फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक की मांग, दवा दुकानों की बंदी का UWPA ने किया विरोध

सिद्धार्थनगर/लखनऊ। यूनाइटेड वेलफेयर फार्मासिस्ट एसोसिएशन (UWPA) ने ऑनलाइन दवा बिक्री का विरोध करते हुए दवा दुकानों की बंदी का समर्थन न करने का ऐलान किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि मरीजों को दवाओं की उपलब्धता बनाए रखना फार्मासिस्टों की पहली जिम्मेदारी है, इसलिए सभी दवा दुकानों को नियमित रूप से खुला रखने का निर्देश दिया गया है।

संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार शुक्ला ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि ऑनलाइन माध्यम से दवाओं की बिक्री मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उनका कहना है कि ऑनलाइन दवा विक्रय में दवाओं की गुणवत्ता, स्टोरेज, उपयोग की सावधानियां तथा संभावित एडवर्स ड्रग रिएक्शन की सही जानकारी मरीजों तक पहुंचाना संभव नहीं हो पाता, जिससे गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा हो सकते हैं।

उन्होंने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने की मांग की। साथ ही कहा कि दवाएं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के अंतर्गत आती हैं, इसलिए आम जनता तक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सभी फार्मासिस्टों का दायित्व है।

UWPA की ओर से यह भी कहा गया कि संगठन के फार्मासिस्ट साथी हाथों में काली पट्टी बांधकर ऑनलाइन दवा विक्रय का विरोध दर्ज करा रहे हैं, लेकिन मरीजों की सुविधा को देखते हुए दवा दुकानों को बंद नहीं किया जाएगा।

प्रदीप कुमार शुक्ला ने कहा कि कोविड काल में भी फार्मासिस्टों ने लगातार अपनी सेवाएं जारी रखीं और कठिन परिस्थितियों में जनता तक दवाएं पहुंचाने का कार्य किया। ऐसे में वर्तमान समय में भी मरीजों के हित को सर्वोपरि रखते हुए सभी दवा दुकानों को नियमित समय तक खुला रखने का आह्वान किया गया है।

फार्मासिस्ट संगठन ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य मरीजों की सुरक्षा, समय पर दवा उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता बनाए रखना है।

बेंगलुरु में महकेगा सिद्धार्थनगर का स्वाद, यूपी महोत्सव में धूम मचाएंगी कालानमक कुकीज

सिद्धार्थनगर। बुद्धभूमि सिद्धार्थनगर की खुशबू अब देश के बड़े मंच पर लोगों को आकर्षित करने जा रही है। जिले के प्रसिद्ध कालानमक चावल से तैयार विशेष कुकीज को बेंगलुरु में आयोजित होने वाले चार दिवसीय उत्तर प्रदेश महोत्सव में प्रदर्शित किया जाएगा। 21 से 24 मई तक The Art of Living Foundation के इंटरनेशनल सेंटर में होने वाले इस महोत्सव में सिद्धार्थनगर की कालानमक कुकीज प्रदेश के चुनिंदा पारंपरिक उत्पादों में शामिल रहेंगी।

“एक जनपद, एक व्यंजन” योजना के तहत आयोजित इस महोत्सव में उत्तर प्रदेश के 10 जिलों के विशेष उत्पादों को राष्ट्रीय मंच मिलेगा। सिद्धार्थनगर की कालानमक कुकीज को लेकर स्थानीय उद्यमियों और किसानों में खास उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि यह आयोजन जिले के पारंपरिक उत्पाद को देशभर में नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।

महोत्सव में आगरा का पेठा, झांसी की बालूशाही और लखनऊ की रेवड़ी जैसे प्रसिद्ध उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र होंगे। देश-विदेश से आने वाले लोग यहां उत्तर प्रदेश की संस्कृति और स्वाद का अनुभव करेंगे।

