ब्यूटी पार्लर संचालिका ने लगाया जान से मारने की धमकी और दुकान में ताला लगाने का आरोप
रायबरेली के जगतपुर क्षेत्र से एक महिला ने दबंगई और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
लक्ष्मणपुर में तनु ब्यूटी पार्लर, सिलाई सेंटर और कॉस्मेटिक की दुकान चलाने वाली तनु सिंह ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि देशराज सिंह, अरविन्द सिंह और छोटे सिंह आए दिन उन्हें डराते-धमकाते हैं और दुकान पर आने वाली लड़कियों के साथ भी अभद्र व्यवहार करते हैं।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर अपना ताला लगा दिया और बिजली का कनेक्शन भी कटवा दिया। जबकि उनका कहना है कि दुकान के लिए उन्होंने लोन लिया और दुकान तैयार कराने में भी काफी धनराशि खर्च की है।
शिकायत में 20 सितंबर को उनके भाई के साथ मारपीट में सिर पर गंभीर चोट लगने का भी आरोप लगाया गया है। वहीं, 3 अक्टूबर की शाम आरोपियों द्वारा कथित तौर पर नशे की हालत में दुकान पर पहुंचकर जान से मारने और दुकान बंद करने की धमकी देने का आरोप है।
पीड़िता का कहना है कि घटना की सूचना जगतपुर थाने में दी गई, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई और अपने परिवार व दुकान की सुरक्षा की मांग की है।
फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Views: 113

