*पीएम-किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी* *जनपद के लगभग 3.96 लाख किसानों को ₹79.21 करोड़ की सम्मान निधि* *किसानों की समृद्धि ही विकसित भारत की है आधारशिला- मा० उद्यान मंत्री* *सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कर रही कार्य- दिनेश प्रताप सिंह*
रायबरेली प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त के वितरण के अवसर पर जनपद रायबरेली का मुख्य कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र, दरियापुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार), उद्यान एवं कृषि विपणन, कृषि व्यापार एवं कृषि निर्यात उ०प्र० दिनेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर, जनपद हुगली से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी किए जाने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। मुख्य कार्यक्रम में लगभग 200 किसानों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के अंतर्गत जनपद रायबरेली के 3,96,049 किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। इसके तहत लगभग ₹79.21 करोड़ की धनराशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह योजना किसानों को खेती-किसानी की आवश्यकताओं हेतु समय पर आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है तथा कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर मा० उद्यान मंत्री जी ने कहा कि किसानों की समृद्धि ही विकसित भारत की आधारशिला है। केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। माननीय मंत्री जी किसानों से विविधीकरण, प्राकृतिक खेती अपनाने, रसायनों पर निर्भरता कम करने, खेती को टिकाऊ बनाने हेतु प्रयास करने की आवश्यकता है तथा इसी में पशुपालन को भी समाहित किया जाए जिससे खेती फायदे का सौदा सिद्ध हो ।
मुख्य कार्यक्रम के अतिरिक्त जनपद के सभी विकास खंड मुख्यालयों तथा कृषि समृद्धि केंद्रों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां किसानों ने प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, कृषि यंत्रीकरण एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष बीजेपी बुद्धिलाल, जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा कमलेश चौधरी, के०वी०के० दरियापुर के अध्यक्ष डॉ के०के० सिंह, के०वी०के० पलटीखेड़ा के अध्यक्ष डॉ संजय सिंह, उपकृषि निदेशक हिमांशु पांडेय, जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय, जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा, भूमि संरक्षण अधिकारी जे पी यादव उपस्थित उपस्थित रहे तथा किसानों को विभागीय कार्यक्रमों और योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कृषि विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों, जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में किसानों की सहभागिता रही।
Views: 123

