्स एक प्राकृतिक है। यहां प्रति वर्ष काफी संख्या में प्रवासी पक्षी आते है। जो सागर की शोभा बढ़ाते है। इनका शिकार ना करें। मझौली सागर में इको टूरिज्म की प्रवल संभावना है। जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, प्राकृतिक वैटलैंड का संरक्षण भी होगा,उन्होंने एक जनपद एक वेटलैंड्स के तहत मझौली सागर के चयन पर बल दिया, वही सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डा आशुतोष कुमार वर्मा ,विभागाध्यक्ष जंतु विज्ञान आशुतोष श्रीवास्तव ने मझौली सागर वेटलैंड्स की प्राकृतिक वा ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डाला।उन्होंने कहा मझौली सागर में हर वर्ष बीस हजार विदेशी पक्षी मेहमान के आने की बात कही। उक्त अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिता कराई गयी। क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान फरहान अहमद,द्वितीय गोपाल कन्नौजिया,वा तृतीय मो इमरान, चित्रकला में साक्षी जायसवाल प्रथम, राबिश द्वितीय, खुशी जायसवाल तृतीय।

प्रतियोगिता हुई संपन्न 

फोटोग्राफी प्रतियोगिता में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से प्रथम प्रीति कुशवाहा,द्वितीय हर्षिता सिंह, तृतीय सोनी यादव को सीडीओ बलराम सिंह,डीएफओ नीला एम ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। अधिकारियों तथा स्कूली छात्रों ने मझौली सागर तट पर दूरबीन के माध्यम से बर्ड वाचिंग भी किया।कार्य क्रम का संचालन सिद्धार्थ शंकर ने किया। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय वन अधिकारी नौगढ़ राजेश कुमार कुशवाहा ने किया। इस दौरान शिवकुमार गुप्ता क्षेत्रीय वन अधिकारी बांसी, मोहम्मद इलियास खान क्षेत्रीय वन अधिकारी इटवा ,राजेश कुमार डिप्टी रेंजर ,फॉरेस्टर देवेश मिश्रा ,अमजद अली, अतुल कुमार तिवारी, महेश यादव,शैलेन्द्र यादव, शिवम शुक्ला, सुजीत कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।

सिद्धार्थनगर सिविल कोर्ट में ‘राम द्वार’ का भव्य उद्घाटन, जिला जज अजय कुमार श्रीवास्तव ने दिया सामाजिक संदेश

जनपद सिद्धार्थनगर के सिविल कोर्ट परिसर में बने “राम द्वार” का विधिवत उद्घाटन तृतीय जनपद न्यायाधीश अजय कुमार श्रीवास्तव द्वारा फीता काटकर किया गया। यह अवसर पूरे न्यायालय परिसर के लिए उत्सव जैसा बन गया, जहाँ अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं से जुड़ा आयोजन

राम द्वार के उद्घाटन समारोह में न्यायिक गरिमा के साथ-साथ सांस्कृतिक आस्था की झलक भी देखने को मिली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। आयोजन के बाद भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।

मेरे लिए यह गर्व का क्षण: जिला जज 

उद्घाटन के दौरान तृतीय जनपद न्यायाधीश अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि:

“यह मेरे लिए अत्यंत गर्व व हर्ष का विषय है कि मुझे राम द्वार का उद्घाटन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। हम सभी को प्रभु श्रीराम के आदर्शों का अनुकरण करना चाहिए। साथ ही अधिवक्ताओं से अनुरोध है कि अनावश्यक हड़ताल से बचें और न्याय व्यवस्था को सुचारु रूप से चलने दें।”

उनके इस संदेश को उपस्थित अधिवक्ताओं ने गंभीरता से सुना और सराहा।

अधिवक्ता संघ की भी रही सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रम में सिद्धार्थ सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अखण्ड प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने इस अवसर को न्यायालय परिवार के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि, “इस तरह के निर्माण न्यायिक परिसर की गरिमा बढ़ाते हैं और अधिवक्ताओं को एकता का संदेश देते हैं।”

न्यायाधीशगणों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर अरविंद राय (न्यायाधीश मोटर दुर्घटना न्यायालय), मो.रफी (अपर जनपद न्यायाधीश प्रथम), विशेष न्यायाधीश विरेंद्र, न्यायालय एससी-एसटी मनोज तिवारी भी मौजूद रहे।

भंडारे का हुआ आयोजन 

उद्घाटन के बाद आयोजित भंडारे में अधिवक्ताओं और अन्य उपस्थित लोगों ने सहभागिता की। पूरे वातावरण में उल्लास और सौहार्द का माहौल रहा।

काला हूं… पर टिकाऊ हूं!” सिद्धार्थनगर महोत्सव के मंच से पवन सिंह का मज़ेदार बयान, शादी के सवाल पर छिड़ी चर्चा

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में आयोजित सिद्धार्थ महोत्सव उस वक्त चर्चा का केंद्र बन गया, जब भोजपुरी सिनेमा के चर्चित स्टार पवन सिंह मंच पर अपने स्टेज शो के दौरान एक हल्के-फुल्के बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए।

कहां और कब हुआ मामला?

