फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
24 घंटे में चोरी का खुलासा: जोगिया उदयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शातिर चोर गिरफ्तार

सिद्धार्थनगर, 16 अप्रैल 2026। जनपद के थाना जोगिया उदयपुर पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस टीम ने एक शातिर चोर और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान और नकदी बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार एवं क्षेत्राधिकारी बाँसी सुबेन्दू सिंह के नेतृत्व में थानाध्यक्ष अभय सिंह की टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस ने मुकदमा संख्या 48/2026 धारा 305(A) बीएनएस में वांछित अभियुक्त जितेन्द्र (24 वर्ष), निवासी ग्राम हरैया, थाना जोगिया उदयपुर को एक बाल अपचारी के साथ पकड़ी रोड के पास गिरफ्तार किया।

बरामद हुआ सामान:

पुलिस ने आरोपियों के पास से सरसों तेल, रिफाइंड तेल, चाय पत्ती, सॉस सहित कुल दर्जनों सामान के पैकेट और ₹7130 नगद बरामद किए।

🗣️ पूछताछ में खुलासा:

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे जोगिया क्षेत्र की दुकानों से चोरी कर सामान को सस्ते दामों पर राहगीरों को बेच देते थे और उसी से अपने खर्च चलाते थे। घटना के दिन भी वे चोरी का सामान बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

पुलिस टीम को मिली सराहना:

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक जानार्दन यादव, हेड कांस्टेबल श्रीनंद यादव, हेड कांस्टेबल हेमंत सिंह और कांस्टेबल राजाराम राजभर की अहम भूमिका रही।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।

“42 लाख का जमीन घोटाला! रिटायर्ड कर्मचारी ठगे गए?”

“चार दलालों के खिलाफ FIR, पुलिस जांच में जुटी”


सिद्धार्थनगर जिले में जमीन के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।

रिटायर्ड कर्मचारी रमेश चंद्र ने बताया कि उन्हें बेहतरीन जमीन दिलाने का भरोसा दिलाते हुए आरोपियों ने लगभग 42 लाख रुपये ले लिए।

पीड़ित के मुताबिक, दलालों ने उन्हें अलग-अलग जमीन दिखाकर भ्रमित किया। जब उन्होंने रजिस्ट्री की बात की, तो आरोपियों ने बार-बार समय टाल दिया।

जांच में पता चला कि जिस जमीन को दिखाया गया था, उसका स्वामित्व किसी और के नाम पर है।

मजबूर होकर पीड़ित ने सिद्धार्थनगर कोतवाली में चार दलालों के खिलाफ FIR दर्ज कराई और न्याय की गुहार लगाई।

इस पूरे प्रकरण पर पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।

साथ ही, राज्य सरकार लगातार जमीन घोटालों पर सख्ती बरतने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने का संदेश देती रही है।

पीड़ित परिवार का बयान 

“मेरे पापा ने अपनी मेहनत की कमाई जमीन में लगाने का भरोसा किया।

उन्होंने लगभग 42 लाख रुपये ले लिए, लेकिन न तो जमीन दी और न ही पैसा वापस किया गया।

अब हमने मजबूर होकर FIR दर्ज कराई है और न्याय की उम्मीद कर रहे हैं।”

शुभांगी, पीड़ित की बेटी

रिटायर्ड कर्मचारी से कथित ₹42 लाख ठगे गए

जमीन रजिस्ट्री नहीं हुई, दलाल टालमटोल करते रहे

चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

पुलिस जांच में जुटी, तथ्य उजागर होने का इंतजार

सरकार ने धोखाधड़ी पर सख्त कार्रवाई का संदेश दिया

माटीकला से रोजगार का मौका: मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के लिए आवेदन आमंत्रित

सिद्धार्थनगर | ब्यूरो रिपोर्ट (FT News Digital)

