फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
बलिया में विक्रम सिंह की हुंकार- अंतिम साथी के नियमितीकरण तक नहीं थमेगा संघर्ष

अनुदेशकों में भरा जोश, बोले—अंतिम साथी के नियमितीकरण तक नहीं थमेगा संघर्ष; एरियर और सम्मान की लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने का संकल्प

बलिया। परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन की ओर से बलिया की ऐतिहासिक धरती पर आयोजित स्वागत समारोह में अनुदेशकों का उत्साह देखते ही बना। प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह के आगमन पर सैकड़ों अनुदेशकों ने जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया। सभा में वर्षों से चल रहे संघर्ष, सुप्रीम कोर्ट की कानूनी लड़ाई, एरियर और नियमितीकरण को लेकर संगठन की आगामी रणनीति पर चर्चा हुई।

अनुदेशकों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह ने कहाकि यह धरती वीरों की धरती है। उन्होंने चित्तू पांडेय और मंगल पांडे को याद करते हुए उनके संघर्षों को नमन किया। और बलिया को बागी बलिया कहा। संघर्ष को अनुदेशकों की सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि, मुश्किलें जितनी बड़ी होंगी, जीत उतनी ही मजबूत होगी। उन्होंने अनुदेशकों में जोश भरते हुए अपनी कही पंक्तियां दोहराईं—

“लोहा जितना तपता है,

उतनी ही ताकत भरता है।

सोने को जितनी आग लगे,

वो उतना प्रखर निखरता है।

हीरे पर जितनी धार लगे,

वो उतना खूब चमकता है।”

उन्होंने आगे कहा—

“मिट्टी का बर्तन पकता है,

तब धुन पर खूब खनकता है।

सूरज जैसा बनना है तो

सूरज जितना जलना होगा।

नदियों सा आदर पाना है तो

पर्वत छोड़ निकलना होगा।”

और फिर अनुदेशकों को भरोसा दिलाते हुए कहा—

“हम आदम के बेटे हैं, क्यों सोचें राह सरल होगा।

कुछ ज्यादा वक्त लगेगा, पर संघर्ष जरूर सफल होगा।

हर एक संकट का हल होगा,

वो आज नहीं तो कल होगा।”

“अंतिम अनुदेशक के नियमितीकरण तक नहीं बैठूंगा”

विक्रम सिंह ने कहा कि अनुदेशकों की लड़ाई किसी एक व्यक्ति या किसी एक जिले की लड़ाई नहीं है। यह हजारों अनुदेशक परिवारों के अधिकार, सम्मान और भविष्य से जुड़ा संघर्ष है। उन्होंने दोहराया कि “जब तक उत्तर प्रदेश के अंतिम अनुदेशक को नियमित नहीं करा दूंगा, तब तक न खुद चैन से बैठूंगा और न किसी को बैठने दूंगा।”

उन्होंने कहा कि वर्षों के संघर्ष के बाद अनुदेशकों के मानदेय को ₹17 हजार तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। अब संगठन का फोकस एरियर और नियमितीकरण पर है।

एरियर के साथ नियमितीकरण पर नजर

संगठन की ओर से कहा गया कि करीब नौ वर्षों से चले आ रहे संघर्ष के बाद अब लड़ाई निर्णायक चरण में है। संगठन का दावा है कि अनुदेशकों के करीब ₹9 लाख तक के एरियर का मुद्दा भी लगातार उठाया जा रहा है। एरियर की वास्तविक राशि संबंधित आदेश और पात्रता के अनुसार निर्धारित होगी।

विक्रम सिंह पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं कि अनुदेशकों को अपने ही पद पर नियमितीकरण दिलाना संगठन का प्रमुख लक्ष्य है। उनका कहना है कि न्यायालय के साथ शासन और प्रशासन के स्तर पर भी प्रयास जारी हैं।

सुप्रीम कोर्ट की लड़ाई में एक-एक रुपये का योगदान

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अनुदेशकों के सहयोग से सुप्रीम कोर्ट में मजबूत कानूनी पक्ष रखने का प्रयास किया गया। संगठन ने वरिष्ठ अधिवक्ताओं पी.एस. पटवालिया और आर.के. सिंह के माध्यम से अपनी बात न्यायालय के समक्ष रखी है।

उन्होंने अनुदेशकों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर भरोसा करने के बजाय अदालत की कार्यवाही और आदेश को समझकर ही निष्कर्ष निकालें। उनका कहना है कि संगठन की असली ताकत हजारों अनुदेशकों की एकजुटता है।

बलिया से एकजुटता का संदेश

सभा में वक्ताओं ने कहा कि छोटे-छोटे मतभेदों से ऊपर उठकर अनुदेशक हित में एकजुट रहना जरूरी है। कार्यक्रम में प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिषेक राय, प्रदेश सचिव वारिश खान, सिद्धार्थनगर से सत्यपाल सिंह कौशिक, अमित बहादुर सिंह, दीक्षा तिवारी, पुष्पा शर्मा, सरदार वर्मा, अरुण पांडेय समेत अन्य पदाधिकारी एवं अनुदेशक साथी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का आयोजन बलिया जिलाध्यक्ष शमशाद खान एवं उनकी टीम के नेतृत्व में किया गया। सैकड़ों अनुदेशकों की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में संघर्ष जारी रखने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

