फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
*मा० उद्यान मंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस पर किया वृक्षारोपण*_ _*‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश*_

 

 

 

रायबरेली विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मा० राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात, उ०प्र० सरकार, दिनेश प्रताप सिंह द्वारा गुरू गोविन्द सिंह पर्यावरणीय उद्यान एवं पार्क, रायबरेली में ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया।

इस अवसर पर मा० उद्यान मंत्री ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं तथा उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।

उन्होंने कहा कि ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है, बल्कि यह भावनात्मक रूप से भी लोगों को प्रकृति से जोड़ने का कार्य करता है। इस प्रकार के अभियानों से समाज में जागरूकता बढ़ेगी और हर व्यक्ति वृक्षारोपण के प्रति प्रेरित होगा।

इस मौके पर उपायुक्त श्रम/रोजगार प्रमोद सिंह, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, उप निदेशक उद्यान लखनऊ मण्डल, लखनऊ डॉ० डी0के0 वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी डॉ० जय राम वर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा बुद्धिलाल पासी, देवेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं आम जनमानस उपस्थित रहे। सभी ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

*मा० मंत्री राकेश सचान ने जनपद भ्रमण के दौरान किया वृक्षारोपण*_ _*“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश*_ _*”आओ लगाए एक पेड़, मां के नाम” हर पेड़ माँ के प्रति हमारा सम्मान*_

 

रायबरेली मंत्री खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग विभाग उ0प्र0/प्रभारी मंत्री जनपद राकेश सचान ने आज जनपद भ्रमण के दौरान निरीक्षण भवन परिसर में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया।
मा० मंत्री ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम है, बल्कि यह हमारी भावनात्मक जुड़ाव और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें तथा लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा भी वृक्षारोपण किया गया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
मा० मंत्री ने निर्देश दिए कि जनपद में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जाए तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनभागीदारी के माध्यम से एक जन आंदोलन का रूप ले, यही सरकार की मंशा है।
इस अवसर पर मा० अध्यक्ष जिला पंचायत रंजना चौधरी, मा० विधायक सदर अदिति सिंह, मा० विधायक सलोन अशोक कुमार, जिलाध्यक्ष भाजपा बुद्धिलाल, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, डीएफओ प्रखर मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता सहित जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

*डीएम-एसपी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण*_ _*जनपद के 23 परीक्षा केंद्रों पर सकुशल सम्पन्न*_ 

 

 

रायबरेली जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका व पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने आज आयोजित की गई प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) की परीक्षा 2026 को नकल विहीन, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु वैदिक इण्टर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, एस0जे0एस0 पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के समय सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि उक्त परीक्षा जनपद के 23 परीक्षा केन्द्रों पर 03 व 04 जून, 2026 को प्रत्येक दिवस को दो पालियों में आयोजित की गई। परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई तथा अधिकारियों द्वारा भ्रमणशील रहकर लगातार निगरानी की गई।

आज की आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) की परीक्षा में प्रथम पाली में कुल 9246 अभ्यर्थियों में से 4079 अभ्यर्थी उपस्थित व 5167 अभ्यर्थी अनुपस्थित एवं द्वितीय पाली में कुल 8862 अभ्यर्थियों में से 4045 अभ्यर्थी उपस्थित व 4817 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहें, इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 18108 अभ्यर्थियों में से 8124 अभ्यर्थी उपस्थित व 9984 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहें।

निरीक्षण के समय उप जिलाधिकारी सचिन यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।

धुंधी कटरा बाजार में भीषण आग से मचा हड़कंप, कई दुकानों को भारी नुकसान की आशंका

कपड़े की दुकान से उठीं आग की लपटें, देखते ही देखते आसपास के प्रतिष्ठान भी चपेट में आए; घंटों मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

मिर्जापुर। शहर के व्यस्त धुंधी कटरा बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कपड़े की दुकान में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की कई दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।