कालानमक कुकीज निर्माता डा. अजय राजत ने बताया कि सिद्धार्थनगर से भेजी गई कुकीज की खेप बेंगलुरु पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि यह अवसर न केवल कालानमक चावल को नई पहचान देगा, बल्कि जिले के किसानों और छोटे उद्यमियों के लिए रोजगार व व्यापार की नई संभावनाएं भी तैयार करेगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कालानमक चावल की खुशबू और स्वाद पहले ही लोगों को आकर्षित करता रहा है, अब उससे तैयार कुकीज राष्ट्रीय मंच पर सिद्धार्थनगर की अलग पहचान बनाने को तैयार हैं।

पेट्रोल पंपों पर प्रशासन अलर्ट

 

डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण, “नो हेलमेट-नो फ्यूल” के सख्त निर्देश

IMG 20260521 WA0968

अफवाहों और भीड़ की आशंका के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, CCTV और अग्निशमन उपकरणों की भी जांच

IMG 20260521 WA0965

सिद्धार्थनगर, 21 मई।

देश के कई हिस्सों में पेट्रोल-डीजल और गैस को लेकर फैल रही अफवाहों तथा पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ की स्थिति को देखते हुए सिद्धार्थनगर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता को निर्बाध ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने गुरुवार को थाना सिद्धार्थनगर क्षेत्र स्थित विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भारत पेट्रोल पंप तथा इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप मधुकरपुर पहुंचकर ईंधन वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में वितरण व्यवस्था बाधित न होने पाए और उपभोक्ताओं के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखा जाए।

वहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को “नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान का सख्ती से पालन कराने, भीड़ नियंत्रण बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने पेट्रोल पंप परिसर में लगे CCTV कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

प्रशासनिक टीम ने पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की स्थिति भी परखी और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है तथा आम जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं से बचें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।


डीएम-एसपी ने पेट्रोल पंपों का किया औचक निरीक्षण

 “नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान के दिए निर्देश

 CCTV कैमरों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच

 अग्निशमन उपकरणों की स्थिति भी परखी गई

 अफवाहों से बचने की प्रशासन ने की अपील

 जनपद में पर्याप्त ईंधन उपलब्ध होने का दावा

 

पेड़ की छांव बनी मौत, अनियंत्रित ई-रिक्शा ने छीनी मासूम की जिंदगी

सिद्धार्थनगर में दर्दनाक हादसा, 9 वर्षीय रिशाल की दबकर मौत, दादी गंभीर घायल
गर्मी से बचने पेड़ के नीचे बैठे थे लोग, अचानक पलटा ई-रिक्शा और मच गई चीख-पुकार


स्थान : ग्राम जगदीशपुर ग्रांट, चौराहा खास सोहास-नौगढ़ मार्ग, थाना क्षेत्र सदर, जनपद सिद्धार्थनगर


