फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
सलेमपुर ओवरब्रिज के नीचे रेलवे कार्य में घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल होने का आरोप, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

देवरिया,सलेमपुर। सलेमपुर रेलवे स्टेशन के दक्षिण स्थित ओवरब्रिज के नीचे चल रहे ढाला बंद करने के कार्य को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्रीय लोगों द्वारा आरोप लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सुरक्षा मानकों और नियमों को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आई हैं।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू उपयोग के लिए मिलने वाले सिलेंडरों का इस्तेमाल निर्माण कार्य में किया जाना कई सवाल खड़े करता है। आम जनता जहां गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और उपलब्धता की समस्या से जूझ रही है, वहीं सरकारी और निर्माण कार्यों में इनके उपयोग की चर्चा लोगों के बीच नाराजगी का कारण बन रही है।

 

मामले को लेकर यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या संबंधित विभागों द्वारा कार्यों की निगरानी सही ढंग से की जा रही है या नहीं। लोगों का कहना है कि रेलवे क्षेत्र जैसे संवेदनशील स्थान पर गैस सिलेंडरों का प्रयोग सुरक्षा की दृष्टि से जोखिम भरा साबित हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में संबंधित विभाग या ठेकेदार की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

FT NEWS DIGITAL

“सच के साथ, हर खबर आपके पास”

मेडिकल कॉलेज में डीएम का औचक निरीक्षण, अनावश्यक रेफर पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

देवरिया। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड, एमसीएच विंग, चिल्ड्रेन वार्ड और ओपीडी सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई।

 

डीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत कर इलाज, दवा और साफ-सफाई की स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

एमसीएच विंग में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस किया। उन्होंने स्टाफ नर्स से मदर एंड चाइल्ड प्रोटेक्शन कार्ड की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य रिकॉर्ड का नियमित परीक्षण किया जाए ताकि किसी भी जटिल स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

 

सबसे अहम बात यह रही कि जिलाधिकारी ने मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर किए जाने के मामलों पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि बिना ठोस कारण मरीजों को रेफर करने की शिकायत मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का जोर इस बात पर रहा कि मरीजों को मेडिकल कॉलेज में ही बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।

 

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, दवा उपलब्धता और इमरजेंसी सेवाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान डॉ. आर.के. श्रीवास्तव सहित अन्य चिकित्साकर्मी मौजूद रहे।

 

FT NEWS DIGITAL

“सच के साथ, हर खबर आपके पास”

डीएम का गौरी बाजार सीएचसी पर औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार के सख्त निर्देश

देवरिया। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को गौरी बाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई, दवा वितरण, चिकित्सकीय सेवाओं, प्रसव केंद्र तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।

 

डीएम ने उपस्थिति पंजिका की जांच करते हुए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को समय से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है और इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि प्रत्येक मरीज का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रसव केंद्र में अधिक से अधिक सुरक्षित डिलीवरी कराने तथा प्रसूताओं को मिलने वाली सभी सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

 

डीएम ने कहा कि अस्पताल की सभी स्वास्थ्य सेवाएं नियमित और सुचारु रूप से संचालित रहनी चाहिए ताकि ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े। प्रशासन की इस सक्रियता से स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज देखी जा रही है।

 

FT NEWS DIGITAL

“सच के साथ, हर खबर आपके पास”

बारातियों ने सड़क पर की हुल्लड़बाजी, गाड़ी की बोनट पर चढ़कर उड़ाए नोट, लगा जाम

देवरिया : रविवार की रात एक बारात में शामिल बारातियों ने जमकर हुड़दंग किया। गाड़ियों के बोनट व छत पर चढ़कर आतिशबाजी करने के बाद उन्होंने जमकर नोट उड़ाया। जिसके चलते शहर में जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। मौके पर पहुंची कोतवाली व यातायात पुलिस ने मोर्चा संभाला और फिर जाम की समस्या से लोगों को राहत मिली। यातायात पुलिस ने इस मामले में दो वाहनों का 13500 रुपए चालान काटा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

जानकारी के अनुसार रविवार की रात कसया रोड पर एक बारात निकली थी। आगे-आगे रोड लाइट के साथ दूल्हा चल रहा था। उसके पीछे बाराती वाहनों के बोनट व छत पर सवार हो गए और आतिशबाजी करने के साथ ही रुपये की गड्डी उड़ाने लगे। जिसके चलते शहर में जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। बारात कसया रोड स्थित एक मैरेज हाल में जा रही थी। जाम की समस्या उत्पन्न होते ही मौके पर पुलिस पहुंची और किसी तरह लोगों को हटाकर आवागमन बहाल कराया।

वहीं इसे लेकर यातायात उप निरीक्षक गुलाब सिंह ने बताया कि कुछ युवक बारात में जाते समय वाहन के छत पर चढ़ गए थे। जाम की समस्या से निजात दिलाया गया। मैरेज हाल संचालकों को आए दिन नोटिस भी पार्किंग के लिए दिया जा रहा है। इस मामले में एक वाहन का 12 हजार और एक का 1500 रुपये चालान भी काटा गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग इसे लेकर प्रतिक्रिया दे रहे है। यूजर बारातियों की आलोचना के साथ ही पुलिस कार्यवाही को सही ठहरा रहे हैं।

होली पर देवरिया में हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस – सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण रहा त्योहार

देवरिया।
रंगों के पर्व होली को लेकर जनपद देवरिया में प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय दिखाई दिया। त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई और कई स्थानों पर लगातार गश्त कराई गई।
प्रशासन की ओर से पहले ही शांति समिति की बैठकें आयोजित कर लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की गई थी। त्योहार के दिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र का निरीक्षण करते रहे ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
सूत्रों के अनुसार जिले में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रही। कई स्थानों पर पुलिस की मोबाइल टीमें लगातार भ्रमण करती रहीं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।
इसी दौरान कुछ जगहों पर युवाओं की भीड़ और जुलूस के कारण थोड़ी देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया। प्रशासन ने साफ कहा है कि त्योहार के नाम पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
होली के दौरान जिले के अधिकांश हिस्सों में लोगों ने रंग-गुलाल और ढोलक की थाप के साथ उत्साहपूर्वक त्योहार मनाया। वहीं प्रशासन की सक्रियता के कारण पूरे जिले में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा।

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।