फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
अभयदाता मंदिर मार्ग पर समाजसेवियों ने लगवाई स्ट्रीट लाइटें, पर्यटन स्थल घोषित करने की उठाई मांग

 

 

रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बालापुर स्थित प्रसिद्ध अभयदाता मंदिर के सामने लगभग एक किलोमीटर लंबे मार्ग पर समाजसेवी विवेक मिश्रा उर्फ पल्लू मिश्रा एवं उनके सहयोगियों दीपू सिंह,शैलेंद्र अग्निहोत्री सहित अन्य लोगों के सहयोग से स्ट्रीट लाइटें लगवाई गई हैं। इस पहल से क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों को रात के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था का लाभ मिलने लगा है।

 

समाजसेवी विवेक मिश्रा ने बताया कि अभयदाता मंदिर क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। लंबे समय से इस मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता था। इसे देखते हुए जनसहयोग से सड़क किनारे स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य कराया गया है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को सुविधा मिल सके।

 

उन्होंने कहा कि अभयदाता मंदिर क्षेत्र धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है। यहां दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु आते हैं। इसी कारण उत्तर प्रदेश सरकार से इस क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की गई है। उनका कहना है कि यदि सरकार इस दिशा में पहल करती है तो क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।

 

गौरतलब है कि इसी बालापुर-अभयदाता मंदिर मार्ग को लेकर पिछले 24 घंटों के भीतर राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली है। सड़क निर्माण के प्रस्तावित कार्य के शिलान्यास को लेकर सदर विधायक अदिति सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से सक्रिय नजर आए। सोमवार को सदर विधायक द्वारा सड़क निर्माण से पूर्व हवन-पूजन किया गया था, जबकि मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से भी इसी सड़क को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इससे सड़क निर्माण के श्रेय को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

 

इसी बीच समाजसेवियों द्वारा कराई गई स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और पर्यटन स्थल की मांग ने क्षेत्र के विकास संबंधी मुद्दों को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

विवेक मिश्रा उर्फ पल्लू मिश्रा (समाजसेवी) ने कहा

“अभयदाता मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हमने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें लगवाई हैं। हमारी मांग है कि सरकार इस धार्मिक स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करे, जिससे क्षेत्र का समुचित विकास हो सके और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।”

कराटे आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन प्रतिभागियों एवं प्रशिक्षकों को किया गया सम्मानित

 

 

रायबरेली। कराटे एसोसिएशन रायबरेली द्वारा पुलिस अधीक्षक रायबरेली के निर्देशन में पुलिस लाइन परिसर में अधिकारी एवं कर्मचारियों के बच्चों के लिए आयोजित कराटे मार्शल आर्ट्स एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आज किरन बहुउद्देशीय हॉल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सफलतापूर्वक समापन हो गया। समापन समारोह में बच्चों ने कराटे एवं आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रभावशाली प्रदर्शन कर उपस्थित अधिकारियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।

शिविर के दौरान मुख्य प्रशिक्षक मास्टर राकेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में बच्चों को आत्मरक्षा, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं शारीरिक फिटनेस का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बांटे प्रमाण पत्र

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक रायबरेली द्वारा शिविर में सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले बच्चों में कर्तव्य, सारा, मनन, मान्या, अर्पिता, शाहिन बानो, दिव्यांश, अयांश, अथर्व, दिव्यांश, यश, यशी, तन्वी, दिव्यांशु, यति, अरना, कायरा, आयुषी, सुमित, शाश्वत, प्रांजल, पिहू, हर्ष, नीतिका, आयुष, महाविष, सूरज, निखिल, श्रेया, रौनक, सपना, आयुषी, अवनी, प्रतीक्षा, आर्यवर्धन, तृषा, अन्वी, कृष्णा, गौरी, माही, वैष्णवी, अनिरुद्ध, ओमिशा, शिवानी, मोहम्मद इम्तियाज अली एवं सृष्टि शामिल रहे।

