फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
*व्यापार एवं उद्योग किसी भी जनपद की आर्थिक रीढ़ होते हैं, और इनके सशक्त होने से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव- अदिति सिंह*_ _*जनपद के औद्योगिक विकास हेतु हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा- सदर विधायक*_ _*प्रदेश सरकार व्यापारियों एवं उद्यमियों के हितों के संरक्षण तथा उनके व्यवसाय को सरल, सुरक्षित एवं लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध*_ _*व्यापारियों एवं उद्यमियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित*_ _*विकास कार्यों एवं औद्योगिक प्रोत्साहन पर हुई विस्तृत चर्चा*

 

रायबरेली सदर विधायक अदिति सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता की गरिमामयी उपस्थिति में विकास भवन स्थित महात्मा गांधी सभागार में व्यापारियों एवं उद्यमियों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारियों एवं उद्यमियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की तथा अपने व्यवसाय से संबंधित समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर मा० सदर विधायक अदिति सिंह ने अपने  उद्बोधन में कहा कि व्यापार एवं उद्योग किसी भी जनपद की आर्थिक रीढ़ होते हैं और इनके सशक्त होने से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों एवं उद्यमियों के हितों के संरक्षण तथा उनके व्यवसाय को सरल, सुरक्षित एवं लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा नीतिगत स्तर पर कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं, जिससे व्यापारिक वातावरण को अधिक अनुकूल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि संवाद कार्यक्रम जैसे मंच इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जहां व्यापारी सीधे अपनी बात रख सकते हैं और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध तरीके से उनका निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा।
मा० विधायक ने उद्यमियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा स्वरोजगार एवं उद्योग स्थापना के माध्यम से जनपद में रोजगार के नए अवसर सृजित करें। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि जनपद के औद्योगिक विकास हेतु हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा और आवश्यकतानुसार उच्च स्तर पर भी विषयों को उठाया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने उपस्थित उद्यमियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा स्वरोजगार, उद्योग स्थापना एवं विस्तार हेतु अनेक लाभकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका अधिक से अधिक लाभ उठाया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
संवाद कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों द्वारा आधारभूत सुविधाओं, वित्तीय सहायता, लाइसेंसिंग प्रक्रियाओं में सरलीकरण एवं स्थानीय स्तर पर औद्योगिक वातावरण को सुदृढ़ करने संबंधी सुझाव प्रस्तुत किए गए। संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों एवं प्रशासन के मध्य समन्वय स्थापित करना तथा जनपद में औद्योगिक विकास को गति प्रदान करना रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त राज्यकर डॉ शिखा गुप्ता, परमहंस लाल, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्या सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, उद्यमी व व्यापारी उपस्थित रहें।

Views: 98

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।