*पीएम आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत निर्मित आवासीय भवनों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण* *अवशेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश*
रायबरेली जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका द्वारा आज रायबरेली विकास प्राधिकरण (RDA) के माध्यम से बरखापुर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत निर्मित बहुमंजिला आवासीय भवनों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिसर व बिल्डिंग का अवलोकन करते हुवे निर्माण गुणवत्ता एवं मूलभूत सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने भवनों के बाहरी एवं आंतरिक हिस्सों का निरीक्षण करते हुए पाया कि कुछ कार्य अभी भी अवशेष हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाहरी एवं आंतरिक जो भी कार्य शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संपन्न हों।
उन्होंने परियोजना से जुड़े विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराकर योजना के उद्देश्यों को सफल बनाया जाए। साथ ही, उन्होंने आवासीय परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को भी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान सचिव, रायबरेली विकास प्राधिकरण/अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ सहित लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल निगम (शहरी) एवं नगर पालिका के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Views: 79

