सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ‘ग्रैंड पेरेंट्स डे’
रायबरेली। सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल, रायबरेली में शुक्रवार को ‘ग्रैंड पेरेंट्स डे’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक श्री मोहित गुप्ता जी , प्रधानाचार्य श्री क्षितिज श्रीवास्तव जी तथा मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष श्री अतुल गुप्ता जी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और उनके दादा-दादी के बीच स्नेह, सम्मान एवं पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मनमोहक गीत, रंगारंग नृत्य, भावपूर्ण कविताओं और प्रेरक नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित जनों का मन मोह लिया। बच्चों ने अपने दादा-दादी के साथ ग्रीटिंग कार्ड एवं फोटो फ्रेम तैयार कर उनके प्रति अपना स्नेह और सम्मान व्यक्त किया।
दादा-दादी के लिए आयोजित कुर्सी दौड़, मेमोरी गेम तथा अन्य मनोरंजक प्रतियोगिताओं में सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों का विद्यालय परिवार ने गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
विद्यालय के निदेशक श्री मोहित गुप्ता जी ने कहा कि दादा-दादी बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और संस्कारों के संवाहक होते हैं। उनके अनुभव, स्नेह और मार्गदर्शन से परिवार की मजबूत नींव तैयार होती है।
प्रधानाचार्य श्री क्षितिज श्रीवास्तव जी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन नई और पुरानी पीढ़ी के बीच आत्मीयता, संवाद और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों के संवर्धन के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।
मुख्य अतिथि श्री अतुल गुप्ता जी ने कहा कि दादा-दादी परिवार की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, आशीर्वाद और जीवन-मूल्य बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होते हैं। उन्होंने विद्यालय द्वारा भारतीय पारिवारिक संस्कृति और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के इस सराहनीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी दादा-दादी को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर उल्लास, आत्मीयता और पारिवारिक स्नेह के भाव से सराबोर रहा।
Views: 119