“जिस घर में गूंजती थी किलकारी, वहां पसरा मातम”
भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए पेड़ की छांव में बैठे लोगों को क्या पता था कि कुछ ही पल में वही जगह दर्दनाक हादसे का मंजर बन जाएगी। मासूम रिशाल की मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।
दर्दनाक हादसे से दहल उठा इलाका
सिद्धार्थनगर। जनपद के थाना क्षेत्र सिद्धार्थनगर सदर अंतर्गत ग्राम जगदीशपुर ग्रांट के चौराहा खास सोहास-नौगढ़ मार्ग पर गुरुवार लगभग 12:30 बजे  हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। सड़क किनारे पेड़ की छांव में बैठे लोगों पर अचानक एक अनियंत्रित ई-रिक्शा पलट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोहास की तरफ से आ रहा ई-रिक्शा अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे सड़क किनारे बैठे लोगों पर पलट गया। हादसे में फूला देवी पत्नी मुनिराज यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनका 9 वर्षीय पोता रिशाल पुत्र राजेंद्र यादव ई-रिक्शा के नीचे दब गया।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल इलाज के लिए माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मासूम रिशाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं फूला देवी का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि उनके शरीर में कई गंभीर चोटें आई हैं तथा हड्डियां भी टूट गई हैं।
हादसे की मुख्य बातें
अनियंत्रित ई-रिक्शा पलटने से बड़ा हादसा
9 वर्षीय मासूम रिशाल की दर्दनाक मौत
दादी फूला देवी गंभीर रूप से घायल
पुलिस ने चालक और ई-रिक्शा को लिया कब्जे में
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
इलाके में शोक और गम का माहौल
मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और ई-रिक्शा चालक सहित वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम रिशाल की मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।
पीड़ित परिवार के साथ खड़े दिखे जनप्रतिनिधि
घटना की जानकारी मिलते ही सदर विधायक श्यामधनी राही के प्रतिनिधि सत्य प्रकाश राही मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। घायल महिला के इलाज और पोस्टमार्टम प्रक्रिया में भी सहयोग करते नजर आए।
बढ़ते सड़क हादसे बने चिंता का विषय
जनपद में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे अब लोगों के लिए चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। अनियंत्रित ई-रिक्शा और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
 “एक पल की लापरवाही, उजड़ गया परिवार”
जिस मासूम की मुस्कान से घर रोशन रहता था, आज उसी के जाने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। गांव के लोगों की आंखें नम हैं और हर जुबान पर सिर्फ एक ही सवाल है — आखिर सड़क हादसों पर लगाम कब लगेगी?

जिले में मुख्यमंत्री ने की समीक्षा बैठक

सिद्धार्थनगर/लखनऊ, 20 मई 2026: माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ जी द्वारा प्रदेश की सड़कों के विकास एवं सड़क सुरक्षा को लेकर लोक निर्माण विभाग की वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में प्रदेश के सभी जनपदों के अधिकारी एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने निर्देशित किया कि प्रदेश की सभी सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कें विकास की आधारशिला हैं और बेहतर सड़क संपर्क से आमजन को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलती है। मुख्यमंत्री जी ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने तथा खराब एवं गड्ढायुक्त सड़कों को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए।

बैठक में सड़क सुरक्षा के संबंध में भी विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। सड़क संकेतक, डिवाइडर, रिफ्लेक्टर, स्ट्रीट लाइट एवं स्पीड ब्रेकर आदि की समुचित व्यवस्था किए जाने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाए जाएं तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा कार्यों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर माननीय सांसद डुमरियागंज श्री जगदंबिका पाल, जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी एन, पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अभिषेक महाजन मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम सिंह वह अन्य संबंधित उपस्थित थे।

महुआ पेट्रोल पंप पर कथित मारपीट का वीडियो वायरल, इलाके में चर्चा तेज

डीजल लेने को लेकर विवाद की चर्चा, सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा वीडियो

Screenshot 20260520 194935

सिद्धार्थनगर। जनपद के उसका बाजार थाना क्षेत्र स्थित महुआ इलाके के एक पेट्रोल पंप पर कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। कई स्थानीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और डिजिटल चैनलों पर भी यह मामला सुर्खियों में बना हुआ है।

स्थानीय चर्चाओं और वायरल दावों के मुताबिक, पेट्रोल पंप पर डीजल लेने के दौरान लाइन में गैलन लगाने को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि मामूली विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया और मौके पर धक्का-मुक्की तथा मारपीट जैसी स्थिति बन गई।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित वीडियो में कुछ युवक आपस में भिड़ते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में मौके पर अफरा-तफरी जैसा माहौल नजर आ रहा है। वहीं कुछ लोग बीच-बचाव करते भी दिखाई पड़ रहे हैं।

वायरल वीडियो को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया जा रहा है कि घटना के दौरान एक पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद था। हालांकि इस संबंध में पुलिस अथवा प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान सामने नहीं आया है।

सूत्रों के अनुसार मामले को लेकर शिकायत दिए जाने की भी चर्चा है, लेकिन इसकी पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं हो सकी है। थाना उसका बाजार पुलिस से संपर्क का प्रयास किया गया, मगर आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी।