समर्पण के लिए प्रशिक्षक भी हुए सम्मानित

समारोह में शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक रायबरेली द्वारा मुख्य प्रशिक्षक मास्टर राकेश कुमार गुप्ता तथा सहायक प्रशिक्षक रितिका गुप्ता, क्षितेंद्र शास्त्री एवं आशीष जायसवाल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सभी प्रशिक्षकों के समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रशिक्षण कार्य की सराहना करते हुए उनके योगदान को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।

आत्मरक्षा आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा प्रशिक्षण बच्चों के लिए अत्यंत आवश्यक है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर न केवल बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं।

मुख्य प्रशिक्षक मास्टर राकेश कुमार गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कराटे केवल आत्मरक्षा की कला नहीं बल्कि व्यक्तित्व विकास का एक सशक्त माध्यम है। नियमित अभ्यास से बच्चे शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनते हैं तथा जीवन की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम होते हैं।

कार्यक्रम के अंत में कराटे एसोसिएशन रायबरेली की ओर से पुलिस विभाग, सभी अधिकारियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागी बच्चों का आभार व्यक्त किया गया। पूरे समारोह का वातावरण उत्साह, गर्व एवं सम्मान से परिपूर्ण रहा तथा बच्चों की उपलब्धियों पर सभी ने हर्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर आर आई मैनेजर दूबे, प्रियंका भारद्वाज, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।

_*माध्यमिक शिक्षा विभाग की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान*_ _*मा० मंत्री मनोज पाण्डेय ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित*_ _*छात्र/छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और लगन के बल पर न केवल अपना नाम रोशन किया, बल्कि अपने माता-पिता, विद्यालय, शिक्षकों तथा पूरे जनपद का गौरव भी है बढ़ाया – डॉ0 मनोज कुमार पाण्डेय*_ _*सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना – मा0 मंत्री*_

 

 

 

रायबरेली माध्यमिक शिक्षा विभाग की परीक्षाओं में उच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र/छात्राओं का सम्मान समारोह का आयोजन लोक भवन सभागार लखनऊ में आयोजित किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मा0 मुख्यमंत्री उ0प्र0 योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रतिभाग कर उच्च अंक प्राप्त करने वाले 1,682 छात्र/छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं प्रधानाचार्याें को  सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में जनपद में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन स्थित महात्मा गांधी सभागार में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा० मंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग उ०प्र० सरकार डॉ० मनोज कुमार पाण्डेय द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह उपस्थित रहें।

कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया व उनके उद्बोधन को सुना गया।

इसके पश्चात माध्यमिक शिक्षा विभाग की परीक्षाओं में उच्च अंक प्राप्त करने वाले हाईस्कूल के 07 एवं इण्टरमीडिएट के 14 छात्र/छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र व रुपये 21 हजार का डमी चेक देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त जनपद के प्रदेश में 6वॉ स्थान प्राप्त करने वाली हाईस्कूल की तनु जायसवाल (96.83 प्रति0), प्रदेश में 08वॉ स्थान प्राप्त करने वाले सर्वेश कुमार मिश्रा (96.50 प्रति0) एवं अभिषी साहू (96.50 प्रति0) राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मा0 मंत्री जी द्वारा हाईस्कूल के मेधावी छात्र/छात्राएं दृष्टि गुप्ता (95.50 प्रति0), सोनाली सिंह (95.50 प्रति0), अंशी (95.33 प्रति0), आंचल शुक्ला (95.17 प्रति0), मुस्कान सिंह (95.17 प्रति0), रिया पटेल (95.00 प्रति0), प्राची वैश्य (95.00 प्रति0) को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार इण्टरमीडिएट मेधावी छात्र/छात्राएं नन्दनी गुप्ता (93.80 प्रति0), जया शुक्ला (93.40 प्रति0), वैष्णवी (92.60 प्रति0), अभिषेक अवस्थी (92.40 प्रति0), दिव्यांशी मौर्या (92.40 प्रति0), शुभ सिंह (92.00 प्रति0), अद्वैत अवस्थी (92.00 प्रति0), उम्मे हबीबा (91.80 प्रति0), आर्या पटेल (91.80 प्रति0), तृप्ति शुक्ला (91.20 प्रति0), अभिनव (91.20 प्रति0), खिलय पाण्डेय (91.20 प्रति0), अर्पित मौर्य (91.20 प्रति0), निधि श्रीवास्तव (91.20 प्रति0) को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मा० मंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि आज जिन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा रहा है, उन्होंने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और लगन के बल पर न केवल अपना नाम रोशन किया है, बल्कि अपने माता-पिता, विद्यालय, शिक्षकों तथा पूरे जनपद का गौरव भी बढ़ाया है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मा० मंत्री ने कहा कि शिक्षा किसी भी व्यक्ति के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होती है और परिश्रम सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहें। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम ही व्यक्ति को उसके निर्धारित मुकाम तक पहुंचाता है तथा जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने की शक्ति प्रदान करता है।

उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में हुए सकारात्मक परिवर्तनों का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व की तुलना में आज विद्यालयों में संसाधनों की स्थिति काफी बेहतर हुई है। पहले जहां विद्यालयों में आवश्यक संसाधनों का अभाव देखने को मिलता था, वहीं वर्तमान समय में विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षण सामग्री एवं अन्य आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं, जिनका लाभ उठाकर छात्र-छात्राएं बेहतर शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और उत्कृष्ट परिणाम अर्जित कर रहे हैं।

मा० मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा का पूर्ण विकास कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान है।

उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों की सफलता के पीछे उनके अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना की तथा कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियों में उनके माता-पिता और गुरुजनों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने सभी शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और समर्पण के कारण विद्यार्थी निरंतर सफलता प्राप्त कर रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके अथक परिश्रम, आत्मविश्वास और निरंतर अध्ययन का परिणाम है। उन्होंने सम्मानित छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में असीम संभावनाएं होती हैं और यदि वह लक्ष्य निर्धारित कर समर्पण के साथ प्रयास करे तो कोई भी उपलब्धि असंभव नहीं है।

धन्यवाद ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह द्वारा किया गया।

इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी उबैर्दुरहमान सहित माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी/कर्मचारी व छात्र/छात्राएं उनके अभिभावकगण उपस्थित रहे।

*लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया समारोह!*

 

रायबरेली लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर वैष्णो नगर, 66 फुट रोड पीएसी रायबरेली में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं लोकमाता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ।
समारोह में *मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. शशिकांत शर्मा (प्रदेश सचिव, सपा), इं. वीरेंद्र यादव (जिलाध्यक्ष, सपा) एवं शिवमूर्ति सिंह ‘राना’ (प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य) उपस्थित रहे।* वक्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के सुशासन, जनकल्याणकारी कार्यों, धार्मिक आस्था और महिला सशक्तिकरण में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति और लोकसेवा की अमर प्रेरणा बताया।
कार्यक्रम के आयोजक रंजीत पाल (भावी जिला पंचायत सदस्य, राही चतुर्थ) ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई का जीवन न्याय, सेवा और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण है। वहीं व्यवस्थापक अंजनी पाल ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
समारोह में डी.पी. पाल, पी.एल. पाल, सुशील धनगर, पीएम पाल, सोनू पाल, विनय, देशराज प्रधान प्रतिनिधि, शिवम पाल, राहुल मौर्य, नागेंद्र पाल, हरिओम, राजेंद्र पाल, संतोष, सिद्धार्थ पाल, रामसजीवन, हरी प्रसाद, मन्ना पाल, उमाशंकर, आशीष पाल, गोविंद पाल और राकेश पाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों पर चलकर समाजहित एवं जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक एकता का भाव देखने को मिला।

लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर जी की जयंती पर कांग्रेस कार्यालय तिलकभवन में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई,

 

रायबरेली कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा की महारानी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की एक कुशल, न्यायप्रिय और लोकप्रिय आदर्श शासक एवं राजनीतिक प्रशासक रही हैं, वह एक लोक कल्याणकारी शासक थीं, जिन्होंने अपने राजकोष का अधिकतम संभव सदुपयोग जनहित के कार्यों और धर्म कार्य के लिये किया। दरअसल वह अपने को शासक नहीं, ईश्वर की सेविका मानती थीं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन जनकल्याण के लिये समर्पित कर दिया, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा के साथ ही उनकी शिक्षा सहित सशक्तिकरण हेतु काम किया।

