फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
यशवंत हत्याकांड में तीन और महिलाएं गिरफ्तार, पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

एसओजी, सर्विलांस और वाल्टरगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई*

*मृतक की चेकबुक, एटीएम, मोबाइल और बाइक बरामद*

बस्ती : वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में सड़क किनारे मिले संविदाकर्मी यशवंत कुमार के शव के मामले में पुलिस ने तीन और महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार राय के नेतृत्व में वाल्टरगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीनों को मंगलवार को करीब 9:58 बजे नगर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित लोहरैया मोड़ से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड में इससे पहले 12 सितंबर को दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस तरह मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रीमा (26), शीला (20) दोनों पुत्रियां स्व. श्रीपत निवासी कौड़ीकोल, थाना कप्तानगंज, बस्ती तथा गुड़िया (23) पुत्री जगन्नाथ चौधरी निवासी खड़ौवाखुर्द, थाना नगर, बस्ती के रूप में हुई है।

*मृतक की चेकबुक और एटीएम समेत सामान बरामद*

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो एंड्राइड मोबाइल फोन, मृतक यशवंत कुमार की केनरा बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा की दो चेकबुक, एसबीआई का एटीएम कार्ड, मृतक की दो फोटो तथा पैशन प्रो मोटरसाइकिल संख्या UP51AN4255 बरामद की है।

*ड्यूटी से लौटने के बाद हो गया था लापता*

पुलिस के अनुसार, यशवंत कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम की निर्माण इकाई गोरखपुर में संविदा पर नौकरी करता था। आठ सितंबर को वह अपने मामा के बेटे अंकित कुमार के साथ मोटरसाइकिल से ड्यूटी गया था। शाम करीब 7:30 बजे दोनों नगर बाजार पहुंचे, जहां से अंकित अपने घर चला गया। इसके बाद यशवंत घर नहीं पहुंचा।

अगले दिन नौ सितंबर को उसकी मोटरसाइकिल दुबौलिया-बैरागल के किनारे पड़ी मिली, जबकि यशवंत का शव वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में धमौरा के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। परिजनों ने शव की पहचान की। इसके बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंकने और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में सुराग मिले। इसके बाद पहले दो आरोपियों की गिरफ्तारी की गई और अब तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।