स्थानीय लोगों ने आग की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के अभियान में जुट गई। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद बाजार में मौजूद लोगों ने दुकानों से सामान निकालने का प्रयास किया, जबकि कई दुकानदार अपनी दुकानों को बचाने के लिए प्रयासरत रहे। आग के कारण क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि नुकसान का वास्तविक आंकलन प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

प्रशासन और दमकल विभाग की टीमों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए संयुक्त रूप से कार्रवाई की। समाचार लिखे जाने तक राहत एवं बचाव कार्य जारी था और अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थे।

गौरतलब है कि आग लगने की घटनाओं में वास्तविक कारणों और नुकसान का निर्धारण जांच के बाद ही किया जाता है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

 

40 लीटर अवैध कच्ची शराब व 250 किलो लहन बरामद कर लहन को मौके पर नष्ट* 03 अभियोग पंजीकृत, 01 अभियुक्त गिरफ्तार* 

 

 रायबरेली  जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के आदेशानुसार, अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध जारी प्रवर्तन अभियान के अन्तर्गत जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र- 1 प्रशांत कुमार मय हमराह द्वारा विभिन्न स्थानों पर दबिश की कार्यवाही की गयी। 

          टीम द्वारा सदर तहसील के थाना गुरबक्शगंज संदिग्ध ग्राम – घाटमपुर, पथरीगढ़ में अवैध कच्ची शराब बनाने के अड्डों/संदिग्ध घरों में दबिश के दौरान जनपद में कुल 40 लीटर अवैध कच्ची शराब एवं 250 किलो लहन बरामद कर लहन को मौके पर नष्ट किया गया एवं 03 अभियोग आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में पंजीकृत कर 01 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। जिले में अवैध शराब के निर्माण एव बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु इस तरह की कार्यवाही आगे भी जारी रहेंगी।

*विकास की गूंज राही में! प्रदर्शनी में पहुंचीं अदिति सिंह, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां*”

रायबरेली के राही ब्लॉक परिसर में सूचना विभाग द्वारा आयोजित विकास प्रदर्शनी के दूसरे दिन सदर विधायक Aditi Singh अदिति सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली और लोगों को उनके लाभ बताए।

विधायक ने कहा कि सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।

उन्होंने आमजन से अधिक संख्या में प्रदर्शनी देखने पहुंचने और योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।

प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों और सरकारी उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।

 

 

अभयदाता मंदिर मार्ग पर समाजसेवियों ने लगवाई स्ट्रीट लाइटें, पर्यटन स्थल घोषित करने की उठाई मांग

 

 

रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बालापुर स्थित प्रसिद्ध अभयदाता मंदिर के सामने लगभग एक किलोमीटर लंबे मार्ग पर समाजसेवी विवेक मिश्रा उर्फ पल्लू मिश्रा एवं उनके सहयोगियों दीपू सिंह,शैलेंद्र अग्निहोत्री सहित अन्य लोगों के सहयोग से स्ट्रीट लाइटें लगवाई गई हैं। इस पहल से क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों को रात के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था का लाभ मिलने लगा है।

 

समाजसेवी विवेक मिश्रा ने बताया कि अभयदाता मंदिर क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। लंबे समय से इस मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता था। इसे देखते हुए जनसहयोग से सड़क किनारे स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य कराया गया है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को सुविधा मिल सके।

 

उन्होंने कहा कि अभयदाता मंदिर क्षेत्र धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है। यहां दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु आते हैं। इसी कारण उत्तर प्रदेश सरकार से इस क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की गई है। उनका कहना है कि यदि सरकार इस दिशा में पहल करती है तो क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।

 

गौरतलब है कि इसी बालापुर-अभयदाता मंदिर मार्ग को लेकर पिछले 24 घंटों के भीतर राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली है। सड़क निर्माण के प्रस्तावित कार्य के शिलान्यास को लेकर सदर विधायक अदिति सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से सक्रिय नजर आए। सोमवार को सदर विधायक द्वारा सड़क निर्माण से पूर्व हवन-पूजन किया गया था, जबकि मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से भी इसी सड़क को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इससे सड़क निर्माण के श्रेय को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

 

इसी बीच समाजसेवियों द्वारा कराई गई स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और पर्यटन स्थल की मांग ने क्षेत्र के विकास संबंधी मुद्दों को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

विवेक मिश्रा उर्फ पल्लू मिश्रा (समाजसेवी) ने कहा

“अभयदाता मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हमने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें लगवाई हैं। हमारी मांग है कि सरकार इस धार्मिक स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करे, जिससे क्षेत्र का समुचित विकास हो सके और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।”

सालगिरह पर पत्नी ने दिया सरप्राइज, पति ने समझ लिया अजनबी!