स्थान: सिद्धार्थनगर जनपद, उत्तर प्रदेश

मौका: सिद्धार्थ महोत्सव

कार्यक्रम: लाइव स्टेज शो

समय: महोत्सव के दौरान हालिया आयोजन

बताया जा रहा है कि पवन सिंह मंच पर मौजूद दर्शकों और कलाकारों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान शादी को लेकर माहौल मज़ाकिया हुआ, तो पवन सिंह ने हँसते-हँसते कहा—

काला हूं, पर टिकाऊ हूं!”

स्टेज पर छाया हंसी-मज़ाक का माहौल

इस बयान के बाद:

पंडाल में मौजूद दर्शकों के बीच हंसी गूंज उठी

मंच पर मौजूद एक्ट्रेस और अन्य कलाकार भी मुस्कुराते नजर आए

पूरा माहौल मनोरंजन और मस्ती से भर गया

यह संवाद पूरी तरह स्टेज शो और मनोरंजन के क्रम में सामने आया, जिसे दर्शकों ने एक हल्के-फुल्के अंदाज़ के रूप में लिया।

सोशल मीडिया पर क्यों हो रही चर्चा?

महोत्सव से जुड़ा यह स्टेज मोमेंट जैसे ही सोशल मीडिया पर पहुंचा, वैसे ही:

फैंस ने पवन सिंह के बिंदास और बेबाक अंदाज़ की तारीफ की

कई लोगों ने इसे स्टेज शो का मज़ेदार पल बताया

हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर किसी भी तरह की आधिकारिक घोषणा या निजी प्रस्ताव की पुष्टि नहीं की गई है।

महोत्सव में स्टारडम का असर

सिद्धार्थ महोत्सव जैसे सांस्कृतिक आयोजनों में बड़े कलाकारों की मौजूदगी दर्शकों का उत्साह बढ़ाती है। पवन सिंह की एंट्री और उनका देसी अंदाज़ कार्यक्रम को और यादगार बना गया।

 

सिद्धार्थनगर में यूजीसी को लेकर सवर्ण समाज व क्षत्रिय महासभा का व्यापक प्रदर्शन

सिद्धार्थनगर। जनपद में यूजीसी (UGC) से जुड़े मुद्दों को लेकर सवर्ण समाज, क्षत्रिय महासभा, विश्व हिंदू महासंघ, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा व न्याय एक संकल्प संस्थान के बैनर तले व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने एकजुट होकर बीएसए ग्राउंड से रैली निकालते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से मार्च किया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

यूजीसी एक्ट वापस लो के लगे नारे

इस दौरान “यूजीसी एक्ट वापस लो”, “समान शिक्षा-सामान अधिकार” और सवर्ण समाज का उत्पीड़न बंद करो” जैसे नारे लगते रहे। भारी भीड़ जुटी रही और अपनी आवाज बुलंद करती रही।

रास्ते भर प्रदर्शनकारी संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य हाथों में तख्तियां व बैनर लिए नजर आए। रैली के दौरान शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन

कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। जिलाधिकारी की ओर से उपजिलाधिकारी शशांक शेखर राय ने ज्ञापन प्राप्त किया।

प्रदर्शनकारियों ने कहां की, “यूजीसी (UGC) एक्ट-2026 में प्रतावित नियम से सवर्ण समाज का उत्पीड़न होगा और सवर्ण समाज के बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। उन्होंने कहा कि, यह एक्ट संविधान में निहित समानता के अधिकार का हनन करता है। इस एक्ट द्वारा समाज में वैमनस्यता बढ़ेगा।”

सवर्ण समाज को शिक्षा से वंचित रखने की साजिश

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि, “सर्वण समाज ने आजादी से लेकर राष्ट्र निर्माण तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। लेकिन अब इसी समाज को शिक्षा से वंचित करने की साजिश की जा रही है। सवर्ण समाज यह कत्तई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने सरकार से आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग की।”

एक्ट वापस नहीं तो होगा उग्र आंदोलन

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि, “यदि सरकार इस दमनकारी एक्ट को वापस नहीं लेती है तो सवर्ण समाज इससे भी बड़ा आंदोलन पूरे देश में करेगा।”

इस दौरान बार एसोसिएशन अध्यक्ष व क्षत्रिय महासभा व विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह, कृष्णपाल सिंह, हरेंद्र सिंह, भूप नारायण सिंह, सुधीर पांडेय उर्फ फरसा बाबा, रामकृष्ण पांडेय व बड़ी संख्या में सवर्ण समाज से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

