फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
विश्व रक्तदाता दिवस पर अनुदेशक संघ का बड़ा संदेश: 20 युवाओं ने किया रक्तदान, पूर्व सांसद विनय कटियार बोले—रक्तदान है मानवता की सर्वोच्च सेवा

अयोध्या। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन एवं अनुदेशक संघ इकाई के संयुक्त तत्वावधान में अचारी सगरा स्थित होटल परमेश्वर पैलेस में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाजसेवा और मानव कल्याण को समर्पित इस शिविर में 20 युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन बचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

अनुदेशक संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने किया प्रथम रक्तदान

रक्तदान शिविर का शुभारंभ अनुदेशक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह ने प्रथम रक्तदान कर किया। उनके इस प्रेरणादायी कदम से उपस्थित युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान के महत्व को समझते हुए भागीदारी निभाई।

पूर्व सांसद विनय कटियार ने रक्तदान को बताया महादान

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद विनय कटियार ने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध हो सके।

एक यूनिट रक्त तीन लोगों को दे सकता है नया जीवन

विशिष्ट अतिथि एवं समाजसेवी योगेंद्र वर्मा ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। एक यूनिट रक्त कम से कम तीन मरीजों के जीवन को बचाने में मददगार साबित हो सकता है। उन्होंने सभी सक्षम नागरिकों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।

अनुदेशक संघ पदाधिकारियों ने किया अतिथियों का स्वागत

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत अनुदेशक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अमिताभ वर्मा, जिला अध्यक्ष पुनीत यादव, जिला महामंत्री अतुल वर्मा, जिला महासचिव शशांक तिवारी तथा सह संयोजक कुलदीप वर्मा ने बुके, स्मृति चिन्ह और माल्यार्पण कर किया।

गणमान्य नागरिकों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अपना दल (यस) कृष्ण देव वर्मा, पूर्व प्रधान भोलानाथ वर्मा, समाजसेवी राजेश चौबे, गुड्डू वर्मा, अभिषेक वर्मा, रक्षा राम यादव, राम भरोसे वर्मा, लड्डू लाल वर्मा, व्यापारी नेता प्रतीक वैश्य ‘भज्जा’, लोको पायलट संजय यादव, मनीष मौर्य, विजय वर्मा, खुशबू शाही सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

20 युवाओं ने रक्तदान कर पेश की मिसाल

शिविर में विक्रम सिंह, पुनीत यादव, संदीप पाल, बुद्ध प्रिय अम्बेश, गौरव यादव, अमित उपाध्याय, राजित राम वर्मा, भानु प्रताप सिंह, अतुल वर्मा, कुलदीप गौतम, दीपक कुमार, अमिताभ वर्मा, पंकज कुमार, अवधेश कुमार, राजेंद्र मौर्य, गौतम गुप्ता, सूरज वर्मा, अभिषेक अग्रवाल एवं आर.जे. प्रजापति सहित 20 युवाओं ने रक्तदान कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

रक्तदान जागरूकता बढ़ाना ही संस्था का उद्देश्य

कार्यक्रम के समापन पर ‘ब्लड मैन’ के नाम से चर्चित राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष आकाश गुप्ता ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंदों तक समय पर रक्त उपलब्ध कराने की भावना को मजबूत करना है।

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।