मेकअप के बाद पहचान नहीं पाए जीवनसाथी, मामला पहुंचा पुलिस तक; जांच में सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई


झांसी में सामने आया एक अनोखा मामला चर्चा का विषय बन गया है। शादी की सालगिरह पर पति को सरप्राइज देने के लिए विशेष मेकअप कर घर पहुंची महिला को उसके पति ने पहचानने से इनकार कर दिया। मामला इतना बढ़ा कि पुलिस तक पहुंच गया। हालांकि जांच और बातचीत के बाद पूरी सच्चाई सामने आ गई और मामला शांत हो गया।

रोमांस का सरप्राइज बना गलतफहमी की कहानी

झांसी। आमतौर पर शादी की सालगिरह पति-पत्नी के रिश्ते में खुशियों और यादगार पलों का अवसर होती है, लेकिन झांसी में एक दंपति के साथ ऐसा घटनाक्रम सामने आया जिसने सभी को हैरान कर दिया।

बताया जाता है कि महिला अपनी शादी की सालगिरह के अवसर पर अपने पति को सरप्राइज देना चाहती थी। इसी उद्देश्य से वह ब्यूटी पार्लर गई और विशेष मेकअप कराया। सज-धज कर जब वह घर पहुंची तो उसे उम्मीद थी कि पति उसकी इस नई छवि को देखकर खुश हो जाएगा, लेकिन घटनाक्रम ने अप्रत्याशित मोड़ ले लिया।

पति ने समझ लिया अजनबी महिला

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मेकअप के बाद महिला का रूप-रंग इतना बदल गया कि उसके पति ने उसे पहचानने से ही इनकार कर दिया। बताया जाता है कि जब महिला ने बातचीत करने का प्रयास किया तो पति को लगा कि कोई अज्ञात महिला उससे संपर्क करने की कोशिश कर रही है।

स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण होती चली गई और गलतफहमी इतनी बढ़ गई कि मामला पुलिस तक पहुंच गया।

पुलिस पहुंची तो खुली पूरी कहानी

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। जांच और पूछताछ के दौरान महिला ने अपनी पहचान से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत किए तथा परिजनों से भी संपर्क कराया गया।

इसके बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो गई कि जिस महिला को अजनबी समझा जा रहा था, वह वास्तव में संबंधित व्यक्ति की पत्नी ही थी, जिसने सालगिरह के अवसर पर विशेष मेकअप कराया था।

समझाइश के बाद शांत हुआ मामला

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक बातचीत में यह मामला पति-पत्नी के बीच हुई गलतफहमी का प्रतीत हुआ। दोनों पक्षों को समझाइश दी गई, जिसके बाद विवाद समाप्त हो गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।

सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय

घटना सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। कई लोगों ने इसे रिश्तों में संवाद और आपसी समझ की आवश्यकता से जोड़कर देखा, जबकि कुछ लोगों ने इसे सालगिरह के एक अनोखे और अप्रत्याशित घटनाक्रम के रूप में साझा किया।

क्या सीख देता है यह मामला?