कपिलवस्तु विधानसभा को बड़ी सौगात: PWD द्वारा 54 सड़कों की मरम्मत को स्वीकृति

सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने क्षेत्र की 54 जर्जर सड़कों के सामान्य मरम्मत कार्य के लिए स्वीकृति प्रदान की है। इस फैसले को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया जा रहा है। कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने इस स्वीकृति पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से हृदय से आभार व्यक्त किया है।

ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ

विधायक श्यामधनी राही ने बताया कि इन सड़कों की मरम्मत से ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से

विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में सुविधा

मरीजों को अस्पताल पहुंचने में राहत

व्यापारिक गतिविधियों में तेजी

किसानों को फसल ढुलाई में सहूलियत

मिलेगी। लंबे समय से जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग की जा रही थी, जिसे अब सरकार ने गंभीरता से पूरा किया है।

इन प्रमुख संपर्क मार्गों को मिली स्वीकृति

स्वीकृत मार्गों में पकड़ी उदयपुर–छोटकी हरैया, हरेपा सात प्राथमिक विद्यालय–तरकुलहा, पीकापार–परसा, बर्डपुर, ककरहवा, नौगढ़, बरगदी चौराहा, सगरहवा, सेमरी, बहोरवा, कंचनिया दक्षिणी, बैजनाथपुर, टुगौरा, कुसम्ही, मधुबनवा, बरोहिया खालसा, काकोरी, केवलपुर, जयपुर संपर्क मार्ग, धोबहा, चौहानडीह, सजनापार, दैजौली, छितरापार, नौखनिया, फुलवरिया, लोधपुरवा, जगदीशपुर खुर्द–डिहवा, अहिरनडीह, बसहिलिया, पिछौरा, कोल्हुआ दाता सहित कुल 54 मार्ग शामिल हैं।

इन मार्गों की मरम्मत से दूरस्थ गांव भी मुख्य सड़कों से जुड़ेंगे।

सरकार गांव–गरीब–किसान को दे रही प्राथमिकता

विधायक राही ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता दे रही है। सड़क कनेक्टिविटी मजबूत कर विकास को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी स्वीकृत मार्गों पर शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू होगा, जिससे आमजन को राहत मिलेगी।

क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों की बदहाली से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही थी। मरम्मत कार्य शुरू होने से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियां मजबूत होंगी।

सिद्धार्थनगर के KVK सोहना पहुंचे कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, मखाना–स्ट्रॉबेरी खेती देख हुए प्रभावित

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने आज जनपद सिद्धार्थनगर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) सोहना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर संचालित कृषि नवाचार, आधुनिक खेती मॉडल और वैज्ञानिक परियोजनाओं का गहन अवलोकन किया। मंत्री के दौरे को जिले में कृषि विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

मखाना, स्ट्रॉबेरी और उन्नत गेहूं खेती का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री ने

मखाना उत्पादन इकाई

मुर्गी पालन इकाई

लाइन सोइंग पद्धति से गेहूं की खेती

स्ट्रॉबेरी की आधुनिक तकनीकी खेती

का विस्तार से जायजा लिया।

उन्होंने केंद्र के वैज्ञानिकों से उत्पादन तकनीक, जल प्रबंधन, बीज गुणवत्ता और बाजार संभावनाओं को लेकर जानकारी प्राप्त की। मंत्री श्री शाही ने उत्पादन बढ़ाने और लागत घटाने के लिए कई तकनीकी सुझाव भी दिए।

किसानों को आधुनिक खेती अपनाने का संदेश

मौके पर उपस्थित कृषक बंधुओं को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि

“वैज्ञानिक पद्धतियों और आधुनिक कृषि तकनीक को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सकता है।”

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे राज्य सरकार और केंद्र सरकार की कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख हैं —

सांसद जगदंबिका पाल

केन यूनियन चेयरमैन संजय सिंह

मंडल अध्यक्ष विनय पाठक

जयवर्द्धन तिवारी

ए.डी. एक्सटेंशन के.एम. सिंह

जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर

कृषि विभाग के अधिकारी

बड़ी संख्या में किसान

सिद्धार्थनगर में कृषि नवाचार को मिल रहा बढ़ावा

कृषि मंत्री के इस दौरे से स्पष्ट है कि सिद्धार्थनगर में आधुनिक कृषि मॉडल, हाई वैल्यू क्रॉप्स (मखाना, स्ट्रॉबेरी) और वैज्ञानिक खेती पद्धतियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। इससे जिले के किसानों को नई तकनीक और आय के नए स्रोत मिल सकते हैं।