शहर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव ने कहा की भेदभाव रहित होकर जनता की सेवा के चलते अहिल्याबाई को लोक माता कहा गया। उन्होंने जातीय और साम्प्रदायिक सौहार्द के लिये जिस तरह काम किया, उससे इतिहास में उनकी छवि सांस्कृतिक पुनर्जागरण एवं पुनरुत्थान के साथ साथ एक सेकुलर या धर्मनिरपेक्ष शासक की रही है। सभी धर्मों के लोगों को उन्होंने समान रूप से संरक्षण दिया और सबके न्यायोचित हितों का ध्यान रखा,

कांग्रेस प्रवक्ता महताब आलम ने कहा की महारानी अहिल्या बाई होल्कर सामाजिक एवं साम्प्रदायिक सद्भावना की मिसाल जैसी शासिका रहीं। अपने शासन काल में उन्होंने सोमनाथ, बद्रीनाथ, मथुरा, अयोध्या, केदारनाथ, रामेश्वर एवं गया के विष्णुपद मंदिर सहित जहां हजारों मंदिरों का निर्माण या जीर्णोद्धार कराया और धर्मशालायें, प्याऊ एवं कुओं एवं तालाबों का लोकहित में निर्माण कराया, वहीं काशी में मध्यकाल में थोड़े गये विश्वनाथ मंदिर पुनर्निर्माण सहित घाट, दीप स्तम्भ, कुंड आदि बनवाये। इसके बावजूद काशी में पुराने विश्वनाथ मंदिर पर बनी ज्ञानवापी की मस्जिद की जगह किसी तोड़ फोड़ के टकराव की जगह उसके बगल में उन्होंने नये विश्वनाथ मंदिर का निर्माण विद्वत सभा के विमर्श से करवाया था। इस तरह धर्म और संस्कृति के लिये भी काम किया, तो टकराव एवं द्वंद्व को कहीं आमंत्रित किये बिना और समाज में सद्भाव एवं भाईचारे को आहत किये बिना।

अपनी इस तरह की रीति नीति के चलते अहिल्याबाई सर्व समाज के विश्वास की प्रतिनिधि शासक रहीं।

फलतः लोकजीवन में उनके प्रति व्यापक समादर का भाव रहा है।

काशी में मणिकर्णिका घाट पर उनकी प्रतिभा स्थापित थी, लेकिन यह दुर्भाग्य का विषय रहा कि पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश सरकार ने विकास के नाम पर उस हेरिटेज स्थल पर भारी तोड़ फोड़ के क्रम में महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा तक भी तोड़ दी, जिसकी जन-मानस में तीखी प्रतिक्रिया हुई थी। शासन प्रशासन ने विरोध बढ़ने पर उसके लिये खेद जताने की जगह पूरे मामले को नकारने की ही कोशिश की।

इस तरह अहिल्याबाई होलकर का एक राजतंत्रीय शासक के रूप में भी जीवन, कृतित्व एवं यश लोकतांत्रिक आदर्श, सामाजिक समरसता एवं समावेशी भावना की नजीर रहा है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था में काम करते हुये भी नफरत और विभेद की राजनीति करने वालों सबक लेना चाहिए। दूसरी ओर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में समरसता भाव से काम करने वालों को उनसे समावेशी एवं सद्भावना युक्त राजनीति की प्रेरणा ग्रहण करनी चाहिये।

इस अवसर पर विजय शंकर अग्निहोत्री,राजकुमार दीक्षित,जे पी त्रिपाठी,सुनील सिंह भदौरिया, सूर्यकुमार बाजपेई, सर्वोत्तम मिश्र, मनोज मिश्रा, आर के सिंह, अजीजुल हसन, शादाब खान, केसी शुक्ल, नितिन कुमार, मोहम्मद सुहैल, पोलू खान सत्येंद्र श्रीवास्तव सहित आदि लोग उपस्थित रहे.