रिश्तों में संवाद और विश्वास बेहद महत्वपूर्ण हैं।

किसी भी परिस्थिति में जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालने से बचना चाहिए।

गलतफहमी छोटी हो या बड़ी, बातचीत से उसका समाधान संभव है।


यह समाचार सार्वजनिक रूप से उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों पर आधारित है। FT News Digital इस घटना के संबंध में किसी भी पक्ष के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता। उपलब्ध सूचनाओं के अनुसार मामला आपसी गलतफहमी से जुड़ा बताया गया है तथा किसी पक्ष को दोषी ठहराने का उद्देश्य नहीं है।

हीट वेव से राहत की बड़ी पहल, लखनऊ में बढ़ रहे कूलिंग पॉइंट

महापौर सुषमा खर्कवाल ने जीपीओ के पास कूलिंग पॉइंट का किया शुभारंभ, आमजन को मिल रही गर्मी से राहत

लखनऊ। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव के खतरे के बीच नगर निगम ने राहत पहुंचाने की दिशा में अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को विधानसभा के समीप जीपीओ के पास स्थापित कूलिंग पॉइंट का उद्घाटन महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया। इस पहल का उद्देश्य भीषण गर्मी से जूझ रहे नागरिकों, राहगीरों और श्रमिकों को सुरक्षित एवं आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराना है।

नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर कूलिंग पॉइंट स्थापित किए जा रहे हैं। पॉलीटेक्निक चौराहा, कुर्सी रोड, 1090 चौराहा, लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय सहित कई स्थानों पर यह सुविधा शुरू की जा चुकी है, जबकि अन्य प्रमुख स्थानों पर भी व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं।

प्राकृतिक तकनीक से मिलेगी ठंडक

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार कूलिंग पॉइंट्स का निर्माण पर्यावरण अनुकूल सामग्री जैसे मिट्टी और जूट से किया गया है। विशेष डिजाइन के कारण इन संरचनाओं के भीतर का तापमान अपेक्षाकृत कम बना रहता है, जिससे लोगों को प्राकृतिक रूप से ठंडक का अनुभव होता है।

राहगीरों और श्रमिकों को विशेष राहत

इन कूलिंग पॉइंट्स पर बैठने और विश्राम करने की समुचित व्यवस्था की गई है। यहां बेड, कुर्सियां, पंखे, कूलर, स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। गर्मी में लंबे समय तक बाहर रहने वाले श्रमिकों, रिक्शा चालकों और आम नागरिकों के लिए यह व्यवस्था राहत का केंद्र बन रही है।

रैनबसेरों को भी बनाया गया राहत केंद्र

नगर निगम द्वारा संचालित रैनबसेरों में भी अतिरिक्त सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। यहां ठंडे पेयजल और विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे दोपहर की भीषण गर्मी के दौरान लोग सुरक्षित स्थान पर आराम कर सकें।

150 से अधिक स्थानों पर शीतल जल की व्यवस्था

नगर निगम और जलकल विभाग के संयुक्त प्रयास से शहर के 150 से अधिक स्थानों पर शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर लगाए गए जलपान केंद्रों पर राहगीरों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे गर्मी के प्रभाव को कम करने में मदद मिल रही है।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि भीषण गर्मी के दौरान शहरवासियों को अधिकतम राहत उपलब्ध कराई जाए और हीट वेव से बचाव के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।

प्रसूता की मौत के बाद फूटा परिजनों का गुस्सा, निजी अस्पताल की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

शव रखकर किया विरोध प्रदर्शन, जांच की मांग तेज; प्रशासन ने शुरू की पड़ताल

महराजगंज। निचलौल क्षेत्र में एक निजी चिकित्सालय में प्रसव के दौरान उपचार के बाद महिला की मृत्यु होने की घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला को प्रसव पीड़ा होने पर उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि उपचार और ऑपरेशन की प्रक्रिया के बाद महिला की तबीयत बिगड़ती चली गई। आरोप है कि हालत गंभीर होने के बावजूद समय पर पर्याप्त चिकित्सकीय सहायता नहीं मिल सकी। बाद में महिला को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया, जहां ले जाते समय उसकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। विरोध प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को सामान्य कराया।

सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों, दस्तावेजों और संबंधित पक्षों के बयान के आधार पर जांच की जाएगी तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग के बीच यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

FT News Digital Impact Line

“इलाज के बाद मौत पर उठे सवाल, जवाब तलाश रहा परिवार — जांच पर टिकी निगाहें”

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।