सरेनी की बिजली व्यवस्था सुधारो,नहीं तो होगा प्रदर्शन – शैलेन्द्र अग्निहोत्री* *सरेनी की बदहाल बिजली व्यवस्था पर अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने उठाई आवाज* *मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक को भेजा पत्र* *अघोषित कटौती रोकने व रोस्टर लागू कराने की मांग*
सरेनी(रायबरेली)।विधानसभा सरेनी क्षेत्र में लगातार बिगड़ रही बिजली व्यवस्था को लेकर अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने कड़ा रुख अपनाया है।संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र अग्निहोत्री ने मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर क्षेत्र में हो रही अघोषित बिजली कटौती,खराब रोस्टर व्यवस्था और अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।भेजे गए पत्र में कहा गया है कि विधानसभा सरेनी के अंतर्गत आने वाले सभी बिजलीघरों में निर्धारित रोस्टर के अनुरूप बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही है।प्रतिदिन केवल 6 से 8 घंटे तक ही विद्युत आपूर्ति हो रही है,जबकि शेष समय अघोषित कटौती की जा रही है।भीषण गर्मी के मौसम में लगातार बिजली संकट से आम जनता का जीवन प्रभावित हो गया है।पत्र में उल्लेख किया गया है कि सरकार द्वारा कटौती के स्पष्ट मानक तय किए गए हैं और रोस्टर के अनुरूप बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं,लेकिन स्थानीय स्तर पर मनमाने ढंग से कटौती की जा रही है।जब उपभोक्ता अधिकारियों से संपर्क करते हैं तो उन्हें यह कहकर टाल दिया जाता है कि कटौती उच्च स्तर के निर्देश पर की जा रही है।प्रदेश अध्यक्ष ने लिखा कि लगातार बिजली संकट से परेशान होकर प्रतिदिन 100 से 150 लोग विभिन्न बिजलीघरों पर पहुंचकर दिन-रात विद्युत आपूर्ति सुचारु कराने की मांग कर रहे हैं,लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा।इससे लोगों के मन में सरकार के प्रति नकारात्मक भावना उत्पन्न हो रही है।पत्र में यह भी कहा गया है कि रात में बिजली आपूर्ति न होने के कारण पूरे क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और आम जनता में भय का वातावरण बन गया है।संगठन की ओर से कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।पत्र में कहा गया है कि जेई लालगंज,सरेनी एवं अन्य बिजलीघरों के कुछ अधिकारी लगातार सरकार विरोधी माहौल पैदा करने के उद्देश्य से अघोषित कटौती कर रहे हैं।इतना ही नहीं,जनता द्वारा फोन किए जाने पर अधिकारी फोन नहीं उठाते,मोबाइल बंद कर लेते हैं अथवा शिकायतकर्ताओं के नंबर ब्लॉक कर देते हैं,जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है।हालांकि पत्र में विद्युत वितरण खंड लालगंज के अधिशासी अभियंता की कार्यशैली को सकारात्मक और सहयोगात्मक बताया गया है।इसके अतिरिक्त अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली को सरकार की मंशा के विपरीत बताया गया है।शैलेन्द्र अग्निहोत्री ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि उन्हें लगातार रात-रात भर जागकर लोगों की बिजली संबंधी समस्याएं सुननी पड़ रही हैं।विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं के समाधान का अनुरोध भी किया गया,लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।पत्र के माध्यम से मांग की गई है कि रात में किसी भी प्रकार की अघोषित कटौती न की जाए तथा दिन में रोस्टर के अनुरूप निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।साथ ही विधानसभा सरेनी के अंतर्गत आने वाले सभी बिजलीघरों के रोस्टर की समीक्षा कर गर्मी के समय बिजली आपूर्ति के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।इसके अलावा यह भी मांग उठाई गई कि यदि कोई विद्युत उपभोक्ता अधिकारियों को फोन करता है तो उसकी कॉल अनिवार्य रूप से रिसीव की जाए,ताकि जनता की समस्याओं का समय से समाधान हो सके।शैलेन्द्र अग्निहोत्री ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो क्षेत्रीय जनता के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
Views: 132

