फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
सिद्धार्थनगर: तेज रफ्तार XUV की टक्कर से बाइक सवार दंपति की मौत

सिद्धार्थनगर | जोगिया थाना क्षेत्र
जनपद सिद्धार्थनगर के जोगिया थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
मिली जानकारी के अनुसार महेंद्र मिश्रा (लगभग 45 वर्ष) पुत्र भान प्रकाश मिश्रा और उनकी पत्नी सरिता मिश्रा (लगभग 42 वर्ष) निवासी भानपुर पोस्ट सोनकर मोटरसाइकिल से बंसी की तरफ से नौगढ़ की ओर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि जब उनकी बाइक जोगिया थाना क्षेत्र के सुपर राजा पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार चार पहिया XUV वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पति-पत्नी हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़े। गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही हालत नाजुक हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि दंपति अपने घर से जोगिया थाना क्षेत्र के ग्राम कटिया स्थित एसएसबी कैंप के पास बन रहे अपने दूसरे मकान की ओर जा रहे थे। रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों और संबंधित वाहन की पहचान की जांच की जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और मृतक दंपति के परिवार में कोहराम मच गया है।

सामूहिक विवाह समारोह में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र-चेन झपटने की शिकायत, पंडाल में मचा हड़कंप

सिद्धार्थनगर।
जिला मुख्यालय स्थित बीएसए ग्राउंड में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब कई महिलाओं ने अपने गले से मंगलसूत्र और चेन झपटे जाने की शिकायत की। भीड़भाड़ के बीच हुई इस घटना से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए हलचल मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जिले में बड़े पैमाने पर विवाह समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें कई नवविवाहित जोड़ों का विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में वर-वधू के साथ उनके परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद थे।
बताया जाता है कि विवाह संपन्न होने के बाद जब नवविवाहित जोड़े और उनके परिजन भोजन के लिए पंडाल की ओर पहुंचे, उसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और चेन झपटने की शिकायत सामने आई। घटना के बाद कुछ महिलाएं घबराई हुई नजर आईं और उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से शिकायत की।
सूचना मिलते ही कार्यक्रम स्थल पर तैनात पुलिसकर्मी और महिला पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हो गए और पीड़ित महिलाओं से घटना के संबंध में जानकारी जुटाने लगे। पुलिस ने कई महिलाओं से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी ली और घटना की परिस्थितियों की पड़ताल शुरू कर दी।
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि भीड़ के बीच अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र और चेन निकाल लिए गए। घटना के बाद कुछ महिलाएं भावुक भी हो गईं और पुलिस से अपनी आपबीती बताती नजर आईं।
हालांकि इस मामले में पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायतों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Screenshot 20260315 071220 Screenshot 20260315 071232
इस घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा भी शुरू हो गई। लोगों का कहना है कि बड़े आयोजनों में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और संबंधित तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

महायज्ञ से लौट रहे भाई-बहन की बाइक को तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, बीए की छात्रा की दर्दनाक मौत

20 वर्षीय महिमा पासवान ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, भाई घायल – टक्कर मारकर बाइक सवार फरार

