फ्रेंड्स टाइम्स
Breaking News
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह इटवा पहुंचकर कुश्ती प्रतियोगिता का किया उद्घाटन

इटवा, सिद्धार्थनगर। कुश्ती संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह आज अपने निजी हेलिकॉप्टर से इटवा पहुंचकर बांसी बस स्टैंड के पास आयोजित दो दिवसीय भव्य कुश्ती प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, स्थानीय नागरिक और विभिन्न राज्यों से आए पहलवान उपस्थित रहे

खिलाड़ियों को किया सम्बोधित 

अपने संबोधन में बृजभूषण शरण सिंह ने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ मुकाबला करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कुश्ती केवल शारीरिक शक्ति का खेल नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता और रणनीति का भी प्रतीक है।

उन्होंने यह भी कहा कि देश में कुश्ती की समृद्ध परंपरा रही है और आज भारतीय पहलवान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

पूर्व मंत्री ने किया स्वागत

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने कहा कि कुश्ती भारत की पारंपरिक और गौरवशाली खेल विरासत का अहम हिस्सा है। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हैं।

दो दिवसीय होगी प्रतियोगिता 

आयोजक हरिशंकर सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता दो दिनों तक चलेगी। इसमें देश के ख्याति प्राप्त पहलवान विभिन्न भार वर्गों में अपने दांव-पेंच का प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और क्षेत्रीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार और सम्मान पत्र प्रदान किए जाएंगे।

ये लोग रहे मौजूद

इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख बलराम मिश्रा, बीजेपी जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, रामकुमार कुंवर, विकास जायसवाल, अजय गुप्ता, प्रदीप कसौधन, पप्पू सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।

इटावा में पत्नी ने पति को कुल्हाड़ी से काटा

इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी पत्नी अपनी दोनों बेटियों को लेकर मौके से फरार हो गई। इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और घर में कोहराम मच गया।

पड़ियापुर गांव का मामला

जानकारी के अनुसार, भरथना थाना क्षेत्र के पड़ियापुर गांव निवासी रणवीर सिंह यादव (45) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घर में खून फैला मिला और घटनास्थल से एक कुल्हाड़ी भी बरामद हुई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

प्रेम संबंध को लेकर हत्या का आरोप

मृतक के भाई लालू यादव ने आरोप लगाया कि रणवीर की शादी वर्ष 2018 में पूजा से हुई थी और उनकी दो बेटियां हैं। उन्होंने बताया कि पूजा का अर्पित नामक युवक से प्रेम संबंध था। परिवार को इस बारे में जानकारी भी दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रणवीर की हत्या कर दी और बच्चियों को लेकर फरार हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम

घटना की सूचना मिलते ही भरथना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को कब्जे में ले लिया है। एसपी ग्रामीण सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

क्या बोले अपर पुलिस अधीक्षक?

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पड़ियापुर गांव में हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया परिजनों ने पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया है।

गांव में तनाव, पुलिस अलर्ट

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और दोनों बच्चियों की सुरक्षित बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं।

error: कोई भी कंटेंट कॉपी न करें, नहीं तो आप पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।