पत्रकार हितों की गूंज से गूंजा मंच, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने दिया बड़ा भरोसा!

 

 

रायबरेली राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस पर आयोजित संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह में पत्रकारों को सम्मानित किया गया और पत्रकारिता के योगदान को सराहा गया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पत्रकारों को अपना परिवार बताते हुए उनकी सुरक्षा और सम्मान को सरकार की प्राथमिकता बताया।

पत्रकारों द्वारा सुरक्षा, पेंशन और कल्याण योजनाओं से जुड़े मुद्दे उठाए गए, जिन पर मंत्री ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि इन सभी मांगों को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखकर समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा।

समारोह में पत्रकारों की एकजुटता, अधिकारों और लोकतंत्र में उनकी अहम भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

समाजवादी पार्टी हरचंदपुर द्वारा गुरुबक्सगंज पॉवर स्टेशन पर जिला अध्यक्ष इ.वीरेंद्र यादव एवं हरचंदपुर के क्षेत्रीय विधायक राहुल लोधी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं द्वारा हाथों में सरकार विरोधी तख्तियां लेकर पैदल चलकर विरोध प्रदर्शन करते हुए अधिशासी अभियंता विद्युत को बिजली आपूर्ति की ज्वलंत जन समस्याओं का ज्ञापन देकर शीघ्र निराकरण की माँग की गयी

 

जनपद रायबरेली के हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र में असहनीय महा विद्युत आपदा में बिजली की नगण्य आपूर्ति एवं आंधी से बड़ी संख्या में टूटे खंभे व रास्तों में गिरे तारों आदि जनसमस्याओं से परेशान उपभोक्ताओं के हितों को लेकर समाजवादी पार्टी हरचंदपुर द्वारा गुरुबक्सगंज पॉवर स्टेशन पर जिला अध्यक्ष इ.वीरेंद्र यादव एवं हरचंदपुर के क्षेत्रीय विधायक राहुल लोधी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं द्वारा हाथों में सरकार विरोधी तख्तियां लेकर पैदल चलकर विरोध प्रदर्शन करते हुए अधिशासी अभियंता विद्युत को बिजली आपूर्ति की ज्वलंत जन समस्याओं का ज्ञापन देकर शीघ्र निराकरण की माँग की गयी।इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष इ.वीरेंद्र यादव ने कहा कि बिजली की दुर्व्यवस्था के लिए प्रदेश की भाजपा सरकार ज़िम्मेदार है सरकार ने आम जनता को सहूलियत न देकर अनाथ छोड़ दिया है।विधायक राहुल लोधी ने कहा कि सरकार के बिजली मंत्री से समस्या के समाधान की मांग पर वह बिजली विभाग की बात न सुनकर भक्ति की कथा सुनाने लगते हैं सरकार के मंत्री जनता से दूर एवं अधिकारी निरंकुश हैं।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष राकेश यादव,जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र यादव,राजेश मौर्य,हसीन अहमद,पूर्व ब्लॉक प्रमुख जितेंद्र सिंह,सुरेश पासवान,कृपाशंकर यादव,जमुना प्रसाद यादव,श्रवण आज़ाद,दीपू शुक्ला,रामबहादुर पासी,राजेश सिंह,सत्तेश गौतम,विनय यादव,शिवकरण चौधरी,रणजीत यादव,जितेंद्र यादव,सुमित यादव,मो.रईस,पवन पासवान,जय सिंह,अरुण अंबेडकर,शिव सिंह,शिवशंकर कुशवाहा,अभिषेक यादव,मिथुन लोधी,आलोक यादव,राम अभिलाख पासवान,अनीश,राधेश्याम लोधी,रामपाल लोधी,नंदलाल लोधी,सुरेंद्र लोधी,विवेक यादव,निर्भय यादव,शिवबहादुर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

*बालकों के सुरक्षित बचपन सुरक्षित भविष्य विषय पर आयोजित किया गया शिविर*

 

 

 