Screenshot 20260314 192948
सिद्धार्थनगर | 13 मार्च
जनपद सिद्धार्थनगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। शतचंडी महायज्ञ से लौट रहे भाई-बहन की मोटरसाइकिल को पीछे से आए तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बहन गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि भाई को मामूली चोटें आईं।
यह घटना नौगढ़-सुहास मार्ग पर ग्राम बनकसीया मोड़ के पास गुरुवार शाम लगभग 6 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिमा पासवान (20 वर्ष) पुत्री स्वर्गीय संतोष कुमार पासवान, निवासी ग्राम बनकटिया, थाना सदर, अपने छोटे भाई अनूप कुमार पासवान (लगभग 17 वर्ष) के साथ गांव के पास समय माता मंदिर पर आयोजित शतचंडी महायज्ञ में शामिल होकर मोटरसाइकिल से घर लौट रही थीं।
बताया जा रहा है कि महिमा पासवान बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थीं और पढ़ाई के साथ-साथ परिवार का सहारा भी थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े, जिसमें महिमा के सिर में गंभीर चोट लग गई, जबकि भाई को हल्की चोट आई।
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर ले जाया गया।
चिकित्सकों ने महिमा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें गोरखपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हालत बिगड़ने पर सिद्धार्थनगर मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान महिमा पासवान की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद बाइक सवार फरार
बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया, हालांकि उसकी बाइक घटनास्थल पर ही छूट गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आगे की जांच और कार्रवाई कर रही है।
महायज्ञ की खुशियों के बीच पसरा मातम
ग्राम बनकटिया और आसपास के क्षेत्र में इन दिनों शतचंडी महायज्ञ को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल था। लोग जल भरकर यज्ञ में शामिल हो रहे थे और गांव में धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था।
लेकिन इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में खुशियों की जगह गहरा मातम छा गया।
परिवार से मिलने पहुंचे जनप्रतिनिधि
घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर विधायक श्यामधनी राही और उनके प्रतिनिधि  सत्य पकाश राही मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

एक साथ गूंजे 331 शहनाइयों के स्वर: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में सजे 331 घर, कई मां-बाप के सिर से उतरा बेटियों की शादी का बोझ

IMG 20260314 WA1370

सांसद जगदम्बिका पाल सहित जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में भव्य आयोजन, हर वधू के खाते में 60 हजार की DBT और गृहस्थी का पूरा सामान

IMG 20260314 WA1323
सिद्धार्थनगर | 14 मार्च 2026
सिद्धार्थनगर में शनिवार को एक ऐसा भावुक और भव्य दृश्य देखने को मिला, जिसने सैकड़ों गरीब परिवारों की आंखों में खुशी के आंसू ला दिए। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बगल स्थित मैदान में 331 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया।
जब एक साथ सैकड़ों जोड़ों की शहनाइयां गूंजीं, तो कई माता-पिता के दिल का वर्षों पुराना बोझ हल्का हो गया। जिन परिवारों के लिए बेटियों की शादी एक बड़ी चिंता थी, उनके लिए यह आयोजन किसी वरदान से कम नहीं रहा।

IMG 20260314 WA1319
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल, कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा जनप्रतिनिधियों का बुके देकर स्वागत किया गया।
331 जोड़ों का हुआ विवाह
इस भव्य आयोजन में कुल 331 जोड़े विवाह बंधन में बंधे।
हिंदू समुदाय – 238 जोड़े
बौद्ध धर्म – 74 जोड़े
मुस्लिम समुदाय – 19 जोड़े
हिंदू जोड़ों का विवाह पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया गया, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह मौलाना द्वारा पढ़वाया गया और बौद्ध समुदाय के जोड़ों का विवाह उनके धर्मानुसार कराया गया।
यह दृश्य सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक बन गया, जहां अलग-अलग धर्मों के लोग एक मंच पर विवाह बंधन में बंधे।
सरकार ने दिया आर्थिक सहारा
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक वधू के बैंक खाते में 60 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से भेजे जा रहे हैं।

IMG 20260314 WA1321
इसके अलावा लगभग 25 हजार रुपये का गृहस्थी का सामान और 15 हजार रुपये बारात स्वागत के लिए खर्च किए गए।
नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी की शुरुआत के लिए कई आवश्यक वस्तुएं दी गईं, जिनमें प्रमुख रूप से –
साड़ी-ब्लाउज, पेटीकोट, चुनरी
पैंट-शर्ट का कपड़ा
चांदी की पायल और बिछिया
डिनर सेट और बर्तन
कूकर, कड़ाही, ट्रॉली बैग
सीलिंग फैन, प्रेस, घड़ी
गद्दा, कंबल, तकिया
सूखे मेवे और मिठाई
जैसी उपयोगी सामग्री शामिल रही।
सांसद ने की रोजगार दिलाने की घोषणा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गरीब परिवारों की बेटियों की शादी सम्मानपूर्वक कराना सरकार की प्राथमिकता है।

