फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
पुलिस को चकमा देकर इनामी आरोपी ने किया सरेंडर

खेसरहा, सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर के खेसरहा थाना क्षेत्र के बनोहिया बुजुर्ग गांव में हुए चर्चित मनोज गौतम हत्याकांड में मुख्य आरोपी हरिओम ने पुलिस को चकमा देते हुए न्यायालय में सरेंडर कर दिया। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन वह गिरफ्त से बाहर रहा और अंततः कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।
यह सनसनीखेज वारदात 7 फरवरी की सुबह हुई थी, जब बनोहिया बुजुर्ग निवासी 33 वर्षीय मनोज कुमार गौतम को लोहे की रॉड से पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। घटना के दूसरे दिन ही पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी हरिओम फरार चल रहा था।
🟥 क्या था पूरा मामला?
करीब एक माह पहले हरिओम और मनोज के बीच एक मामूली विवाद हुआ था। जानकारी के अनुसार, हरिओम अपनी परिचित कलावती को इलाहाबाद स्नान के लिए छोड़कर लौट रहा था। इसी दौरान मनोज के ई-रिक्शा से उसकी बाइक की टक्कर हो गई, जिससे दोनों के बीच कहासुनी और रंजिश बढ़ गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि इसी रंजिश के चलते हरिओम ने अपने पिता अनिल और मुंबई में रहने वाले भाई सुजीत को बुलाकर मनोज की हत्या की साजिश रची। 7 फरवरी की सुबह जब मनोज रोज की तरह दूध बेचने निकला, तो रास्ते में एक महिला सहित पांच लोगों ने उसे घेर लिया और सिर पर लोहे की रॉड से वार किए। गंभीर रूप से घायल मनोज को आरोपी मरा समझकर मौके पर छोड़कर फरार हो गए। कुछ देर बाद मनोज ने दम तोड़ दिया।
🟥 10 हजार का इनाम घोषित
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में तेजी लाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने हरिओम पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बावजूद पुलिस को चकमा देते हुए उसने बृहस्पतिवार को न्यायालय में सरेंडर कर दिया।
इस संबंध में खेसरहा थाना प्रभारी अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी पर घोषित इनाम की कार्रवाई की गई थी और अब न्यायालय की प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Views: 212

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।