*भारी बारिश में भी नहीं टूटा सरेनी के लोगों का हौसला, अघोषित विद्युत कटौती के विरोध में हुआ बिजली सत्याग्रह*
सरेनी क्षेत्र सहित लालगंज एवं डलमऊ क्षेत्र के विभिन्न पावर हाउसों में हो रही अघोषित विद्युत कटौती के विरोध में सोमवार को सरेनी पावर हाउस के सामने बिजली सत्याग्रह एवं धरना प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में क्षेत्र के नौजवान एवं ग्रामीण शामिल हुए।
*सत्याग्रह के दौरान सरेनी पावर हाउस, मलकेगांव पावर हाउस, भोजपुर पावर हाउस, रावतपुर कला पावर हाउस सहित लालगंज एवं डलमऊ क्षेत्र के पावर हाउसों में अघोषित विद्युत कटौती का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।* प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार विद्युत कटौती और अव्यवस्थित आपूर्ति के कारण किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, महिलाओं और आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों को लेकर अधीक्षण अभियंता को संबोधित ज्ञापन सरेनी के एसडीओ को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र में नियमित एवं निर्धारित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, अघोषित कटौती पर तत्काल रोक लगाने तथा विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की गई।
*कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि भारी बारिश के बावजूद लोगों का हौसला नहीं टूटा। बारिश के बीच बड़ी संख्या में नौजवानों और क्षेत्रवासियों ने धरना देकर यह संदेश दिया कि बिजली जैसी बुनियादी जरूरत और जनजीवन से जुड़े सवालों को लेकर सरेनी की जनता अपनी आवाज मजबूती से उठाने के लिए तैयार है।*
*कार्यक्रम का नेतृत्व अभिनव तिवारी ‘संगम’ ने किया।* इस दौरान प्रभात सिंह, सर्वेश कुमार, बृजपाल शिक्षक, मोहम्मद नईम, विनय वर्मा, पप्पू बीडीसी, शुभम सिंह, राजेश सविता, पवन त्रिवेदी, अंकित त्रिवेदी, सुमित कुमार सविता, मोहम्मद अकरम सहित सैकड़ों क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि “बारिश जनता के हौसले को नहीं रोक सकती। बिजली केवल रोशनी का साधन नहीं, बल्कि किसान की खेती, बच्चे की पढ़ाई, छोटे व्यापारी का कारोबार और हर परिवार के सम्मानजनक जीवन से जुड़ा बुनियादी अधिकार है।”
सत्याग्रह के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग से मांग की कि समस्याओं का शीघ्र समाधान कर आम जनता को राहत दी जाए, अन्यथा जनहित के मुद्दे पर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।
Views: 121