जनपद सिद्धार्थनगर में युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से उ0प्र माटीकला बोर्ड द्वारा “मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना” के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना के जरिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के नवयुवक एवं नवयुवतियों को कुम्हारी (माटीकला) से जुड़े विभिन्न व्यवसायों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस योजना के अंतर्गत खिलौना निर्माण, घरेलू उपयोग की वस्तुएं जैसे—घड़ा, सुराही, कुल्हड़, गिलास, कटोरी, अचारदानी, कप-प्लेट आदि तथा सजावटी सामान जैसे—गुलदस्ता, गार्डन पॉट्स, बोनसाई पॉट्स और लैम्प आदि बनाने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी।
18 से 55 वर्ष तक के लोग कर सकते हैं आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए। परंपरागत कारीगरों को इस योजना में प्राथमिकता दी जाएगी।
10 लाख तक का ऋण और 25% सब्सिडी
योजना के तहत अधिकतम 10 लाख रुपये तक की परियोजना लागत पर बैंक से ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें पूंजीगत ऋण पर 25 प्रतिशत तक मार्जिन मनी अनुदान (सब्सिडी) राज्य सरकार द्वारा दिया जाएगा, जिससे लाभार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।
ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य
इच्छुक अभ्यर्थी उ0प्र माटीकला बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट
upmatikalaboard.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
साथ ही आवेदन की हार्ड कॉपी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, विकास भवन (द्वितीय तल), सिद्धार्थनगर में जमा करनी होगी।
जरूरी दस्तावेज
आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, जाति, निवास, शैक्षिक/तकनीकी प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, प्रोजेक्ट रिपोर्ट एवं बैंक पासबुक की छाया प्रति जमा करना अनिवार्य है।
30 मई 2026 अंतिम तिथि
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 मई 2026 निर्धारित की गई है। चयन प्रक्रिया स्कोर कार्ड के आधार पर की जाएगी।
कारीगरों का होगा पंजीकरण
इसके अलावा विभाग द्वारा माटीकला से जुड़े कारीगरों और उनके परिवारों का चिन्हांकन भी किया जा रहा है। ऐसे सभी शिल्पकार विभाग में पंजीकरण कराकर योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।
संपर्क करें
अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9580503136 एवं 9453938215 पर संपर्क किया जा सकता है।


 

प्रेम के लिए टंकी पर चढ़ी युवती, दो घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा

गीडा/पिपरौली (गोरखपुर), संवाददातागी


गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद को लेकर पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। करीब दो घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।


गीडा थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवती अपने प्रेमी से विवाह की जिद को लेकर पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का खजनी क्षेत्र के एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिजनों ने युवती की शादी कहीं और तय कर दी, जिससे नाराज होकर वह घर से निकल गई और थाने के समीप स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई।


प्रेम-प्रसंग बना तनाव की वजह

 परिजनों ने तय की थी दूसरी जगह शादी

 पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा


टंकी पर चढ़कर युवती जोर-जोर से चिल्लाने लगी और अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी। यह दृश्य देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई।

करीब दो घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए युवती को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद युवती अंततः नीचे उतरने के लिए राजी हो गई।

नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और थाने ले जाकर काउंसलिंग की। बाद में परिजनों को बुलाकर युवती को उनके सुपुर्द कर दिया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में अब तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, हालांकि स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

 

“स्व. प्रवीण कुमार IPS की पुण्यतिथि पर बांसी में रक्तदान शिविर आयोजित”

सिद्धार्थनगर जनपद के बांसी स्थित 50 शैय्या युक्त संयुक्त चिकित्सालय में बुधवार को स्वर्गीय प्रवीण कुमार (IPS) की पुण्यतिथि के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आईपीएस प्रवीण कुमार ट्रस्ट के तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेविका पूजा पाल द्वारा स्वर्गीय प्रवीण कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया।

रक्तदान शिविर में युवाओं व स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संदीप निषाद, अभिषेक प्रताप सिंह, प्रेम सागर निषाद, सदावृक्ष निषाद, अजय साहनी सहित कई लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