रायबरेली  उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा मा० जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अमित पाल सिंह के निर्देशानुसार व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली के की सचिव अनिशा के मार्गदर्शन में तहसील सदर के अंतर्गत ग्राम राही के पंचायत भवन में सुरक्षित बचपन सुरक्षित भविष्य विषय पर विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन संपन्न हुआ।

इस शरीर में पराविधिक स्वयंसेवक पवन कुमार श्रीवास्तव द्वारा उपस्थित ग्राम वासियों को बताया गया कि बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए माता-पिता को घर और बाहर दोनों जगह सतर्क रहना चाहिए उन्हें अपना नाम पता और फोन नंबर याद करवाते हुए अनजान लोगों से सावधान रहना के तरीकों के सम्बन्ध में समय-समय पर बातचीत करते रहना चाहिए। इसके अतिरिक्त जागरुकता कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बच्चों को गुड टच और बैड टच के प्रति जागरुक करते हुए इंटरनेट और ऑनलाइन गेम के सीमित उपयोग हेतु प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी। इस जागरुकता कार्यक्रम में पंचायत सेक्रेटरी द्वारा बताया गया कि अपने बच्चों को सही शिक्षा दे जिससे उनका भविष्य अच्छा बन सके।

पराविधिक स्वयंसेवक अजीत कुमार, पंचायत सेक्रेटरी अविनाश चंद्र सोनकर, रोजगार सेवक सुरेश कुमार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती दयावती, विनोद कुमारी, सफाई कर्मचारी जग प्रसाद एवं ग्रामीण वासी उपस्थित रहे।

_*251 नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को वितरित किये गये नियुक्ति पत्र*_ _*620 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को वितरित किये गये स्मार्ट फोन*_ _*आंगनबाड़ी केन्द्र केवल बच्चों के पोषण और शिक्षा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह समाज के भविष्य को मजबूत बनाने की है आधारशिला – मा० मंत्री*_ _*आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बच्चों व महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सेतु का कर रही कार्य – डॉ० मनोज कुमार पाण्डेय*_

 

रायबरेली विधानसभा ऊँचाहार के अंतर्गत नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन वितरण कार्यक्रम का आयोजन बाल विकास पुष्टाहार विभाग द्वारा सिविल लाइन स्थित सूर्या होटल में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मा० मंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग उ०प्र० सरकार डॉ० मनोज कुमार पाण्डेय द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख जगतपुर दल बहादुर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता उपस्थित रही।
मा० मंत्री द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा ऊँचाहार क्षेत्र के अन्तर्गत विकास खण्ड डलमऊ, दीनशाहगौरा, ऊंचाहार, जगतपुर एवं रोहनियां की 03-03 नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन वितरित किए गए।
जिसमें विधानसभा ऊंचाहार के अन्तर्गत विकास खण्ड डलमऊ की 103, दीनशाहगौरा 25, ऊँचाहार 73, जगतपुर 18 एवं रोहनियां 32 कुल 251 नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र एवं विकास खण्ड डलमऊ की 196, दीनशाहगौरा 106, ऊँचाहार 147, जगतपुर 100 एवं रोहनियां 71 कुल 620 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन से लाभान्वित हुई।
मा० मंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह अवसर केवल नियुक्ति पत्र एवं स्मार्ट फोन वितरण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण, बाल विकास एवं डिजिटल सुशासन की दिशा में प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उन्होंने नव नियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी समाज की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने जा रही हैं। आंगनबाड़ी केन्द्र केवल बच्चों के पोषण और शिक्षा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह समाज के भविष्य को मजबूत बनाने की आधारशिला हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण तथा बच्चों के प्रारंभिक विकास में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री राष्ट्र के लिए नव सृजन व नव निर्माण का कार्य कर रही है, बच्चों व महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सेतु का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों एवं माताओं का बेहतर स्वास्थ्य ही एक मजबूत और विकसित समाज की नींव है।
मा० मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण हेतु अनेक जनहितकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने का उद्देश्य यह है कि वे अपने कार्यों को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सुगम तरीके से संचालित कर सकें।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट फोन वितरण से विभागीय योजनाओं की ऑनलाइन मॉनिटरिंग, लाभार्थियों का डेटा संकलन, पोषण ट्रैकिंग तथा शासन स्तर पर सूचनाओं के आदान-प्रदान में तेजी आएगी। डिजिटल तकनीक के माध्यम से सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंच सकेगा।
मा० मंत्री ने नव नियुक्त सहायिकाओं से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं समर्पण भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करें और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
अंत में मा० मंत्री ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आप सभी अपने कार्यों के माध्यम से समाज एवं प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास योजनाओं के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। स्मार्ट फोन उपलब्ध कराए जाने से कार्यों में पारदर्शिता आएगी तथा योजनाओं की मॉनिटरिंग एवं लाभार्थियों तक सेवाओं की पहुंच और अधिक प्रभावी होगी।
कार्यक्रम का संचालन एस0एस0 पाण्डेय द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार सहित सम्बन्धित बाल विकास परियोजना अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रही।

