फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
मानदेय बढ़ाए जाने और कैशलेश ईलाज देने पर अनुदेशकों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार, विधायक जय प्रताप सिंह का किया स्वागत

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा परिषदीय अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाकर 17000 रुपए प्रति माह किए जाने और पाँच लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज की सुविधा देने के फैसले से जनपद सिद्धार्थनगर के अनुदेशकों में खुशी का माहौल है। सरकार के इस निर्णय को अनुदेशकों ने राहत भरा कदम बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। इसी क्रम में अनुदेशक संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बांसी विधायक जय प्रताप सिंह का स्वागत कर धन्यवाद ज्ञापित किया।

अनुदेशकों ने जताई खुशी, सरकार के फैसले को बताया ऐतिहासिक

अनुदेशकों का कहना है कि लंबे समय से मानदेय बढ़ाए जाने की मांग की जा रही थी। ऐसे में सरकार द्वारा मानदेय को बढ़ाकर 17000 रुपए करना अनुदेशकों के लिए बड़ी राहत है। इसके साथ ही पाँच लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज की सुविधा मिलने से अब अनुदेशकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा भी मिल सकेगी।

अनुदेशकों ने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के करीब 25 हजार अनुदेशकों को सीधा लाभ मिलेगा और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अनुदेशकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और सरकार का यह कदम उनके मनोबल को बढ़ाने वाला है।

विधायक जय प्रताप सिंह का किया गया स्वागत

सरकार के इस फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए अनुदेशक संघ के पदाधिकारियों ने बांसी विधायक जय प्रताप सिंह का स्वागत किया और उनके माध्यम से प्रदेश सरकार तथा मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। अनुदेशकों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रयासों और सरकार की सकारात्मक सोच के कारण ही यह फैसला संभव हो पाया है।

आर्थिक और सामाजिक लाभ होगा

इस अवसर पर परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन, सिद्धार्थनगर के पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुदेशकों की समस्याओं को समझते हुए यह सराहनीय निर्णय लिया है। इससे हजारों अनुदेशकों और उनके परिवारों को आर्थिक और स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम अनुदेशकों के लिए सम्मान और प्रोत्साहन का प्रतीक है। इससे शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और अनुदेशक पहले से अधिक उत्साह के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।

ये अनुदेशक रहे मौजूद

इस दौरान अनुदेशक सीमा निषाद, रामानंद उपाध्याय, लवकुश चौधरी, सत्य मृत्युंजयधर, सत्यपाल सिंह, दिलीप, कैलाश नाथ, देवेंद्र चौधरी, शरद सहित कई अन्य अनुदेशक उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के इस निर्णय से अनुदेशकों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

बांसी में पीस कमेटी की बैठक संपन्न, SDM, CO रहे मौजूद

उपजिलाधिकारी बांसी व क्षेत्राधिकारी बांसी द्वारा प्रभारी निरीक्षक बांसी की उपस्थिति में आगामी त्यौहार होलिका दहन, होली व रमजान माह ईंद-उल-फितर को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु दोनो समुदाय के धर्मगुरुओ व सम्भ्रान्त व्यक्तियो के साथ पीस कमेटी की मीटिग की गयी ।

डा0 अभिषेक महाजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय के आदेश के क्रम में प्रशान्त कुमार प्रसाद अपर पुलिस अधीक्षक जनपद सिद्धार्थनगर के कुशल निर्देशन मे, शुबेन्दु सिंह क्षेत्राधिकारी बाँसी द्वारा निखिल चक्रवर्ती उपजिलाधिकारी बांसी द्वारा प्रभारी निरीक्षक बांसी की उपस्थिति में आज दिनांक 01.03.2026 को आगामी त्यौहार होलिका दहन, होली व रमजान माह ईंद-उल-फितर के दृष्टिगत पीस कमेटी मीटिंग किया गया । उक्त मीटिंग में ग्राम प्रधान, धर्म गुरु और संभ्रांत व्यक्तियो के साथ साथ कस्बा बांसी के राजनीतिक लोग भी उपस्थित हुए जिनसे वार्ता किया गया तथा उक्त त्यौहार के अवसरों पर होने वाले समस्याओं आदि के बारे में जानकारी लिया गया साथ ही साथ लोगों को त्यौहार होली और ईद- उल -फितर को सकुशल संपन्न हेतु अपील किया गया, और शासन द्वारा दिए गए आदेश निर्देश से सभी को अवगत कराया गया ।

सिद्धार्थनगर: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 321 जोड़े विवाह बंधन में बंधे