पिपरहवा स्तूप से महोत्सव मंच तक—उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का सिद्धार्थनगर दौरा विकास संदेशों से रहा भरपूर

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य का सिद्धार्थनगर दौरा धार्मिक, सांस्कृतिक और विकास कार्यक्रमों से परिपूर्ण रहा। पिपरहवा स्थित ऐतिहासिक कपिलवस्तु स्तूप पर पूजन, ग्राम चौपाल में जनसंवाद, कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक और सिद्धार्थनगर महोत्सव-2026 के मंच से विकास का विज़न — पूरे दिन कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रही।

पिपरहवा स्तूप पर पूजन, भन्तेगणों से संवाद

उपमुख्यमंत्री ने मा. सांसद जगदम्बिका पाल, विधायक श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान सहित जनप्रतिनिधियों के साथ पिपरहवा स्तूप पर पूजन एवं परिक्रमा की।

इसके बाद संग्रहालय का निरीक्षण किया तथा बौद्ध भन्तेगणों से संवाद कर उन्हें कंबल वितरण किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. और पुलिस अधीक्षक डा. अभिषेक महाजन सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

ग्राम धेन्सा में चौपाल — योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक

विकास खण्ड शोहरतगढ़ के ग्राम धेन्सा में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने कहा:

“मनरेगा समाप्त नहीं हुई है। ‘जी-रामजी’ योजना लागू होने तक मनरेगा चलती रहेगी। पात्रों को आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान गोल्डन कार्ड व अन्य योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।”

उन्होंने बताया कि अब सभी लाभार्थियों को डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे खाते में धनराशि मिल रही है, जिससे भ्रष्टाचार पर रोक लगी है।

कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।

कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक

उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि:

पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से मिले

किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार न हो

विकास योजनाओं की गति तेज की जाए

बैठक में सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सिद्धार्थनगर महोत्सव-2026 के तीसरे दिन का शुभारंभ

उपमुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन कर माँ सरस्वती एवं गौतम बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ महोत्सव के तीसरे दिन का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में सरस्वती वंदना और लोकगीत प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक वातावरण को जीवंत कर दिया।

बुद्ध की धरती से विश्व शांति का संदेश

महोत्सव मंच से उपमुख्यमंत्री ने कहा:

पिपरहवा विश्व का प्रमुख बौद्ध तीर्थ है

बुद्ध का संदेश शांति और अहिंसा का है

बौद्ध स्थलों को सड़क, रेल व हवाई मार्ग से जोड़ा जा रहा है

सिद्धार्थनगर को पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाया जाएगा

उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनेगा और सिद्धार्थनगर अग्रणी जनपदों में शामिल होगा।

काला नमक चावल जोन का अवलोकन

उपमुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध काला नमक चावल जोन का भी निरीक्षण किया और इसकी वैश्विक ब्रांडिंग पर जोर दिया।

जनप्रतिनिधियों ने बताया ऐतिहासिक दौरा

सांसद जगदम्बिका पाल ने इसे जनपद के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया।

विधायक श्यामधनी राही, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय व जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने भी स्वागत भाषण दिए।

सम्मान और समापन

जिलाधिकारी द्वारा उपमुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि, पूर्व विधायक, पार्टी पदाधिकारी व अधिकारी उपस्थित रहे।

सिद्धार्थनगर में भाजपा संगठनात्मक बैठक, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भरा कार्यकर्ताओं में जोश

सिद्धार्थनगर। भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान की अध्यक्षता में आयोजित संगठनात्मक बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे, आगामी कार्यक्रमों और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

SIR मुद्दे पर गंभीर चर्चा, पदाधिकारियों को दिए निर्देश

बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से SIR से जुड़े विषयों पर गहन चर्चा की। उन्होंने पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण पर निर्भर करती है।

भाषण से कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह

अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने पार्टी की नीतियों, उपलब्धियों और संगठन की भूमिका पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं और संगठन की मजबूती से ही विकास का लक्ष्य पूरा होगा।

वरिष्ठ नेताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति

बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिला प्रभारी हरि चरण कुशवाहा, सांसद जगदंबिका पाल, विधायक श्यामधनी राही, पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी, पूर्व विधायक राघवेंद्र सिंह, जिला मीडिया प्रभारी निशांत पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह, सहकारी बैंक अध्यक्ष कुंवर विक्रम सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव, नरेंद्र मणि त्रिपाठी, साधना चौधरी, राम कुमार कुंवर, लाल जी त्रिपाठी सहित अनेक जिला व मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।

नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव

नरेंद्र मणि त्रिपाठी, साधना चौधरी, राम कुमार कुंवर, लाल जी त्रिपाठी सहित जिला व मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी

संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला संगठन की सक्रिय भूमिका रही।

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।