*हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा मेला, म्यूजिकल कॉन्सर्ट एवं तिरंगा प्रदर्शनी का भव्य आयोजन* *सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, प्रतिभागी बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर किया गया सम्मानित*
रायबरेली स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत सामुदायिक केन्द्र, रतापुर में ‘तिरंगा मेला, तिरंगा म्यूजिकल कॉन्सर्ट एवं तिरंगा प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन सत्र में मा० सदर विधायक अदिति सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान लोक गायक राहुल मिश्रा व विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया। प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया और कार्यक्रम में देशभक्ति का वातावरण सृजित किया।
मा० सदर विधायक अदिति सिंह ने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया तथा प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागी बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करते हैं। इसके साथ ही मीना मंच की शिक्षिकाओं को भी सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रस्तुति करने हेतु सम्मानित किया गया।
तिरंगा प्रदर्शनी के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय ध्वज के महत्व तथा देश की गौरवशाली विरासत से संबंधित विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया गया। वहीं, तिरंगा मेले एवं म्यूजिकल कॉन्सर्ट ने कार्यक्रम को आकर्षक एवं उत्साहपूर्ण बनाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आमजन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को बढ़ावा देना तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करना रहा।
मंच का संचालन एस०एस० पाण्डेय द्वारा किया गया
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर०वी० सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्र रहमान सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Views: 62