सोशल मीडिया पर बढ़ी हलचल

वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच घटना को लेकर बहस और प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। कई लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर अलग-अलग दावे कर रहे हैं।

पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार

फिलहाल पूरे मामले में पुलिस के आधिकारिक पक्ष का इंतजार किया जा रहा है। प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई भी पुष्टि अथवा बयान जारी होने के बाद समाचार को अपडेट किया जाएगा।


यह समाचार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, स्थानीय चर्चाओं एवं उपलब्ध प्रारंभिक सूचनाओं के आधार पर तैयार किया गया है। वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि FT News Digital / चैनल द्वारा नहीं की जाती है। समाचार का उद्देश्य केवल उपलब्ध जानकारी को सार्वजनिक हित में प्रस्तुत करना है। किसी भी व्यक्ति को दोषी ठहराना उद्देश्य नहीं है। पुलिस अथवा प्रशासन की आधिकारिक पुष्टि के बाद तथ्यों में बदलाव संभव है।

 

24 घंटे में हत्या का खुलासा, पिता-पुत्र गिरफ्तार

पथरा बाजार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आला कत्ल बरामद

IMG 20260520 WA1404

सिद्धार्थनगर। जनपद के थाना पथरा बाजार क्षेत्र में हुई हत्या की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आला कत्ल भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर माननीय न्यायालय भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश वर्मा के पर्यवेक्षण में थाना पथरा बाजार पुलिस ने सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार थाना पथरा बाजार पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 37/2026 में धारा 115(2), 352, 351(3) बीएनएस के साथ बढ़ोत्तरी धारा 103(1) एवं 191(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। मामले में आरोपी बनाए गए सूर्यनाथ पाण्डेय एवं उनके पुत्र जलज पाण्डेय निवासी ग्राम बनगवा पड़ाइन थाना पथरा बाजार को पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त

सूर्यनाथ पाण्डेय पुत्र नगेश्वर पाण्डेय

जलज पाण्डेय पुत्र सूर्यनाथ पाण्डेय

निवासी — ग्राम बनगवा पड़ाइन, थाना पथरा बाजार, जनपद सिद्धार्थनगर।

पुलिस टीम रही सक्रिय

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ओमप्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रमाशंकर यादव, आरक्षी पप्पू यादव, पंकज सिंह एवं रिज़र्व कांस्टेबल अरुण कुमार शामिल रहे।

तेज कार्रवाई से बढ़ा पुलिस पर भरोसा

हत्या जैसी गंभीर वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर पुलिस ने अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

दहेज हत्या मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

थाना मोहाना पुलिस को मिली बड़ी सफलता

दहेज हत्या प्रकरण में वांछित आरोपी गिरफ्तार

ककरहवा-धनगड़वा मार्ग से दबोचा गया अभियुक्त

सिद्धार्थनगर। जनपद के थाना मोहाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को ककरहवा-धनगड़वा मार्ग स्थित पुलिया के पास से पकड़ते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद तथा क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियुक्त को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार थाना मोहाना पर पंजीकृत मु0अ0सं0 74/2026, धारा 80(2), 85 बीएनएस-2023 एवं 3/4 डीपी एक्ट से संबंधित मामले में आरोपी सोनू गुप्ता पुत्र रामसरन गुप्ता निवासी दुल्हा शुमाली टोला मंगरहिया थाना मोहाना को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस टीम ने अभियुक्त को 19 मई 2026 को ककरहवा-धनगड़वा जाने वाली सड़क स्थित पुलिया के पास से दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

जितेन्द्र सिंह

आरक्षी अशोक कुमार यादव

आरक्षी अनुज कुमार

आरक्षी आदर्श शुक्ला


: यह समाचार पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट के आधार पर प्रकाशित।

कहासुनी के बाद युवक की मौत से गांव में मातम

 

चिल्हिया थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव में युवक का शव फंदे से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

सारांश

सिद्धार्थनगर जनपद के चिल्हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीदापुर गौराबाजार गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार पारिवारिक कहासुनी के बाद युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुट गई है।IMG 20260520 100853

