एक ही रात उजड़ गया परिवार,फर्श पर सो रहे पति-पत्नी की सर्पदंश से मौत,तीन मासूमों के सिर से उठा माता-पिता का साया
सिद्धार्थनगर/लोटन। लोटन कोतवाली क्षेत्र के हरिवंशपुर गांव में सोमवार की रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। फर्श पर बिस्तर बिछाकर सो रहे पति-पत्नी को जहरीले सांप ने डस लिया। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के लिए गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
हरिवंशपुर निवासी इजहार अहमद (30) पुत्र निजामुद्दीन अपनी पत्नी हशीमुन्निशा (28) और बच्चों के साथ रहते थे। बताया गया कि सोमवार रात भोजन करने के बाद दंपति ने रोज की तरह फर्श पर बिस्तर बिछाया और सो गए। मध्यरात्रि के बाद अचानक किसी जहरीले सांप ने इजहार को आंख के पास और उनकी पत्नी हशीमुन्निशा को हाथ में डस लिया।
सर्पदंश के बाद दोनों की हालत बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उन्हें सीएचसी लोटन लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया। वहां भी स्थिति नाजुक देख डॉक्टरों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर गोरखपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
तीन मासूमों के सिर से एक साथ उठा मां-बाप का साया
इजहार और हशीमुन्निशा अपने पीछे एक बेटे और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। तीनों बच्चे अभी बेहद कम उम्र के हैं। माता-पिता की एक साथ मौत से बच्चों के सिर से मां-बाप का साया उठ गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलने पर हल्का लेखपाल मनोज कुमार, शिव शंकर यादव, संजय प्रकाश और अखिलेश यादव मौके पर पहुंचे। लेखपाल मनोज कुमार ने बताया कि वह तहसीलदार के निर्देश पर मौके पर पहुंचे हैं और परिजनों से घटना की जानकारी ली जा रही है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
सत्यपाल सिंह कौशिक को कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट लेखन का लंबा अनुभव है। वर्तमान में कौशिक जी FT NEWS DIGITAL में डिजिटल मीडिया सह- संपादक के पद पर कार्यरत हैं।