*मिलन सिनेमा में रिलीज से पहले फिल्म ‘ड्रॉप आउट’ की टीम ने की प्रेस वार्ता* *रायबरेली के लाल उमाशंकर यादव की फिल्म 12 शहरों में चर्चा का केंद्र, कलाकारों ने कहा- “यह सिर्फ फिल्म नहीं, हर घर की कहानी है*

 

 

रायबरेली। शहर के मनिका सिनेमा में फिल्म “ड्रॉप आउट – घर-घर की कहानी” के रिलीज होने से पहले शुक्रवार को मिल एरिया थाना क्षेत्र के प्रगतिपुरम स्थित एक निजी होटल में फिल्म की टीम ने भव्य प्रेस वार्ता आयोजित की। कार्यक्रम में फिल्म के डायरेक्टर, निर्माता और मुख्य कलाकारों ने मीडिया से रूबरू होकर फिल्म की कहानी, उद्देश्य और संदेश को साझा किया।

 

प्रेस वार्ता के दौरान फिल्म की मुख्य अभिनेत्री ने कहा कि “यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश देने वाली कहानी है। इस फिल्म को देखने के बाद लोगों को बहुत कुछ सीखने और समझने को मिलेगा।” उन्होंने कहा कि फिल्म में युवाओं के संघर्ष, परिवार की भावनाएं और सपनों को पूरा करने की जद्दोजहद को बेहद भावनात्मक तरीके से दिखाया गया है।

 

फिल्म के निर्माता और रायबरेली के लाल उमाशंकर यादव ने बताया कि “ड्रॉप आउट – घर-घर की कहानी” एक पारिवारिक और प्रेरणादायक फिल्म है, जिसे हर उम्र के लोग अपने परिवार के साथ बैठकर देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म के जरिए समाज में शिक्षा, संघर्ष और आत्मविश्वास का संदेश देने का प्रयास किया गया है।

 

प्रेस वार्ता में मौजूद फिल्म के डायरेक्टर और अन्य कलाकारों ने बताया कि फिल्म की कहानी आम लोगों के जीवन से जुड़ी हुई है, इसलिए दर्शक खुद को इस फिल्म से जोड़ पाएंगे। कलाकारों ने कहा कि आज के दौर में युवाओं पर बढ़ते दबाव और सपनों की लड़ाई को फिल्म में बेहद सशक्त तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

 

बताया गया कि फिल्म का प्रमोशन देश के 12 शहरों में किया जा रहा है, जहां प्रेस वार्ता और विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों तक फिल्म का संदेश पहुंचाया जा रहा है। रायबरेली में आयोजित इस कार्यक्रम में मीडिया कर्मियों के साथ-साथ फिल्म प्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

 

रतापुर स्थित सुयश रेस्टोरेंट में हुई इस प्रेस वार्ता के दौरान फिल्म की टीम ने दर्शकों से अपील की कि वे परिवार के साथ सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखें और स्थानीय कलाकारों व निर्माताओं को समर्थन दें।

 

अब आने वाला समय बताएगा कि बड़े सपनों के साथ उड़ान भरने वाली यह फिल्म दर्शकों के दिलों में कितना बड़ा मुकाम हासिल कर पाती है।

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।