IMG 20260314 WA1331
उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि नवविवाहित जोड़ों को रोजगार और प्लेसमेंट के अवसर दिलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे अपनी नई जिंदगी को मजबूती से आगे बढ़ा सकें।
उन्होंने कहा कि जो युवा उद्योग, कालानमक चावल, कंप्यूटर या अन्य क्षेत्रों में काम करना चाहते हैं, उन्हें ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा।

IMG 20260314 WA1333
विधायकों ने योजना को बताया सराहनीय
विधायक श्यामधनी राही और विनय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह योजना गरीब परिवारों के लिए किसी संबल से कम नहीं है।
इस योजना के माध्यम से बेटियों की शादी गरिमा और सम्मान के साथ कराई जा रही है और उन्हें नई जिंदगी की शुरुआत के लिए आवश्यक सहायता भी दी जा रही है।

IMG 20260314 WA1328
भावुक हुए माता-पिता
कार्यक्रम के दौरान कई ऐसे माता-पिता भी दिखे जिनकी आंखों में खुशी के आंसू थे।
उनका कहना था कि
“अगर यह योजना न होती तो बेटियों की शादी करना हमारे लिए बहुत कठिन था।”
आज जब उनकी बेटियां दुल्हन बनकर विदा हुईं, तो उन्हें लगा जैसे वर्षों का बोझ उतर गया हो।

IMG 20260314 WA1318 IMG 20260314 WA1314
एक साथ 331 घरों में जली खुशियों की लौ
सिद्धार्थनगर में आयोजित यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम केवल एक सरकारी आयोजन नहीं रहा, बल्कि यह उन गरीब परिवारों के लिए सम्मान, सहारा और उम्मीद का उत्सव बन गया, जहां एक साथ 331 घरों में खुशियों की नई शुरुआत हुई।

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री ने किया समीक्षा बैठक, जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

सिद्धार्थनगर 14 मार्च 2026/चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक मा0 राज्यमंत्री, संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उ0प्र0 श्री मयंकेश्वर शरण सिंह की अध्यक्षता एवं मा0 विधायक इटवा/नेता प्रतिपक्ष श्री माता प्रसाद पाण्डेय, मा0 विधायक बांसी श्री जय प्रताप सिंह, मा0 विधायक कपिलवस्तु श्री श्यामधनी राही, मा0 विधायक शोहरतगढ़ श्री विनय वर्मा, मा0 सदस्य विधान परिषद श्री ध्रुव कुमार त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री दीपक मौर्या, जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी.एन., मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।

सर्वप्रथम जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी.एन. द्वारा मा0 राज्यमंत्री, संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उ0प्र0 श्री मयंकेश्वर शरण सिंह को बुके देकर स्वागत किया गया। अन्य जनप्रतिनिधियों को भी बुके देकर स्वागत किया गया। चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान प्राचार्य डा0 राजेश मोहन ने जानकारी देते हुए बताया कि माधव प्रसाद त्रिपाठी राजकीय मेडिकल कालेज की स्थापना वर्ष 2021 में हुई। इसमें 22 विभाग कार्यरत है। प्रतिदिन 2000 ओपीडी होता है। सभी दवायें उपलब्ध है। समय समय पर आवश्यकतानुसार दवायें क्रय की जाती है। मेडिकल कालेज में 100 छात्र का प्रवेश प्रतिवर्ष होता है। वर्तमान में 500 छात्र अध्ययनरत है। 509 बेड उपलब्ध है। मा0 राज्यमंत्री, संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उ0प्र0 श्री मयंकेश्वर शरण सिंह जी द्वारा फैकेल्टी के बारे में जानकारी प्राप्त किया गया। प्राचार्य मेडिकल कालेज ने बताया कि प्रोफेसर की कमी है। जिसके लिए विज्ञापन निकाला जा रहा है। मा0 मंत्री जी ने कहा कि मा0 जनप्रतिनिधिगण से कर फैकेल्टी की कमी को पूरा करे। इस मेडिकल कालेज का नाम भाजपा के प्रथम प्रदेश अध्यक्ष स्व माधव प्रसाद त्रिपाठी के नाम पर रखा गया है। और अच्छा कार्य करके इसे आगे बढ़ायें। अग्रले 03 वर्ष की कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। खाली पदों को भरने की प्रक्रिया पूर्ण करें। मा0 मंत्री जी ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि फैकेल्टी के लिए प्रयास करें। इसके साथ ही सभी कर्मचारियों को समय से वेतन दिये जाने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मा. मंत्री जी को जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के सभी सीएचसी/पीएचसी पर दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता है किसी भी प्रकार की कमी नही है। जनपद में 1650 निक्षय मित्र है। टीबी के 5181 मरीज जनपद में है। मा0 मंत्री जी ने मा0 जनप्रतिनिधिगण/अधिकारियों से कहा कि ज्यादा से ज्यादा टी0बी0 मरीजों को गोद ले। मा0 मंत्री जी द्वारा समस्त एमओआईसी से सीएचसी/पीएचसी के बारे में जानकारी प्राप्त किया गया। मा0 विधायक कपिलवस्तु ने मा0 मंत्री से मांग किया कि पोस्टमार्टम सुबह 10 बजे से किया जाये। मा0 मंत्री जी द्वारा स्वीकृति प्रदान किया गया।