इस अवसर पर मरीजों को फल वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में कोतवाली प्रभारी मृत्युंजय पाठक अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। वहीं चिकित्सकीय व्यवस्था में सीएमएस उजेर अतहर, डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. अश्वनी चौधरी, डॉ. मनोज चौधरी एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र तिवारी, नारायण स्वरूप पाठक, अनुपमा सिंह दूबे, नंदनी कश्यप, प्रिंस पाल, अमरेंद्र सिंह, घनश्याम जायसवाल, जया निषाद सहित अन्य गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अंबेडकर जयंती पर सकारपार में निकला भव्य जुलूस

सकारपार (सिद्धार्थनगर)। भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर बांसी तहसील क्षेत्र के सकारपार चौराहे से एक भव्य जुलूस निकाला गया। इस दौरान युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था और पूरा क्षेत्र “बाबा साहेब अमर रहें”, “बाबा साहेब जिंदाबाद” जैसे नारों से गूंज उठा।

युवाओं ने संभाली कमान, दिखा उत्साह

जुलूस में बड़ी संख्या में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में झंडे और बैनर लेकर चल रहे युवाओं ने पूरे मार्ग में जोश और उत्साह का प्रदर्शन किया। “जब तक सूरज-चांद रहेगा, बाबा साहेब तेरा नाम रहेगा” जैसे नारों ने माहौल को पूरी तरह प्रेरणादायक बना दिया।

इन मार्गों से होकर गुजरा जुलूस

यह भव्य रैली सकारपार चौराहे से शुरू होकर कोटिया,पेडारी होते हुए कलनाखोर चौराहे तक पहुंची। रास्ते भर स्थानीय लोगों ने भी जुलूस का स्वागत किया और बड़ी संख्या में इसमें शामिल होते गए।

क्षेत्रीय लोगों की रही सक्रिय भागीदारी

इस आयोजन में सिर्फ युवा ही नहीं बल्कि क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। इससे सामाजिक एकता और जागरूकता का मजबूत संदेश गया।

बाबा साहेब के विचारों को किया याद

इस अवसर पर लोगों ने बाबा साहेब के समानता, शिक्षा और अधिकारों के विचारों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके बताए रास्ते पर चलकर ही समाज में वास्तविक बदलाव संभव है। इस अवसर पर मास्टर राम जतन, रविकांत, एडवोकेट राजेश राव, अशोक कुमार, दिनेश कुमार बौद्ध, ज्वाला प्रसाद, गैस प्रसाद, डॉ विपिन राव, धर्मवीर गौतम, शुभकरन आदि लोग उपस्थित रहें।

अंबेडकर जयंती पर सकारपार से निकला भव्य जुलूस

सकारपार (सिद्धार्थनगर)। भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर बांसी तहसील क्षेत्र के सकारपार चौराहे से एक भव्य जुलूस निकाला गया। इस दौरान युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था और पूरा क्षेत्र “बाबा साहेब अमर रहें”, “बाबा साहेब जिंदाबाद” जैसे नारों से गूंज उठा।

युवाओं ने संभाली कमान, दिखा उत्साह

जुलूस में बड़ी संख्या में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में झंडे और बैनर लेकर चल रहे युवाओं ने पूरे मार्ग में जोश और उत्साह का प्रदर्शन किया। “जब तक सूरज-चांद रहेगा, बाबा साहेब तेरा नाम रहेगा” जैसे नारों ने माहौल को पूरी तरह प्रेरणादायक बना दिया।

इन मार्गों से होकर गुजरा जुलूस

यह भव्य रैली सकारपार चौराहे से शुरू होकर कोटिया,पेडारी होते हुए कलनाखोर चौराहे तक पहुंची। रास्ते भर स्थानीय लोगों ने भी जुलूस का स्वागत किया और बड़ी संख्या में इसमें शामिल होते गए।

क्षेत्रीय लोगों की रही सक्रिय भागीदारी

इस आयोजन में सिर्फ युवा ही नहीं बल्कि क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। इससे सामाजिक एकता और जागरूकता का मजबूत संदेश गया।

बाबा साहेब के विचारों को किया याद

इस अवसर पर लोगों ने बाबा साहेब के समानता, शिक्षा और अधिकारों के विचारों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके बताए रास्ते पर चलकर ही समाज में वास्तविक बदलाव संभव है। इस अवसर पर मास्टर राम जतन, रविकांत, एडवोकेट राजेश राव, अशोक कुमार, दिनेश कुमार बौद्ध, ज्वाला प्रसाद, गैस प्रसाद, डॉ विपिन राव, धर्मवीर गौतम, शुभकरन आदि लोग उपस्थित रहें।