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत रविवार को रतन सेन डिग्री कॉलेज परिसर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इस आयोजन में 384 पंजीकृत जोड़ों में से 321 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। पूरे परिसर में उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिला, जहां 321 नवदम्पतियों ने एक साथ अपने नए जीवन की शुरुआत की।

अलग-अलग समुदायों के जोड़ों का धार्मिक रीति-रिवाज से विवाह

इस सामूहिक विवाह समारोह में 229 हिंदू, 65 बौद्ध और 27 मुस्लिम समुदाय के जोड़ों का विवाह उनके-अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया।

हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडितों द्वारा कराया गया।

मुस्लिम समुदाय के जोड़ों का निकाह मौलाना द्वारा संपन्न हुआ।

बौद्ध समुदाय के जोड़ों का विवाह धर्माचार्यों की उपस्थिति में कराया गया।

इस अवसर पर बांसी, मिठवल, खेसरहा एवं नगरीय क्षेत्र बांसी के लाभार्थी जोड़े शामिल हुए।

जनप्रतिनिधियोंने दीप प्रज्ज्वलन कर किया शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद जगदंबिका पाल, विधायक बांसी जय प्रताप सिंह, विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने दीप प्रज्ज्वलन और गणेश पूजन के साथ किया। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

प्रत्येक वधू को 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक वधू के बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 60 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई है।

इसके अतिरिक्त—

लगभग 25 हजार रुपये की गृहस्थी सामग्री

15 हजार रुपये बारात स्वागत मद में व्यय

नवविवाहित जोड़ों को साड़ी, सूट का कपड़ा, चांदी की पायल-बिछिया, डिनर सेट, कूकर, ट्रॉली बैग, सीलिंग फैन, प्रेस, बिस्तर, कंबल, गद्दा, सूखे मेवे सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री वितरित की गई।

रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने की घोषणा

सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों की शादी को सम्मानजनक ढंग से संपन्न कराने का सशक्त माध्यम बनी है। उन्होंने नवदम्पतियों को रोजगार एवं प्लेसमेंट से जोड़ने तथा इच्छुक युवाओं को ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार से जोड़ने की घोषणा भी की।

विधायक जय प्रताप सिंह और विनय वर्मा ने कहा कि यह योजना बिना भेदभाव सभी वर्गों के लिए वरदान साबित हो रही है।

जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने भी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए इसे सरकार की जनकल्याणकारी पहल बताया।

सामूहिक विवाह योजना: गरीब परिवारों के लिए सहारा

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को बेटी की शादी में आर्थिक सहायता प्रदान कर सामाजिक सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना है। सिद्धार्थनगर में आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता और एकता का उदाहरण बना।

सिद्धार्थनगर के बांसी तहसील के सामने काका बेकर्स में चोरी, 17 हजार नगद और CCTV DVR ले उड़े चोर

बांसी, सिद्धार्थनगर। बांसी तहसील के ठीक सामने और बांसी कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर स्थित काका बेकर्स में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। संवेदनशील इलाके में स्थित दुकान का पीछे का शटर तोड़कर चोर अंदर घुसे और नगदी समेत सीसीटीवी का डीवीआर लेकर फरार हो गए।

पीछे का शटर तोड़कर दुकान में घुसे चोर

दुकान मालिक के अनुसार, “चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से का शटर तोड़ा और देर रात अंदर प्रवेश किया। दुकान के भीतर रखे लगभग 17 हजार रुपये नगद और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके।”

सुबह जब दुकान मालिक मौके पर पहुंचे तो शटर टूटा देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

दुकान मालिक ने जताई नाराजगी

दुकान मालिक राहुल सिंह ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहाकि—

यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारी दुकान इतने संवेदनशील स्थान पर है। सामने तहसील है और थोड़ी दूरी पर कोतवाली, इसके बावजूद चोरी हो गई। चोर 17 हजार रुपये कैश और सीसीटीवी का डीवीआर उठा ले गए। हमने कोतवाली में तहरीर दे दी है। कोतवाल साहब मौके पर आए थे और घटनास्थल का मुआयना किया है।”

 सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

तहसील और कोतवाली के बेहद करीब स्थित दुकान में हुई इस चोरी की घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोगों में भी इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपियों को पकड़ने में सफल होती है।

क्षेत्र में दहशत का माहौल

इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भी डर का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि यदि तहसील और कोतवाली के सामने स्थित दुकान सुरक्षित नहीं है तो बाकी दुकानों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।