मा0 राज्यमंत्री, संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उ0प्र0 श्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने बैठक में आने के लिए मा0 जनप्रतिनिधिगण का आभार प्रकट किया। मा0 मंत्री जी ने कहा कि सभी डाक्टर से अपेक्षा है कि कोई भी मरीज बिना इलाज कराये न जाये। मरीजों को अनावश्यक रेफर न करें। अपनी जिम्मेदारी का पालन करें। जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि समय-समय पर मेडिकल कालेज/अस्पताल का निरीक्षण करें।

इस अवसर पर उपरोक्त के अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 रजत कुमार चौरसिया, प्राचार्य मेडिकल कालेज डा0 राजेश मोहन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा0 ए0के0झा, समस्त एमओआईसी व अन्य सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित थे।

उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा: डीएम व एसपी ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण परीक्षा के दिए निर्देश

सिद्धार्थनगर, 14 मार्च 2026।जनपद में उपनिरीक्षक (उ0नि0) नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने शनिवार को परीक्षा केंद्र श्री सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज, नौगढ़ का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की स्थिति तथा परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने केंद्र पर तैनात मजिस्ट्रेट, पुलिसकर्मियों और अन्य ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

परीक्षा को निष्पक्ष कराने पर जोर

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने केंद्र पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और कड़ाई के साथ संपन्न कराया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने परीक्षा केंद्र के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखें और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखें।

शांतिपूर्ण ढंग से हुई प्रथम पाली की परीक्षा

प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में उ0नि0 नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा-2025 की प्रथम पाली की परीक्षा जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई गई। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

कैशलैस ईलाज और मानदेय बढ़ाए जाने से अनुदेशक खुश, विधायकों का किया स्वागत, मुख्यमंत्री का जताया आभार

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा परिषदीय अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाकर 17000 रुपए प्रति माह किए जाने तथा पाँच लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान किए जाने के निर्णय से जनपद सिद्धार्थनगर के अनुदेशकों में खुशी की लहर है। सरकार के इस फैसले पर अनुदेशकों ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसी क्रम में अनुदेशक संघ के पदाधिकारियों ने शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा और कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही को ज्ञापन सौंपकर धन्यवाद ज्ञापित किया। अनुदेशकों ने कहा कि सरकार का यह निर्णय लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम है।

सरकार के फैसले से अनुदेशकों में उत्साह

अनुदेशकों का कहना है कि लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग की जा रही थी। ऐसे में प्रदेश सरकार द्वारा मानदेय को बढ़ाकर ₹17,000 करना उनके लिए बड़ी राहत है। इसके साथ ही पाँच लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज की सुविधा मिलने से अब अनुदेशकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा भी मिलेगी।

अनुदेशकों ने बताया कि इस निर्णय से प्रदेश के करीब 25 हजार अनुदेशकों को सीधा लाभ मिलेगा और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम अनुदेशकों के मनोबल को बढ़ाने वाला है और इससे शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