इटवा में गैस सिलिंडर चोरी का पर्दाफाश, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

संयुक्त कार्रवाई में छह सिलिंडर बरामद, चोरी में इस्तेमाल औजार भी मिला
इटवा | विशेष रिपोर्ट
इटवा क्षेत्र में हाल ही में हुई गैस सिलिंडर चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उसके पास से चोरी किए गए छह घरेलू गैस सिलिंडर और वारदात में इस्तेमाल किया गया उपकरण भी बरामद किया गया।
घटना कुछ दिन पहले एक गैस गोदाम में हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। स्थानीय पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने मिलकर सुराग जुटाए और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
सूचना के आधार पर कार्रवाई
जांच के दौरान मिली अहम जानकारी के आधार पर पुलिस ने सगराजोत इलाके के पास से एक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से सभी सिलिंडर बरामद कर लिए गए।
कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की जांच भी जारी है ताकि इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
:
तेज कार्रवाई, सटीक जांच—पुलिस ने चोरी का राज खोला, सामान भी बरामद।

सेखुई में वार्षिकोत्सव सम्पन्न, सेवानिवृत्त शिक्षक का हुआ सम्मान

उस्का बाजार। विकास खंड उस्का बाजार के उच्च प्राथमिक विद्यालय सेखुई में सोमवार को वार्षिकोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी ओपी मिश्र एवं विशिष्ट अतिथि वार्ड सभासद प्रतिनिधि अभिषेक त्रिपाठी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षक दिनेश मिश्र को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। दिनेश मिश्र ने अपने शिक्षकीय जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन और परिश्रम का महत्व बताया। खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के लिए प्रेरित किया। अभय श्रीवास्तव के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में रूपेश सिंह, सुभाष जायसवाल सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे।प्रभारी प्रधानाध्यापिका माहेंजबी अंसारी ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उर्मिला मिश्रा,हरिशंकर सिंह, राकेश सिंह, गुलाब चंद, सीमा सिंह, अनुश्री दूबे, मुक्ता मिश्रा, अभिषेक मिश्र, जितेंद्र पांडेय, उमेश पांडेय व शैलेष साहनी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मोहसिन किदवई की मृत्यु पर शोक

डुमरियागंज 13 अप्रैल/

पूर्व केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष मोहसिना किदवई जी के निधन पर आज जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा डुमरियागंज ब्लॉक के हल्लौर में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने की।

 

इस अवसर पर कांग्रेस जनों ने स्वर्गीय मोहसिना किदवई जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

 

इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि स्वर्गीय मोहसिना किदवई जी कांग्रेस पार्टी की एक समर्पित, कर्मठ एवं दूरदर्शी नेता थीं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में समाज के सभी वर्गों, विशेषकर अल्पसंख्यकों, महिलाओं एवं कमजोर तबकों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सादगीपूर्ण जीवन, संगठन के प्रति निष्ठा एवं सेवा भावना हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

 

जिला उपाध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि उनके निधन से कांग्रेस पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। हम सभी कांग्रेसजन उनके बताए मार्ग पर चलकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं।

 

शोक सभा में जिला महासचिव आसिफ़ रिज़्वी, कोषाध्यक्ष रियाज़ मनिहार, ब्लाक अध्यक्ष मुकेश चौबे, जाकिर खान, सईद मालिक, राहुल श्रीवास्तव, बदलू हसन, गुलाम गौस, सौखी, राहुल श्रीवास्तव,इदरीस, कनिकराम, मोहम्मद जमन, मंजर अब्बास, इंतजार रिज़्वी, हैदर अंसारी, जुगुल किशोर, सुट्टूर सहित तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

क़ाज़ी सुहेल अहमद

जिला अध्यक्ष

जिला कांग्रेस कमेटी सिद्धार्थनगर

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।