संवाददाता | सिद्धार्थनगर

जनपद के चिल्हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीदा पुर गौरा बाजारगांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।

Screenshot 20260520 101616

मृतक की पहचान प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। परिजनों द्वारा थाना चिल्हिया को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार बीते दिन किसी बात को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हुई थी। परिवार के मुताबिक विवाद के बाद पत्नी घर से कुछ दुरी पर बाजार में अपने रिश्तेदार के यहां चली गई थी, जिसके बाद युवक मानसिक तनाव में बताया जा रहा था।

Screenshot 20260520 101642

परिवार के लोगों का कहना है कि बुधवार सुबह जब घर वाले प्रदीप कुमार को जगाने पहुंचे तो कमरे के अंदर उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया। मृतक के वृद्ध माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था और उसका लगभग चार वर्षीय एक पुत्र भी है। वह शादी-विवाह समारोहों में कैटरिंग एवं सजावट का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

Screenshot 20260520 101845

घटना की सूचना मिलते ही थाना चिल्हिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा सभी तथ्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते नजर आए।

 


चिल्हिया थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव की घटना

 कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला युवक

 मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम

 परिजनों ने पुलिस को दिया प्रार्थना पत्र

चार वर्षीय पुत्र को छोड़ गया मृतक

कैटरिंग और सजावट का करता था कार्य

 गांव में पसरा मातम, जांच जारी


“पारिवारिक विवाद के बाद युवक की मौत, गांव में पसरा मातम”

 

उत्तर प्रदेश पशु चिकित्सा संघ की नई कार्यकारिणी का गठन

सिद्धार्थनगर में सर्वसम्मति से चुने गए पदाधिकारी, पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाने पर जोर

सिद्धार्थनगर।

उत्तर प्रदेश पशु चिकित्सा संघ, जिला इकाई सिद्धार्थनगर की जनपद कार्यकारिणी के गठन को लेकर विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक एवं चुनाव प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम में जिले के पशु चिकित्सा विभाग से जुड़े अधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।

यह चुनाव प्रक्रिया मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सिद्धार्थनगर डॉ. गणेश प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न कराई गई। बैठक में सभी सदस्यों की सहमति और सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

नवगठित कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद पर डॉ. जे.एल. चौधरी (पशु चिकित्सा अधिकारी, गौर डीह) को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं उपाध्यक्ष पद पर डॉ. राकेश कुमार चौधरी (पशु चिकित्सा अधिकारी, मिठवल) निर्वाचित हुए। महामंत्री पद पर लगातार दूसरी बार डॉ. महेंद्र तिवारी (पशु चिकित्सा अधिकारी, परसा हुसैन) को निर्विरोध चुना गया।

इसके अलावा संयुक्त मंत्री पद पर डॉ. प्रदीप कुमार (पशु चिकित्सा अधिकारी, देवरा बाजार), कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. देवेंद्र गौतम (पशु चिकित्सा अधिकारी, बैरवा नानकार) तथा केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य के रूप में डॉ. उपेंद्र शर्मा (पशु चिकित्सा अधिकारी, भनवापुर) और डॉ. राकेश कुमार गुप्ता (पशु चिकित्सा अधिकारी, बढ़नी) निर्वाचित किए गए।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी जनपद में पशु चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुदृढ़ और जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर डॉ. विनोद पांडे, डॉ. अखिलेश पांडे, डॉ. विजय प्रकाश, डॉ. अतुल प्रकाश, डॉ. फखरुद्दीन, डॉ. विजय वर्मा, डॉ. उपेंद्र शर्मा, डॉ. राजकमल यादव सहित कई वरिष्ठ चिकित्सकों एवं पशुधन प्रसार अधिकारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण कुमार प्रजापति ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।IMG 20260518 WA0942

बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, पशु चिकित्सा सेवाओं के विस्तार तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। नई कार्यकारिणी से जिले में पशु स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।