विधायकों को सौंपा ज्ञापन

सरकार के इस फैसले के बाद अनुदेशकों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर आभार व्यक्त किया। इस दौरान अनुदेशकों ने शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा तथा कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही का स्वागत किया और उनके माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद ज्ञापित किया।

अनुदेशकों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रयासों और सरकार की सकारात्मक सोच के कारण ही यह फैसला संभव हो सका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सरकार अनुदेशकों की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए इसी तरह सकारात्मक कदम उठाएगी।

इस अवसर पर परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन, सिद्धार्थनगर के पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुदेशकों की समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए यह सराहनीय निर्णय लिया है। इससे हजारों अनुदेशकों और उनके परिवारों को आर्थिक और स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का यह फैसला अनुदेशकों के लिए सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक है। इससे शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और अनुदेशक और अधिक समर्पण के साथ बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में योगदान देंगे।

ये अनुदेशक रहे मौजूद

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अनिल पांडेय,अनुदेशक रामानंद उपाध्याय, लवकुश चौधरी, सत्य मृत्युंजयधर, सत्यपाल सिंह, कैलाश नाथ, देवेंद्र चौधरी, शरद, दिलीप कुमार सहित अन्य कई अनुदेशक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और इस निर्णय को ऐतिहासिक बताया।

मानदेय बढ़ाए जाने और कैशलेश ईलाज देने पर अनुदेशकों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार, विधायक जय प्रताप सिंह का किया स्वागत

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा परिषदीय अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाकर 17000 रुपए प्रति माह किए जाने और पाँच लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज की सुविधा देने के फैसले से जनपद सिद्धार्थनगर के अनुदेशकों में खुशी का माहौल है। सरकार के इस निर्णय को अनुदेशकों ने राहत भरा कदम बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। इसी क्रम में अनुदेशक संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बांसी विधायक जय प्रताप सिंह का स्वागत कर धन्यवाद ज्ञापित किया।

अनुदेशकों ने जताई खुशी, सरकार के फैसले को बताया ऐतिहासिक

अनुदेशकों का कहना है कि लंबे समय से मानदेय बढ़ाए जाने की मांग की जा रही थी। ऐसे में सरकार द्वारा मानदेय को बढ़ाकर 17000 रुपए करना अनुदेशकों के लिए बड़ी राहत है। इसके साथ ही पाँच लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज की सुविधा मिलने से अब अनुदेशकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा भी मिल सकेगी।

अनुदेशकों ने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के करीब 25 हजार अनुदेशकों को सीधा लाभ मिलेगा और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अनुदेशकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और सरकार का यह कदम उनके मनोबल को बढ़ाने वाला है।

विधायक जय प्रताप सिंह का किया गया स्वागत

सरकार के इस फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए अनुदेशक संघ के पदाधिकारियों ने बांसी विधायक जय प्रताप सिंह का स्वागत किया और उनके माध्यम से प्रदेश सरकार तथा मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। अनुदेशकों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रयासों और सरकार की सकारात्मक सोच के कारण ही यह फैसला संभव हो पाया है।

आर्थिक और सामाजिक लाभ होगा

इस अवसर पर परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन, सिद्धार्थनगर के पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुदेशकों की समस्याओं को समझते हुए यह सराहनीय निर्णय लिया है। इससे हजारों अनुदेशकों और उनके परिवारों को आर्थिक और स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम अनुदेशकों के लिए सम्मान और प्रोत्साहन का प्रतीक है। इससे शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और अनुदेशक पहले से अधिक उत्साह के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।

ये अनुदेशक रहे मौजूद

इस दौरान अनुदेशक सीमा निषाद, रामानंद उपाध्याय, लवकुश चौधरी, सत्य मृत्युंजयधर, सत्यपाल सिंह, दिलीप, कैलाश नाथ, देवेंद्र चौधरी, शरद सहित कई अन्य अनुदेशक उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के इस निर्णय से अनुदेशकों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