बलिया की सभा से विक्रम सिंह का संदेश साफ था—राह कठिन हो सकती है, समय लग सकता है, लेकिन संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे। लक्ष्य एरियर, सम्मान और नियमितीकरण है और इसके लिए लड़ाई जारी रहेगी।

प्रमुख सचिव के शासनादेश का अनुपालन कराने हेतु बांसडीह तहसील पर सत्याग्रह धरना 4 अप्रैल को भी जारी रहा

बांसडीह,4 अप्रैल 2026। प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश शासन समाज कल्याण अनुभाग-3 लखनऊ शासनादेश संख्या- 129/2021/3206/26-3-2021 दिनांक 3 नवम्बर 2021 द्वारा स्पष्ट रूप से दिशा-निर्देश दिया गया है कि आवेदनकर्ता द्वारा साक्ष्य के तौर पर प्रमाणित भू-राजस्व अभिलेखों 1323, 1324, 1356, 1359 किसी एक फसली की खतौनी में गोंड़ अंकित हो की पुष्टि अभिलेखागार के मूल रिकॉर्ड से किए जाने के पश्चात सही पाए जाने पर गोंड अनुसूचित जनजाति का प्रमाण-पत्र निर्गत कर दिया जाय! इसमें किसी भी प्रकार की हिला-हवाली न की जाए! आवेदनकर्ता के भूमिहीन होने की दशा में उनके परिवार रजिस्टर की नकल, शैक्षणिक संस्थाओं विद्यालय की टी.सी. नजदीकी गोंड परिवार से भी पूछ-ताछ जॉच-पड़ताल कर गोंड जाति प्रमाण पत्र निर्गत करें” उक्त दिशा निर्देश का कड़ाई से अनुपालन कराने की मांग को लेकर 4 अप्रैल 2026 को भी ऑल गोंडवाना स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आगसा) के तत्वावधान में बांसडीह तहसील पर कार्यालय अवधि का अनिश्चित कालीनं सत्याग्रह धरना जारी रहा! गोंड छात्र नौजवानों ने कहा कि बांसडीह तहसीलदार श्री नितिन कुमार सिंह द्वारा भारत के राष्ट्रपतीय राजपत्र, संविधान, प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुभाग-3 लखनऊ शासनादेश 3 नवम्बर 2021 द्वारा दिए गए दिशा निर्देश की घोर अवमानना की जा रही है! बांसडीह तहसीलदार जनजाति गोंड छात्र नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं! गोंड जानजाति प्रमाण-पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन करने पर तहसीलदार द्वारा बार बार आवेदन अस्वीकृत/ निरस्त कर दिया जा रहा है! जाति प्रमाण पत्र के अभाव में जनजाति छात्र अगली कक्षा में प्रवेश, छात्रवृति और सरकारी नौकरी का फार्म भरने से वंचित हो जा रहे हैं! बांसडीह तहसीलदार द्वारा गोंड छात्र नौजवानों का उत्पीड़न किया जा रहा है! जनजाति गोंड छात्र नौजवान ने कहा कि आजादी के पूर्व के उनके पूर्वजों के जन्म-मृत्यु रजिस्टर फौती व भू-राजस्व अभिलेखों यथा 1323, 1324, 1345, 1356, 1359 फसली में स्पष्ट रूप से गोंड़ अंकित है जो आज भी तहसील व कलेक्ट्रेट के रिकॉर्ड रुम में सुरक्षित है जिसकी तहसीलदार बांसडीह श्री नितिन कुमार सिंह द्वारा अनदेखी की जा रही है! ऑल गोंडवाना स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आगसा) के बांसडीह तहसील इकाई के संयोजक बिट्टू कुमार गोंड ने कहा कि यदि तत्काल गोंड छात्र नौजवानों को बांसडीह तहसील से गोंड अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र जारी करना प्रारंभ नहीं किया जाता है तो आंदोलन के अगले क्रम में जेल भरो आंदोलन भी किया जाएगा जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी बांसडीह तहसील प्रशासन की होगी! आगे कहा कि गोंड अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र जारी होने तक धरना जारी रहेगा! इस दौरान बांसडीह आगसा संयोजक बिट्टू कुमार गोंड, गोंगपा के अध्यक्ष उमाशंकर गोंड के अलावा राजा गोंड, गोंड, गौतम गोंड, विशाल गोंड, अनिकेत गोंड, दिपक गोंड, पंकज गोंड, राजेन्द्र गोंड, रुपेश गोंड, मुन्ना गोंड, पिंटू गोंड, मनोज शाह, सुरेश शाह प्रमुख रूप से रहे!

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।