अब गैस सिलेंडर के लिए लाइन खत्म! घर बैठे WhatsApp और मिस्ड कॉल से करें LPG बुकिंग

सरकार ने उपभोक्ताओं को दी बड़ी सहूलियत — Bharat Gas, Indane और HP Gas ने शुरू की आसान डिजिटल बुकिंग व्यवस्था

IMG 20260314 WA0899

सिद्धार्थनगर/डेस्क – FT News Digital
रसोई गैस सिलेंडर बुक कराने के लिए अब उपभोक्ताओं को लंबी लाइनों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने गैस उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के कई डिजिटल और आसान माध्यम उपलब्ध कराए हैं।
अब उपभोक्ता घर बैठे ही WhatsApp, मिस्ड कॉल, IVRS, मोबाइल एप और वेबसाइट के जरिए कुछ ही मिनटों में गैस सिलेंडर बुक कर सकते हैं। इससे समय की बचत होगी और एजेंसी के चक्कर लगाने से भी राहत मिलेगी।
मंत्रालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार देश की तीन प्रमुख गैस कंपनियां भारत गैस, इंडेन गैस और एचपी गैस अपने उपभोक्ताओं को अलग-अलग माध्यमों से बुकिंग की सुविधा दे रही हैं।
 ऐसे करें गैस सिलेंडर की बुकिंग
Bharat Gas
WhatsApp : 1800 22 4344
Missed Call : 7710955555
IVRS : 7715012345
App : Hello BPCL
Website : my.ebharatgas.com
Indane Gas
WhatsApp : 7588888824
Missed Call : 8454955555
IVRS : 7718955555
App : Indian Oil One
Website : cx.indianoil.in
HP Gas
WhatsApp : 9222201122
Missed Call : 9493602222
IVRS : 8888823456
App : HP Pay
Website : myhpgas.in
क्या होगा फायदा
गैस एजेंसी जाने की जरूरत नहीं
मोबाइल से तुरंत बुकिंग
समय और मेहनत की बचत
डिजिटल सेवा से पारदर्शिता

जनहित में अपील
सरकार और तेल कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे इन डिजिटल सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें और किसी भी असुविधा की स्थिति में संबंधित गैस एजेंसी या कंपनी से संपर्क करें।

सिद्धार्थनगर: पंचायत के पोखर से मिट्टी खनन का आरोप, ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी निकालने की तस्वीरें आई सामने

सिद्धार्थनगर।
जनपद के नौगढ़ तहसील क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड उसका बाजार के ग्राम चोरोवर ग्राम पंचायत में स्थित पंचायत के पोखर से मिट्टी निकाले जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंचायत के इस पोखर से ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से मिट्टी निकालकर अन्य जगहों पर ले जाई जा रही है। मौके से सामने आई तस्वीरों में ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ मिट्टी का ढेर भी दिखाई दे रहा है, जिससे ग्रामीणों के आरोपों को बल मिलता दिखाई दे रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब इस संबंध में जानकारी लेने की कोशिश की जाती है तो संबंधित लोग परमिशन होने की बात कहते हैं, लेकिन मौके पर कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं दिखाते और मोबाइल फोन में पीडीएफ दिखाकर अनुमति होने का दावा करते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार यह पोखर ग्राम पंचायत की संपत्ति है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी पंचायत प्रशासन तथा संबंधित विभागों की होती है। ऐसे में यदि पोखर से मिट्टी निकाले जाने के आरोप लग रहे हैं तो यह मामला कई सवाल खड़े करता है।
इस संबंध में जब तहसील प्रशासन से जानकारी ली गई तो बताया गया कि शिकायत मिलने पर टीम मौके पर भेजी जाती है, लेकिन कई बार खनन करने वाले लोग टीम के पहुंचने से पहले ही वाहन लेकर फरार हो जाते हैं।
वहीं खनन विभाग के स्तर पर भी मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच की बात कही गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पंचायत के पोखर से इस तरह मिट्टी निकाली जा रही है तो इससे सरकार की जल संरक्षण और तालाब संरक्षण जैसी योजनाओं पर भी असर पड़ सकता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को लेकर क्या कार्रवाई करता है।

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।